बिजली की बढ़ती मांग से दौड़ सकते हैं ये शेयर, इन 4 ट्रांसफॉर्मर स्टॉक्स पर रखें नजर; ₹29,872 करोड़ तक का मजबूत ऑर्डर बुक

भारत में बढ़ती बिजली मांग, रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता विस्तार और ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश के चलते ट्रांसफॉर्मर सेक्टर चर्चा में है. हिताची एनर्जी इंडिया और ट्रांसफॉर्मर्स एंड रेक्टिफायर्स इंडिया जैसी कंपनियों के पास मजबूत ऑर्डर बुक है. कुछ कंपनियों का ऑर्डर बैकलॉग 29,872 करोड़ रुपये से लेकर 157 अरब रुपये तक पहुंच चुका है. ग्रिड नेटवर्क और सबस्टेशन विस्तार से इन कंपनियों के कारोबार में ग्रोथ की उम्मीद है.

ट्रांसफॉर्मर स्टॉक Image Credit: Canva/ Money9

Transformer Stocks India: भारत में तेजी से बढ़ती बिजली की मांग, रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता में विस्तार और ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ते निवेश के चलते ट्रांसफॉर्मर इंडस्ट्री एक बार फिर सुर्खियों में है. सौर और पवन ऊर्जा परियोजनाओं की संख्या बढ़ रही है, लेकिन केवल उत्पादन क्षमता बढ़ाने से काम नहीं चलेगा. बिजली को घरों, उद्योगों और शहरों तक सुरक्षित और कुशल तरीके से पहुंचाने के लिए मजबूत ग्रिड नेटवर्क, सबस्टेशन और ट्रांसफॉर्मर जरूरी हैं. यही वजह है कि ट्रांसफॉर्मर बनाने वाली भारतीय कंपनियों के पास इन दिनों भारी ऑर्डर बुक है. आने वाले वर्षों में बिजली डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के विस्तार के साथ इन कंपनियों के कारोबार में तेज बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है. आइए जानते हैं ऐसी 4 प्रमुख भारतीय कंपनियों के बारे में, जो इस समय निवेशकों की नजर में हैं.

हिताची एनर्जी इंडिया

इस सूची में पहला नाम हिताची एनर्जी इंडिया का है. कंपनी ग्रिड ऑटोमेशन, ग्रिड इंटीग्रेशन, ट्रांसफॉर्मर्स और हाई-वोल्टेज प्रोडक्ट्स जैसे क्षेत्रों में काम करती है. कंपनी रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन में भी बड़ी भूमिका निभा रही है. गुजरात स्थित मानेजा प्लांट में कंपनी ने 100 एमवीए, 132 केवी स्कॉट कनेक्टेड ट्रांसफॉर्मर तैयार किए, जो भारतीय रेलवे के लिए अहम उपलब्धि माने गए. कंपनी की मजबूत स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके ट्रांसफॉर्मर हर तीन में से एक भारतीय रेलवे लोकोमोटिव को ऊर्जा देते हैं. दिसंबर तिमाही के अनुसार कंपनी का ऑर्डर बैकलॉग 29,872.2 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है.

वोल्टैम्प ट्रांसफॉर्मर्स

वोल्टैम्प ट्रांसफॉर्मर्स भारत की स्थापित कंपनियों में गिनी जाती है और इसे इस क्षेत्र में 62 वर्षों से अधिक का अनुभव है. कंपनी के 80,000 से ज्यादा इंस्टॉलेशन घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मौजूद हैं. यह कंपनी ऑयल-फिल्ड पावर ट्रांसफॉर्मर, ड्राई टाइप ट्रांसफॉर्मर, कॉम्पैक्ट सबस्टेशन और रिंग मेन यूनिट्स बनाती है. कंपनी बिजली, तेल एवं गैस, पेट्रोकेमिकल, स्टील, सीमेंट, डेटा सेंटर और ग्रीन एनर्जी सेक्टर को सर्विस देती है. इक्विटीमास्टर की रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी 2026 तक कंपनी के पास 9.4 अरब रुपये की शुरुआती ऑर्डर बुक थी, जबकि अप्रैल 2025 के बाद 19.8 अरब रुपये के नए ऑर्डर मिले है.

सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस

सीजी पावर दुनिया की शीर्ष ट्रांसफॉर्मर कंपनियों में शामिल है. कंपनी पावर ट्रांसफॉर्मर, जेनरेटर ट्रांसफॉर्मर, ऑटो ट्रांसफॉर्मर, लोकोमोटिव ट्रांसफॉर्मर और सोलर ट्रांसफॉर्मर जैसे कई प्रोडक्ट बनाती है. 31 दिसंबर 2025 तक कंपनी का अनएक्जीक्यूटेड ऑर्डर बैकलॉग 157.53 अरब रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 62 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दिखाता है.

ट्रांसफॉर्मर्स एंड रेक्टिफायर्स इंडिया

यह कंपनी भारत में ट्रांसफॉर्मर और रिएक्टर निर्माण क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों में शामिल है. इसका पोर्टफोलियो 500 एमवीए और 1200 केवी तक के पावर ट्रांसफॉर्मर, फर्नेस ट्रांसफॉर्मर, डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर और लोकोमोटिव ट्रैक्शन ट्रांसफॉर्मर तक फैला है. 31 दिसंबर 2025 तक कंपनी की ऑर्डर बुक 54.5 अरब रुपये रही है.

यह भी पढ़ें: JIO के IPO पर बड़ा अपडेट, इस महीने ड्राफ्ट पेपर फाइल कर सकती है RIL; जानें- क्या है तैयारी

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.