डील करो या अंजाम भुगतो, ट्रंप ने ईरान को दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम; सोमवार को शेयर मार्केट में बड़ी हलचल की उम्मीद

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ा दी है. डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 48 घंटे का अल्टीमेटम दिए जाने के बाद होर्मुज स्ट्रेट और तेल सप्लाई को लेकर चिंता गहराई है. इस जियोपॉलिटिकल संकट का सीधा असर शेयर मार्केट पर पड़ सकता है, जहां सोमवार को भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. यदि हालात बिगड़ते हैं तो बाजार में गिरावट का दबाव बढ़ेगा, वहीं सकारात्मक डील की स्थिति में तेजी भी संभव है.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप. Image Credit: money9live

Donald Trump Warning Iran: पश्चिम एशिया में जारी तनाव अब एक खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है, जहां अमेरिका और ईरान के बीच तनाव तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है. इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 48 घंटे के भीतर समझौता नहीं हुआ, तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. यह बयान ऐसे समय में आया है जब 6 अप्रैल की डेडलाइन नजदीक है और दोनों देशों के बीच कूटनीतिक प्रयास विफल होते दिख रहे हैं. इस घटनाक्रम ने वैश्विक बाजारों, खासकर एनर्जी सप्लाई और तेल कीमतों को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

48 घंटे का अल्टीमेटम

डोनाल्ड ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि ईरान उनकी शर्तें नहीं मानता, तो “भीषण परिणाम” सामने आएंगे. उन्होंने ईरान से होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने की मांग की है, जो वैश्विक तेल आपूर्ति का एक अहम मार्ग है. ट्रंप ने पहले भी 10 दिन का समय दिया था, जो अब खत्म होने के करीब है. ट्रंप ने Truth Social पर लिखा कि, “याद है जब मैंने ईरान को 10 दिन का समय दिया था कि वह समझौता करे और होर्मुज स्ट्रेट को खोल दे. समय तेजी से खत्म हो रहा है- 48 घंटे के भीतर उन पर भयानक परिणाम टूट पड़ेंगे.”

होर्मुज स्ट्रेट बना टकराव का केंद्र

इस पूरे विवाद के केंद्र में होर्मुज स्ट्रेट है, जो दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है. यहां से वैश्विक तेल और गैस सप्लाई का बड़ा हिस्सा गुजरता है. ईरान द्वारा इस मार्ग पर प्रभावी नियंत्रण या बाधा डालने से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में चिंता बढ़ गई है. यदि यह मार्ग लंबे समय तक प्रभावित रहता है, तो दुनिया भर में ऊर्जा संकट गहरा सकता है और सप्लाई चेन पर भी असर पड़ सकता है.

बाजार पर दिख सकता है असर

ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव पर पूरी दुनिया की नजर टिकी हुई है. जैसा कि ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को चेतावनी दी है, अगर 48 घंटे में डील नहीं होती है तो अमेरिका कड़ा कदम उठा सकता है. ऐसे में सोमवार को मार्केट में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है. हालांकि, अगर 48 घंटे में कोई सकारात्मक प्रगति होती है और दोनों देश डील की दिशा में आगे बढ़ते हैं, तो सोमवार को मार्केट में सकारात्मक रुख देखने को मिल सकता है.

यह भी पढ़ें: 65% तक उछल सकता है ये मेटल स्टॉक! ब्रोकरेज ने टारगेट प्राइस के साथ बताई वजहें, जानें रिस्क फैक्टर भी