104% मुनाफा बढ़ने के बाद मुकुल अग्रवाल वाले इस स्टॉक में लगा अपर सर्किट, आई 20% की रैली

शानदार Q3 नतीजों के बाद पंप और पंपिंग सिस्टम्स वाली इस कंपनी के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली. 104 फीसदी मुनाफा बढ़ने और दिग्गज निवेशक मुकुल अग्रवाल की बढ़ती हिस्सेदारी के चलते शेयर एक ही दिन में 20 फीसदी उछलकर अपर सर्किट पर पहुंच गया. जानें कैसी है रिटर्न हिस्ट्री.

मुकुल अग्रवाल वाला स्टॉक Image Credit: @Money9live

Mukul Agarwal Stock Upper Circuit: पंप और पंपिंग सिस्टम्स के पूरे वैल्यू चेन में काम करने वाली कंपनी WPIL लिमिटेड के शेयर इन दिनों निवेशकों के बीच खास चर्चा में हैं. शानदार तिमाही नतीजों के बाद कंपनी के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है. इंडस्ट्रियल यूनिट्स, पावर यूटिलिटीज, सिंचाई विभाग और वॉटर सप्लाई प्रोजेक्ट्स को टर्नकी आधार पर पूरा करने वाली इस कंपनी ने चालू तिमाही में ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसने बाजार का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.

मुकुल अग्रवाल की बढ़ती हिस्सेदारी

इस तेजी की एक बड़ी वजह दिग्गज निवेशक मुकुल महावीर अग्रवाल की लगातार बढ़ती हिस्सेदारी भी है. पिछले दो सालों में उन्होंने इस कंपनी में धीरे-धीरे अपना भरोसा और निवेश दोनों बढ़ाया है. मार्च 2023 में जहां उनकी हिस्सेदारी 1.16 फीसदी थी, वहीं दिसंबर 2025 तक यह बढ़कर 1.54 फीसदी हो गई. यह साफ संकेत देता है कि वह लंबे समय के लिए इस स्टॉक पर भरोसा जता रहे हैं.

शेयर का प्रदर्शन

3,884 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली WPIL लिमिटेड के शेयर सोमवार, 2 फरवरी को 20 फीसदी की तेजी के साथ अपर सर्किट पर पहुंच गए. शेयर का भाव दिन के कारोबार में 438 रुपये के उच्च स्तर तक गया, जो इसके पिछले बंद भाव 365 रुपये से काफी ऊपर है. हालांकि, बाद में बाजार बंद होने तक स्टॉक में थोड़ी गिरावट आई और 9 फीसदी की तेजी के साथ 397.75 रुपये पर बंद हुआ. लंबी अवधि के नजरिए से देखें तो इस स्टॉक ने निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दिया है. बीते 5 सालों में WPIL के शेयर ने करीब 554 फीसदी का रिटर्न दिया है, जबकि इसी दौरान निफ्टी 50 सिर्फ 67 फीसदी ही चढ़ पाया. तीन साल की बात करें तो इस दौरान स्टॉक में 250 फीसदी तक की तेजी आ चुकी है.

Q3 में शानदार प्रदर्शन

कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (Q3 FY26) में दमदार नतीजे पेश किए हैं. WPIL लिमिटेड की ऑपरेटिंग रेवेन्यू 538.72 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की इसी तिमाही (Q3 FY25) के 381.60 करोड़ रुपये के मुकाबले 41 फीसदी ज्यादा है. वहीं, तिमाही आधार पर भी कंपनी की आय में 26 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

बढ़ा मुनाफा

मुनाफे के मोर्चे पर कंपनी ने सभी को चौंका दिया. Q3 FY26 में कंपनी का नेट प्रॉफिट 75.58 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के 37.07 करोड़ रुपये के मुकाबले 104 फीसदी की जबरदस्त छलांग है. तिमाही दर तिमाही आधार पर भी मुनाफा 46 फीसदी बढ़ा है, जो 51.81 करोड़ रुपये से बढ़कर मौजूदा स्तर पर पहुंचा. खर्चों की बात करें तो कंपनी का कुल खर्च Q3 FY26 में 447.68 करोड़ रुपये रहा, जो साल-दर-साल आधार पर 27 फीसदी ज्यादा है. हालांकि, कंपनी की बिक्री की रफ्तार खर्चों से ज्यादा रही, जिससे ऑपरेटिंग लीवरेज का बड़ा फायदा मिला और मुनाफा दोगुना हो गया.

मजबूत ऑर्डर बुक

कंपनी के पास इस समय 1,077.5 करोड़ रुपये की मजबूत ऑर्डर बुक है. इसमें से 655.5 करोड़ रुपये के ऑर्डर इंटरनल क्लाइंट्स से जुड़े हैं, जबकि बाकी 422 करोड़ रुपये घरेलू ग्राहकों से मिले हैं. यह ऑर्डर बुक आने वाले समय में कंपनी की ग्रोथ को सपोर्ट करती दिख रही है. WPIL लिमिटेड पिछले 65 साल से ज्यादा समय से पंप और पंपिंग सिस्टम्स के क्षेत्र में काम कर रही है. कंपनी की मौजूदगी सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट यूके, इटली, फ्रांस, स्विट्जरलैंड, साउथ अफ्रीका, जाम्बिया, ऑस्ट्रेलिया और थाईलैंड जैसे देशों में फैले हुए हैं. कुल 12 मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स के जरिए कंपनी डिजाइन से लेकर प्रोडक्शन और डिलीवरी तक पूरा काम खुद करती है.

सेगमेंट्स से आई मजबूती

रेवेन्यू सेगमेंट की बात करें तो पंप्स और एक्सेसरीज सेगमेंट से कंपनी ने Q3 FY26 में करीब 298 करोड़ रुपये की कमाई की. यह पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 34 फीसदी ज्यादा है. वहीं, Q2 FY26 की तुलना में इसमें 20 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई. वहीं, प्रोजेक्ट (वर्क्स कॉन्ट्रैक्ट) सेगमेंट में कंपनी का प्रदर्शन और भी मजबूत रहा. इस सेगमेंट से Q3 FY26 में करीब 241 करोड़ रुपये का रेवेन्यू आया, जो पिछले साल के 159 करोड़ रुपये से 51 फीसदी ज्यादा है. तिमाही आधार पर भी इसमें 35 फीसदी की तेजी देखने को मिली.

ये भी पढ़ें- सरकार नवरत्न कंपनियों PFC और REC के मर्जर पर कर रही विचार, दो दिन में इतना उछल गए शेयर

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.

Latest Stories

हफ्ते भर में कमाना है मुनाफा! इन 3 शेयरों में आ सकती है 12% तक की तेजी, रिसर्च एनालिस्ट ने बताए नाम

सरकार नवरत्न कंपनियों PFC और REC के मर्जर पर कर रही विचार, दो दिन में इतना उछल गए शेयर

Nifty Outlook Feb 3: शॉर्ट टर्म में इस लेवल तक बढ़ सकती है पुलबैक रैली, ब्रॉडर ट्रेंड कमजोर, 200-DMA तय करेगा नेक्स्ट मूव

ट्रेडिंग के शोर से दूर कैपिटल मार्केट बूम में चुपचाप पैसा बना रहे ये 3 ‘डार्क हॉर्स’ स्टॉक, जानें क्या करती हैं ये कंपनियां

Closing Bell: सेंसेक्स 900 अंक उछलकर और निफ्टी 25000 के ऊपर बंद, एनर्जी, इंफ्रा, रियल्टी के शेयर चमके; निवेशकों ने कमाए 5 लाख करोड़

STT का झटका: 1 अप्रैल से फ्यूचर्स ट्रेडिंग हो जाएगा महंगा, जेब पर सीधा असर, हर ट्रेड पर कितना देना होगा टैक्स