सावधान! मार्केट में आ गया नया मैलवेयर, Android God Mode से मोबाइल हैक कर रहे साइबर ठग; चेतावनी जारी
देश में साइबर ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी के बीच अब Android God Mode नाम का नया खतरनाक मैलवेयर सामने आया है. साइबर अपराधी इस मैलवेयर के जरिए लोगों के स्मार्टफोन को हैक कर रहे हैं और उनकी निजी और बैंकिंग जानकारी चुरा रहे हैं. सरकारी एजेंसियों ने इसे लेकर अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

Android God Mode Cyber Fraud: देश में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच सरकार ने एक नए तरह के खतरनाक Android मैलवेयर को लेकर चेतावनी जारी की है. “Android God Mode” नाम का यह मैलवेयर लोगों के मोबाइल फोन पर पूरा कंट्रोल हासिल कर सकता है और उनकी निजी और वित्तीय जानकारी चोरी कर सकता है. इस मैलवेयर की मदद से साइबर अपराधी को लोगों को चूना लगा रहे हैं.
“Android God Mode” से बढ़ा खतरा
गृह मंत्रालय और साइबर एजेंसियों के अनुसार, यह मैलवेयर फर्जी ऐप्स के जरिए लोगों के फोन में पहुंचता है. ये ऐप्स खुद को SBI YONO, RTO चालान, जीवन प्रमाण पत्र या कस्टमर सपोर्ट जैसे भरोसेमंद ऐप्स के रूप में दिखाते हैं. यूजर्स को इन्हें डाउनलोड करने के लिए बहकाया जाता है, जिससे वे आसानी से ठगी का शिकार बन जाते हैं.
Accessibility अनुमति का गलत इस्तेमाल
यह मैलवेयर खासतौर पर फोन की Accessibility अनुमति का दुरुपयोग करता है. एक बार अनुमति मिल जाने के बाद यह डिवाइस पर लगभग पूरा कंट्रोल हासिल कर लेता है. इसके जरिए हैकर्स बिना जानकारी के आपके बैंक डिटेल, पासवर्ड और अन्य निजी डेटा चुरा सकते हैं.
लोगों के लिए जरूरी सावधानियां
सरकार ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है. केवल आधिकारिक Google Play Store या भरोसेमंद सोर्स से ही ऐप डाउनलोड करें. किसी भी अनजान या संदिग्ध ऐप को Accessibility अनुमति न दें. लिंक, WhatsApp या APK फाइल के जरिए आने वाले ऐप्स से बचें. अगर कोई संदिग्ध ऐप दिखे, तो उसे तुरंत हटाएं और उसकी अनुमतियों की जांच करें.
ठगी के बाद क्या करें?
यदि आप किसी भी प्रकार के साइबर अपराध का शिकार हो जाते हैं, जैसे ऑनलाइन ठगी, बैंक फ्रॉड, फर्जी ऐप के जरिए डेटा चोरी या किसी भी तरह की डिजिटल धोखाधड़ी, तो तुरंत कार्रवाई करना बेहद जरूरी है. ऐसे मामलों में देरी करने से नुकसान बढ़ सकता है और पैसे या जानकारी वापस पाना मुश्किल हो सकता है. सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत कॉल करके आप अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जहां आपकी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाता है और संबंधित एजेंसियों को तुरंत कार्रवाई के लिए सूचित किया जाता है. इसके अलावा, आप आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर भी रिपोर्ट कर सकते हैं.