₹127 करोड़ की ठगी करने वाले 104 ठग गिरफ्तार, UP-बिहार समेत 16 राज्यों में फैला था नेटवर्क, ऐसे चलता था ठगी का खेल
हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने ‘ऑपरेशन ऑक्टोपस’ के तहत 10 दिन की बड़ी कार्रवाई में देशभर से 104 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है. निवेश, ट्रेडिंग और डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 127 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले इस गिरोह के 151 बैंक खातों का खुलासा हुआ है. पुलिस ने 16 राज्यों में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में सबूत भी जब्त किए.
OPERATION OCTOPUS: हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने 10 दिनों तक चले विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ऑक्टोपस’ के तहत देशभर में छापेमारी कर 104 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. ये आरोपी निवेश, ट्रेडिंग और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर फ्रॉड में शामिल थे. जांच में सामने आया कि इनसे जुड़े 151 बैंक खातों के जरिए करीब 127 करोड़ रुपये की ठगी की गई थी. पुलिस ने डिजिटल फॉरेंसिक और बैंक ट्रांजैक्शन विश्लेषण की मदद से अवैध पैसों के लेन-देन का पूरा नेटवर्क खंगाला.
यह भी पढ़ें: ओटीपी बना साइबर ठगों का सबसे बड़ा हथियार, हर चार में से 1 फ्रॉड OTP से, साइबर अपराध में तेलंगाना टॉप पर
16 राज्यों में एक साथ छापेमारी
इस अभियान के तहत 32 विशेष टीमों ने 16 राज्यों में छापे मारे. इन राज्यों में महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, आंध्र प्रदेश, असम, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और ओडिशा शामिल हैं. छापेमारी के दौरान पुलिस ने 36 लाख रुपये नकद, 204 मोबाइल फोन, 141 सिम कार्ड, 152 बैंक पासबुक, 234 डेबिट और क्रेडिट कार्ड, 26 लैपटॉप और 56 मुहरें बरामद कीं.
ऐसे चलता था ठगी का खेल
गिरफ्तार आरोपियों में 86 म्यूल अकाउंट होल्डर शामिल हैं, जो अपने बैंक खातों को पैसों की हेराफेरी के लिए इस्तेमाल करने देते थे. 17 लोग ऐसे थे जो बैंक खातों की जानकारी और दस्तावेज जुटाते थे. इसके अलावा बंधन बैंक का एक रिलेशनशिप मैनेजर भी गिरफ्तार किया गया है, जिस पर फर्जी खाते खुलवाने में मदद करने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी देशभर में दर्ज कम से कम 1,055 साइबर क्राइम मामलों से जुड़े हुए हैं.
लोगों से सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान निवेश ऑफर, ज्यादा मुनाफा देने का दावा करने वाले ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म और खुद को पुलिस या जांच एजेंसी बताकर पैसे मांगने वाले कॉल से सावधान रहें. अगर कोई साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं. पुलिस ने कहा है कि जैसे-जैसे नए सुराग मिलेंगे, आगे भी छापेमारी जारी रहेगी.
