10 अप्रैल से टोल प्लाजा पर बड़ा बदलाव, कैश पूरी तरह बंद; अब ऐसे करना होगा पेमेंट

अब तक कई लोग टोल प्लाजा पर कैश देकर पेमेंट करते थे, जिससे लंबी लाइनें लगती थीं और समय भी ज्यादा लगता था. लेकिन अब सरकार ने अब इस व्यवस्था को पूरी तरह से बदलने के लिए एक अधिसूचना जारी की है. आने वाले दिनों में टोल प्लाजा पर कैश से पेमेंट की सुविधा पूरी तरह खत्म कर दी जाएगी.

टोल टैक्स Image Credit: @tv9

Cashless Toll: देश में डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है और अब इसका असर टोल प्लाजा पर भी साफ दिखाई देने वाला है. अब तक कई लोग टोल प्लाजा पर कैश देकर पेमेंट करते थे, जिससे लंबी लाइनें लगती थीं और समय भी ज्यादा लगता था. सरकार ने अब इस व्यवस्था को पूरी तरह से बदलने के लिए एक अधिसूचना जारी की है. आने वाले दिनों में टोल प्लाजा पर कैश से पेमेंट की सुविधा पूरी तरह खत्म कर दी जाएगी. इसका मकसद सफर को आसान बनाना, ट्रैफिक जाम को कम करना है.

10 अप्रैल से कैश पूरी तरह बंद

सरकार ने नोटिफाई किया है कि 10 अप्रैल से देशभर के नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा पर कैश से भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा. अब सभी पेमेंट सिर्फ डिजिटल माध्यम से ही होंगे. टोल प्लाजा पर अब केवल FASTag और UPI जैसे डिजिटल तरीकों से ही पेमेंट किया जा सकेगा. इससे गाड़ियों की आवाजाही तेज होगी और लंबी कतारों से छुटकारा मिलेगा.

क्यों लिया गया यह फैसला

इस कदम का मकसद टोल प्लाजा पर भीड़ कम करना, समय बचाना और पेमेंट को आसान बनाना है. इससे पारदर्शिता भी बढ़ेगी और सिस्टम ज्यादा व्यवस्थित होगा. यह नियम देशभर के 1,150 से ज्यादा टोल प्लाजा पर लागू किया जाएगा, जिससे पूरे नेटवर्क में एक जैसा सिस्टम लागू हो सके.

टोल दरों में भी बदलाव

इसी बीच कुछ टोल दरों में भी बढ़ोतरी की गई है. नेशनल हाईवे पर टोल करीब 10 प्रतिशत तक बढ़ाया गया है. वहीं उत्तर प्रदेश के एक्सप्रेसवे पर 1.5 प्रतिशत से 3.5 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है. लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर अब कार और SUV के लिए टोल 665 रुपये से बढ़कर 675 रुपये हो गया है. दोपहिया वाहनों के लिए यह 330 रुपये से बढ़कर 335 रुपये हो गया है. गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर भी चार पहिया वाहनों के लिए 295 रुपये और दोपहिया के लिए 145 रुपये तय किए गए हैं.

यह भी पढ़ें: ईरान का बड़ा हमला! UAE के गैस प्लांट और कुवैत रिफाइनरी पर वार, गहराया वैश्विक ऊर्जा संकट