रेलवे स्टेशन-एयरपोर्ट पर फोन चार्ज करना पड़ सकता है भारी, जानें क्या है ठगी का नया तरीका Juice Jacking, ऐसे रहें सेफ

रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर फोन चार्ज करना अब जोखिम भरा हो सकता है. “जूस जैकिंग” नाम का साइबर फ्रॉड तेजी से बढ़ रहा है, जिसमें पब्लिक USB चार्जिंग पोर्ट के जरिए हैकर्स आपके फोन का डेटा चुरा सकते हैं या मालवेयर इंस्टॉल कर सकते हैं. ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही आपकी निजी जानकारी को खतरे में डाल सकती है.

Juice Jacking Cyber Fraud Image Credit: @AI/Money9live

Juice Jacking Cyber Fraud: स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है, लेकिन चार्जिंग की सुविधा कभी-कभी खतरा भी बन सकती है. “Juice Jacking” नाम का एक साइबर फ्रॉड तेजी से चर्चा में है, जिसमें हैकर्स पब्लिक USB चार्जिंग स्टेशनों के जरिए लोगों के मोबाइल से डेटा चुरा सकते हैं या उसमें मालवेयर इंस्टॉल कर सकते हैं. साइबर सुरक्षा एजेंसियों ने भी लोगों को इस खतरे को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है.

ये होता क्या है?

Juice Jacking एक साइबर अटैक है, जिसमें पब्लिक जगहों जैसे एयरपोर्ट, मॉल, रेलवे स्टेशन या कैफे में लगे USB चार्जिंग पोर्ट का इस्तेमाल करके यूज़र के डिवाइस तक पहुंच बनाई जाती है. USB केबल सिर्फ चार्जिंग ही नहीं, बल्कि डेटा ट्रांसफर भी करता है. इसी का फायदा उठाकर हैकर्स डिवाइस में घुसपैठ कर सकते हैं.

ठगी कैसे होती है?

इस साइबर फ्रॉड में हैकर्स पब्लिक USB पोर्ट या केबल को पहले से ही “कम्प्रोमाइज” कर देते हैं.

जब कोई व्यक्ति अपना फोन चार्ज करने के लिए इसमें लगाता है, तब डिवाइस से डेटा चुपचाप कॉपी किया जा सकता है या फोन में मालवेयर इंस्टॉल हो सकता है. कुछ मामलों में हैकर्स फोन पर कंट्रोल भी हासिल कर सकते हैं. विशेषज्ञों के मुताबिक, संशोधित केबल या पोर्ट में छिपे चिप्स के जरिए यह हमला किया जा सकता है, जिससे यूजर को पता भी नहीं चलता.

बचाव के तरीके

इस खतरे से बचना आसान है, बस थोड़ी सावधानी जरूरी है:

  • हमेशा अपना चार्जर और केबल इस्तेमाल करें
  • USB पोर्ट की बजाय सीधे बिजली के सॉकेट से चार्ज करें
  • “USB data blocker” (डेटा ब्लॉकर) का उपयोग करें
  • फोन कनेक्ट करते समय “data transfer” की अनुमति न दें
  • अपने मोबाइल का सॉफ्टवेयर अपडेट रखें

अनजान चार्जिंग केबल या पब्लिक पोर्ट से बचना ही सबसे सुरक्षित तरीका है. Juice Jacking भले ही हर जगह आम न हो, लेकिन यह एक संभावित साइबर खतरा जरूर है. थोड़ी सी लापरवाही आपकी निजी जानकारी को खतरे में डाल सकती है. इसलिए अगली बार जब आप पब्लिक USB चार्जिंग स्टेशन इस्तेमाल करें, तो सावधानी जरूर बरतें.