WhatsApp पर जल्द आ सकता है पेड सब्सक्रिप्शन, एक्सक्लूसिव फीचर्स के लिए देने पड़ेंगे पैसे; जानें डिटेल्स

WhatsApp एक ऑप्शनल प्रीमियम सब्सक्रिप्शन प्लान पर काम कर रहा है, जिसमें यूजर्स को एक्सक्लूसिव फीचर्स, ज्यादा कस्टमाइजेशन और बेहतर कंट्रोल मिल सकता है. हालांकि, ऐप का बेसिक वर्जन पहले की तरह पूरी तरह फ्री रहेगा. जानें क्या है नया प्लान और इसपर मिलने वाले फायदे.

WhatsApp का प्रीमियम प्लान Image Credit: @Money9live

WhatsApp and Premium Paid Subscription: WhatsApp जल्द ही अपने यूजर्स को ऐप के लिए पैसे चुकाने की एक नई वजह दे सकता है. WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp एक ऑप्शनल प्रीमियम सब्सक्रिप्शन प्लान पर काम कर रहा है, जिसके तहत कुछ ऐसे खास फीचर्स मिलेंगे जो आम यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं होंगे. फिलहाल यह फीचर डेवलपमेंट स्टेज में है और बीटा वर्जन के जरिए इसकी टेस्टिंग की जा रही है. हालांकि, WhatsApp ने साफ कर दिया है कि यह सब्सक्रिप्शन पूरी तरह ऑप्शनल होगा.

यानी जो यूजर अभी WhatsApp को जिस तरह मुफ्त में इस्तेमाल कर रहे हैं, वे आगे भी बिना किसी शुल्क के इसका इस्तेमाल कर सकेंगे. पेड प्लान केवल उन लोगों के लिए होगा जो ऐप में ज्यादा कंट्रोल, कस्टमाइजेशन और अतिरिक्त सुविधाएं चाहते हैं. कुछ बीटा यूजर्स को इस नए प्लान के लिए वेटलिस्ट भी दिखाई दे सकती है.

प्रीमियम सब्सक्रिप्शन में क्या मिलेगा?

रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp के प्रीमियम फीचर्स की शुरुआत कस्टमाइजेशन और सुविधा से होगी. सब्सक्रिप्शन लेने वाले यूजर्स को एक्सक्लूसिव स्टिकर पैक और नए ऐप थीम्स मिल सकते हैं, जिससे वे WhatsApp का लुक अपने हिसाब से बदल सकेंगे. इसके अलावा, कस्टम ऐप आइकन का विकल्प भी दिया जा सकता है, जिससे होम स्क्रीन पर WhatsApp का आइकन अलग दिखेगा.

ज्यादा चैट पिन करने की सुविधा

फिलहाल WhatsApp में सिर्फ तीन चैट पिन करने की लिमिट है, जो कई यूजर्स के लिए काफी नहीं होती. रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रीमियम यूजर्स को तीन से ज्यादा चैट पिन करने की सुविधा मिल सकती है. यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी होगा, जो एक साथ कई जरूरी बातचीत संभालते हैं. इसके अलावा, प्रीमियम प्लान में एक्सक्लूसिव चैट रिंगटोन मिलने की भी संभावना है.

और भी फीचर्स जुड़ सकते हैं

WhatsApp का कहना है कि यह तो सिर्फ शुरुआत है. आने वाले समय में यूजर्स के फीडबैक के आधार पर और भी प्रीमियम फीचर्स जोड़े जा सकते हैं. चूंकि यह प्लान अभी तैयार किया जा रहा है, इसलिए इसके फीचर्स और नियमों में लॉन्च से पहले बदलाव संभव है.

Meta AI में नया “थिंकिंग मोड”

प्रीमियम सब्सक्रिप्शन के अलावा WhatsApp कई और नए फीचर्स पर भी काम कर रहा है. इनमें से एक है Meta AI का नया थिंकिंग मोड. इस मोड के चालू होने पर AI सवालों के जवाब देने में थोड़ा ज्यादा समय लेगा, लेकिन बदले में यूजर्स को ज्यादा विस्तार से और बेहतर जवाब मिलेंगे. यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से तेज जवाब या डेप्थ से समझाने वाला जवाब चुन सकेंगे.

चैनल्स के लिए नए अपडेट

WhatsApp चैनल्स को लेकर भी बड़े बदलाव की तैयारी में है. जल्द ही चैनल एडमिन्स को स्टेटस अपडेट शेयर करने का विकल्प मिल सकता है, जिसमें फोटो, वीडियो और वॉयस नोट शामिल होंगे और ये 24 घंटे बाद अपने आप गायब हो जाएंगे. इससे क्रिएटर्स को अपने फॉलोअर्स से ज्यादा अनौपचारिक और डायरेक्ट तरीके से जुड़ने का मौका मिलेगा. इसके साथ ही, पेड पार्टनरशिप लेबल की भी टेस्टिंग हो रही है, ताकि स्पॉन्सर्ड कंटेंट को साफ तौर पर पहचाना जा सके.

सुरक्षा और सर्च से जुड़े नए फीचर्स

इसके अलावा WhatsApp कुछ छोटे लेकिन अहम अपडेट्स पर भी काम कर रहा है. इनमें हाल ही में की गई चैट सर्च का अलग सेक्शन, चैनल पोस्ट कितनी बार फॉरवर्ड हुई इसकी जानकारी, और एक नया स्ट्रिक्ट अकाउंट सिक्योरिटी मोड शामिल है, जिसमें सबसे मजबूत सुरक्षा सेटिंग्स को एक ही बटन से ऑन किया जा सकेगा.

क्या संकेत देता है यह बदलाव?

फिलहाल WhatsApp का प्रीमियम सब्सक्रिप्शन प्लान न तो पूरी तरह तैयार है और न ही अनिवार्य. लेकिन यह जरूर साफ करता है कि WhatsApp भविष्य में फ्री और पेड दोनों तरह के यूजर्स के लिए अलग-अलग एक्सपीरिएंस देने की दिशा में बढ़ रहा है. जहां एक तरफ बेसिक ऐप सभी के लिए मुफ्त रहेगा, वहीं दूसरी ओर ज्यादा फीचर्स चाहने वाले यूजर्स के लिए प्रीमियम विकल्प मौजूद होगा.

ये भी पढ़ें- बैंक से आए ऐसा Emai तो हो जाएं सतर्क, एक क्लिक में हो सकती है बड़ी ठगी, ऐसे रहें सेफ