12 घंटे में कितनी बिजली खाता है आपका AC? जानें इन्वर्टर और नॉन-इन्वर्टर में फर्क है, कहां होगी बचत

भीषण गर्मी में AC राहत तो देता है, लेकिन बिजली बिल बढ़ने की चिंता भी साथ लाता है. खासतौर पर 1.5 टन AC सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला मॉडल है. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि यह हर घंटे कितनी बिजली खर्च करता है, इन्वर्टर और 5 स्टार मॉडल कितना बचत करते हैं और महीने का बिल कितना आ सकता है.

How Much Elecriticity Consume Your AC Image Credit: Canva/ Money9

How Much Elecriticity Consume Your AC: गर्मी बढ़ने के साथ-साथ लोगों की बिजली बिल की चिंता भी बढ़ जाती है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि AC आखिर कितना बिजली खर्च करता है और महीने का बिल कितना बढ़ा सकता है. एयर कंडीशनर बनाने वाली कंपनी ऑनिडा की रिपोर्ट के मुताबिक, 1.5 टन AC मिड साइज के कमरों के लिए सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है और इसकी बिजली खपत स्टार रेटिंग, इन्वर्टर तकनीक और इस्तेमाल के घंटों पर निर्भर करती है. सही जानकारी होने से लोग न सिर्फ सही AC चुन सकते हैं बल्कि बिजली बिल भी कंट्रोल कर सकते हैं. इस रिपोर्ट में आप जानेंगे कि आपका एसी कितनी बिजली खपत करता है.

1.5 टन AC कितनी बिजली खपत करता है?

आमतौर पर 1.5 टन AC की पावर खपत 1200 से 1800 वॉट के बीच होती है. यानी यह हर घंटे करीब 1.2 से 1.7 यूनिट बिजली खर्च कर सकता है. अगर AC इन्वर्टर तकनीक वाला है तो इसकी औसत खपत कम हो जाती है, क्योंकि यह जरूरत के हिसाब से कंप्रेसर की स्पीड कंट्रोल करता है.

5 स्टार AC से कितना होगा फायदा?

स्टार रेटिंग बिजली बचाने में बड़ी भूमिका निभाती है.

  • 3 स्टार 1.5 टन AC हर घंटे करीब 1.5 से 1.7 यूनिट बिजली खर्च करता है.
  • वहीं 5 स्टार मॉडल की खपत 1.2 से 1.4 यूनिट तक रहती है.
प्रकारयूनिट/घंटा
3-स्टार स्प्लिट AC1.5–1.7
1.5 टन स्प्लिट AC 5-स्टार इन्वर्टर1.1–1.4
विंडो AC1.6–1.8
Source – ONIDA

यानी 5 स्टार AC करीब 20% तक बिजली बचा सकता है. लंबे समय में इससे हजारों रुपये की बचत संभव है.

बिजली बिल कैसे करें कैलकुलेट?

AC का बिजली बिल निकालने का आसान फॉर्मूला है:

  • यूनिट = (वॉट ÷ 1000) × इस्तेमाल के घंटे

मान लीजिए आपका AC 1500 वॉट का है और रोज 12 घंटे चलता है. तो बिजली खपत होगी:

  • 1.5 × 12 = 18 यूनिट प्रतिदिन

अगर बिजली दर ₹8 प्रति यूनिट है, तो रोज का खर्च करीब ₹144 और महीने का बिल लगभग ₹4320 तक पहुंच सकता है.

इन्वर्टर और नॉन-इन्वर्टर AC में कितना फर्क?

इन्वर्टर AC शुरुआत में ज्यादा पावर लेता है, लेकिन बाद में कम स्पीड पर चलकर बिजली बचाता है.

  • इन्वर्टर AC: 8 घंटे में करीब 9 से 11 यूनिट
  • नॉन-इन्वर्टर AC: 12 से 14 यूनिट

यानी इन्वर्टर मॉडल करीब 30% तक बिजली बचा सकता है.

किस कमरे के लिए सही है 1.5 टन AC?

1.5 टन AC लगभग 150 से 220 वर्गफुट तक के कमरे के लिए सही माना जाता है. अगर कमरा बड़ा है या धूप ज्यादा आती है तो AC पर लोड बढ़ जाता है और बिजली खपत भी ज्यादा होती है.

  • 120-150 वर्गफुट: 1 टन AC पर्याप्त
  • 150-220 वर्गफुट: 1.5 टन AC बेहतर
  • 250 वर्गफुट से बड़ा कमरा: ज्यादा क्षमता वाला AC लेना फायदेमंद

यह भी पढ़ें: तपती गर्मी इन 3 AC स्टॉक्स का बढ़ा सकती है पारा, मजबूत है सेल्स और ऑपरेटिंग प्रॉफिट; निवेशक रखें नजर