TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Elon Musk को 470 मिलियन डॉलर का दांव पड़ा भारी, Tesla-SpaceX के 456 अरब डॉलर डूबे, क्या बढ़ेंगी मुश्किलें

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में एलन मस्क का 470 मिलियन डॉलर का राजनीतिक दांव उल्टा पड़ता दिख रहा है. रिपब्लिकन उम्मीदवारों को भारी आर्थिक मदद देने के बावजूद डेमोक्रेटिक पार्टी ने अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों में जीत हासिल की है. टेक्सास में भी सत्ता परिवर्तन से टेस्ला और स्पेसएक्स के सामने रेगुलेटर चुनौतियां बढ़ने की आशंका है.

चुनावी नतीजों के बाद टेस्ला के शेयर 11% और स्पेसएक्स के शेयर करीब 9% टूटे. Image Credit: AI Generated

Highlights

  • एलन मस्क ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों पर 470 मिलियन डॉलर से ज्यादा खर्च किए, लेकिन ज्यादातर उम्मीदवारों को मिली हार.
  • चुनावी नतीजों के बाद टेस्ला के शेयर 11% और स्पेसएक्स के शेयर करीब 9% टूटे.
  • टेक्सास में डेटा सेंटर और AI प्रोजेक्ट पर सख्त नियमों की आशंका, टेस्ला-स्पेसएक्स मर्जर पर भी बढ़ सकती है मुश्किल

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव के नतीजे दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क के लिए बड़ा झटका साबित होते दिख रहे हैं. रिपब्लिकन उम्मीदवारों पर 470 मिलियन डॉलर से ज्यादा खर्च करने के बावजूद मस्क को चुनाव में मनमाफिक नतीजे नहीं मिले. डेमोक्रेटिक पार्टी ने अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों में बहुमत हासिल कर लिया है. इतना ही नहीं, टेक्सास में भी डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों ने गवर्नर और सीनेट की अहम सीटों पर जीत दर्ज की है. इस राजनीतिक बदलाव का असर अब मस्क की कंपनियों टेस्ला और स्पेसएक्स पर भी पड़ने की आशंका है. पिछले दो कारोबारी सत्रों में दोनों कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आई और उनकी ज्वाइंट मार्केट वैल्यू से करीब 456 अरब डॉलर कम हो गए. निवेशकों को डर है कि टेक्सास में AI और डेटा सेंटर से जुड़े मस्क के बड़े प्रोजेक्ट अब रेगुलेटरी मुश्किलों में फंस सकते हैं.

470 मिलियन डॉलर खर्च कर भी नहीं मिला फायदा

फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एलन मस्क अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवारों के सबसे बड़े समर्थक रहे. उन्होंने चुनाव प्रचार के लिए 470 मिलियन डॉलर से ज्यादा का योगदान दिया. हालांकि, जिन उम्मीदवारों का उन्होंने समर्थन किया था, उनमें से ज्यादातर को हार का सामना करना पड़ा.

डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों पर कंट्रोल हासिल कर लिया. टेक्सास में भी डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जेम्स टालारिको ने सीनेट और जीना हिनोजोसा ने गवर्नर पद का चुनाव जीत लिया. उन्होंने मस्क के करीबी माने जाने वाले रिपब्लिकन उम्मीदवार केन पैक्सटन और ग्रेग एबॉट को हराया.

Tesla और SpaceX के शेयरों में भारी गिरावट

चुनावी नतीजों के बाद निवेशकों की चिंता का असर मस्क की कंपनियों के शेयरों पर दिखाई दिया. गुरुवार को टेस्ला के शेयर 11 फीसदी से ज्यादा गिर गए, जबकि स्पेसएक्स के शेयरों में करीब 9 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.

मंगलवार के कारोबारी सत्र के बंद होने के बाद से दोनों कंपनियों की संयुक्त मार्केट वैल्यू में करीब 456 अरब डॉलर की कमी आ चुकी है. निवेशकों को आशंका है कि टेक्सास में राजनीतिक बदलाव के बाद इन कंपनियों के बड़े प्रोजेक्ट पर सरकारी निगरानी बढ़ सकती है.

AI और डेटा सेंटर प्रोजेक्ट पर क्यों बढ़ी चिंता?

टेक्सास में डेटा सेंटर का कंस्ट्रक्शन चुनाव के दौरान बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनकर उभरा था. इन प्रोजेक्ट्स में पानी की खपत, बिजली की बढ़ती लागत, स्थानीय प्रशासन के अधिकार और टैक्स छूट जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए गए.

टेस्ला और स्पेसएक्स दोनों टेक्सास में AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा निवेश कर रही हैं. मस्क ने ग्राइम्स काउंटी में टेराफैब नाम से एक बड़े चिप मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स की योजना पेश की है. इसमें दोनों कंपनियां शामिल हैं. इस प्रोजेक्ट में डेटा सेंटर और बड़ी सेमीकंडक्टर फैक्ट्री बनाने की योजना है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 119 अरब डॉलर है.

यह भी पढ़ेः Stocks to Watch: आज इन शेयरों पर रहेगी बाजार की नजर, ONGC से एयरटेल तक के नतीजों ने चौंकाया, KNR को मिला बड़ा ऑर्डर

Tesla और SpaceX के मर्जर पर भी संकट?

चुनावी नतीजों का असर टेस्ला और स्पेसएक्स के संभावित मर्जर पर भी पड़ सकता है. मस्क पहले ही दोनों कंपनियों के विलय को एक अच्छा विचार बता चुके हैं. पिछले महीने स्पेसएक्स की तीसरी तिमाही की अर्निंग्स कॉल में उन्होंने कहा था कि दोनों कंपनियों की विशेष समितियां संभावित सौदे की पड़ताल कर रही हैं.

इस संभावित मर्जर को लेकर निवेशकों में काफी उत्साह था और इसे इस साल दोनों कंपनियों के शेयरों के लिए एक सकारात्मक वजह माना जा रहा था. हालांकि, अब बढ़ती नियामकीय निगरानी के चलते इस सौदे की राह मुश्किल हो सकती है.