Israel-US Attacks Iran: ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत पर सस्पेंस, ट्रंप बोले ‘मारे गए’, तेहरान ने कहा अभी ‘जिंदा हैं’
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि खामेनेई की मौत अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले में हो गई है. वहीं ईरान ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है. इन विरोधाभासी दावों ने पूरे विश्व में सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर सच क्या है.
Israel-US Attacks Iran: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई को लेकर बड़ी उलझन और विवाद की स्थिति बन गई है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि खामेनेई की मौत अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले में हो गई है. वहीं ईरान ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है. इन विरोधाभासी दावों ने पूरे विश्व में सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर सच क्या है. अगर खामेनेई की मौत की खबर सही होती है, तो यह ईरान की राजनीति और पूरे मध्य पूर्व के लिए बड़ा झटका हो सकता है. इससे सत्ता परिवर्तन, क्षेत्रीय तनाव और युद्ध का खतरा और बढ़ सकता है. फिलहाल हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं और दुनिया की नजर इस पर टिकी है.
ट्रंप का दावा, खामेनेई मारे गए
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि खामेनेई की मौत इजराइल के हमले में हुई है, जिसमें अमेरिका ने भी मदद की. उन्होंने इसे बड़ी सफलता बताया और कहा कि यह न्याय है. ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका ने खामेनेई की लोकेशन हाई टेक तकनीक से ट्रैक की थी. उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान पर हमले आगे भी जारी रहेंगे जब तक लक्ष्य पूरा नहीं हो जाता.
ईरान ने किया इनकार
ईरान के सरकारी मीडिया और अधिकारियों ने इस दावे को गलत बताया है. उनका कहना है कि खामेनेई पूरी तरह सुरक्षित हैं और हालात पर नजर रख रहे हैं. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी कहा कि उनके मुताबिक देश के सभी बड़े नेता सुरक्षित और स्वस्थ हैं.
कन्फ्यूजन और बढ़ा संकट
एक तरफ अमेरिका और इजराइल का दावा है, दूसरी तरफ ईरान का इनकार. इससे हालात और उलझ गए हैं. यह पहली बार है जब ईरान के शीर्ष नेतृत्व को लेकर इतनी बड़ी अनिश्चितता बनी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक हमले में ईरान के कई बड़े सैन्य और सरकारी अधिकारियों को निशाना बनाया गया. इनमें खामेनेई के सलाहकार अली शामखानी समेत कई बड़े नाम शामिल हैं.
अगर यह सच है, तो यह ईरान के नेतृत्व पर सबसे बड़ा हमला माना जाएगा.
सत्ता संकट की आशंका
अगर खामेनेई की मौत की पुष्टि होती है, तो ईरान में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू होगी. देश का संविधान कहता है कि ऐसे समय में एक अंतरिम व्यवस्था बनाई जाती है. लेकिन कई बड़े नेताओं के एक साथ प्रभावित होने से स्थिति और जटिल हो सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ नेता अभी सुरक्षित हैं, जैसे अली लारिजानी. उन्होंने कहा है कि ईरान अमेरिका और इजराइल को कड़ा जवाब देगा. खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को भी संभावित उत्तराधिकारी माना जा रहा है.
सरकार ने शुरू की तैयारी
ईरान के उपराष्ट्रपति मोहम्मद रेजा आरिफ ने संकट के बीच सरकार चलाने की तैयारी शुरू कर दी है. मंत्रीयों के साथ बैठक कर हालात संभालने की कोशिश की जा रही है. ट्रंप और ईरान के पूर्व शहजादे रेजा पहलवी ने लोगों से सरकार के खिलाफ खड़े होने की अपील की है. इससे देश में राजनीतिक हलचल और बढ़ सकती है.
इसे भी पढ़ें- दुबई के पाम जुमेराह पर ईरान का हमला, मुकेश अंबानी-शाहरुख-सलमान जैसे दिग्गजों का इलाके में घर, बुर्ज खलीफा भी खाली कराया गया
