TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

कैश जैसी लिक्विडिटी, शेयर मार्केट जैसा रिटर्न, 16% YTD के साथ गोल्ड ने सेंसेक्स को पछाड़ा

गोल्ड को अक्सर बेहद सुरक्षित, कैश की तरह लिक्विड और धीमे रिटर्न वाला इन्वेस्टमेंट कहा जाता है. लेकिन, पिछले कुछ वर्षों से सोना लगातार शेयर बाजार जैसा रिटर्न दे रहा है. पिछले एक वर्ष में अगर आज तक का आकलन करें, तो सोना 16% का रिटर्न दे चुका है. जबकि सेंसेक्स ने 14.69% का साल-दर-दिन (YTD) रिटर्न दिया है.

डिजिटल गोल्ड Image Credit: GettyImages

गोल्ड ने साल-दर-दिन रिटर्न के लिहाज से देश के बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स को पीछे छोड़ दिया है. अब यह दूसरे बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी को टक्कर देते हुए नजर आ रहा है. सोने ने YTD यानी इस साल आज के दिन तक 16% का रिटर्न दिया है. वहीं, सेंसेक्स ने 14.69% और निफ्टी ने गोल्ड से मामूली ज्यादा 16.63% का रिटर्न दिया है. इस तरह धीमे रिटर्न वाली संपत्ति माना जाने वाला गोल्ड, कैश जैसी लिक्विडिटी और सुरक्षा के साथ बिना जोखिम के शेयर बाजार जैसा रिटर्न दे रहा है.

गोल्ड की कीमत में पिछले एक-दो वर्ष में जबरदस्त उछाल आया है. इस उछाल के पीछे दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों की तरफ से अपने गोल्ड रिजर्व में की गई बढ़ोतरी को सबसे बड़ी वजह माना गया है. वहीं, पिछले कुछ सप्ताह में आई तेजी के पीछे यूरोपीय सेंट्रल बैंक की तरफ से ब्याज दरों में कटौती है. इसके साथ ही अमेरिका और चीन में भी ब्याज दरों में संभावित कटौती के चलते गोल्ड की कीमत में उछाल आ रहा है.

निवेशक अपने पोर्टफोलियो में विविधता लाने के लिए गोल्ड की खरीद कर रहे हैं. अक्सर निवेशक ज्यादा रिटर्न के लिए कंपनियों के शेयरों में पैसा लगाते हैं. लेकिन, जब हालात अस्थिर और अनिश्चित नजर आते हैं, तो निवेशकों का रुख सोने की तरफ हो जाता है. मौजूदा वैश्विक राजनीतिक घटनाओं के साथ ही अमेरिकी और चीन की अर्थव्यवस्थाओं को लेकर अनिश्चितता की स्थिति निवेशकों को गोल्ड की तरफ आकर्षित कर रही है.

सर्वकालिक उच्च स्तर पर गोल्ड

आज कॉमेक्स पर गोल्ड ने 2,599 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस के सर्वकालिक उच्च स्तर को छुआ. इसे रुपये और ग्राम में देखें तो 1 ट्रॉय औंस में 31.10 ग्राम होते हैं. वहीं, आज डॉलर की कीमत 83.90 रुपये रही. इस तरह प्रति 10 ग्राम गोल्ड की कीमत 70,115 रुपये पहुंच गई. हालांकि, भारत में अलग-अलग शहरों में कीमत अलग-अलग रहती है. सोने की कीमत में आए उछाल को लेकर विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक कारणों से गोल्ड पर निवेशकों का भरोसा बढ़ रहा है.

देश में सोने के आज के भाव

त्योहारी सीजन से पहले शुक्रवार 13 सितंबर को गोल्ड 398 रूपये मंहगा होकर 73,222 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और लखनऊ में 24 कैरेट गोल्ड 73,140 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट गोल्ड 67,190 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है. इससे पहले 12 सितंबर को MCX पर आखिरी कारोबारी सत्र में 4 अक्टूबर की डिलीवरी के लिए प्रति 10 ग्राम गोल्ड का भाव 72,824 रुपये रहा. वहीं, 5 दिसंबर की फ्यूचर डिलीवरी के लिए कीमत 73,392 रुपये प्रति 10 ग्राम रही.