Gold-Silver Price: चांदी ₹4300 उछली, सोना भी चमका; ग्लोबल कमजोरी के बीच घरेलू बाजार में तेजी
सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला. चांदी 2.57 लाख रुपये प्रति किलो और सोना 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी और जियोपॉलिटिकल तनाव के चलते आगे की चाल पर अनिश्चितता बनी हुई है.
Gold Silver Today Price: सोने और चांदी की कीमतों में सोमवार, 20 अप्रैल को घरेलू बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली. राजधानी दिल्ली में चांदी के दाम एक झटके में 4,300 रुपये उछलकर 2.57 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गए. वहीं सोना भी 800 रुपये महंगा होकर 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया. बाजार में यह तेजी मुख्य रूप से रिटेल निवेशकों और स्टॉकिस्ट्स की ताजा खरीदारी के चलते देखने को मिली.
कितनी थी कीमत?
ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, पिछले कारोबारी सत्र में 2,53,000 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई चांदी अब बढ़कर 2,57,300 रुपये प्रति किलो (सभी टैक्स सहित) पर पहुंच गई है. वहीं 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना भी 1,56,200 रुपये से चढ़कर 1,57,000 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया.
इंटरनेशनल मार्केट में कमजोर है रुख
हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि घरेलू बाजार में तेजी के बावजूद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं का रुख कमजोर बना रहा. स्पॉट मार्केट में चांदी करीब 1.35 फीसदी गिरकर 79.71 डॉलर प्रति औंस पर आ गई, जबकि सोना भी करीब 0.52 फीसदी की गिरावट के साथ 4,805 डॉलर प्रति औंस के आसपास ट्रेड करता दिखा. इससे साफ है कि ग्लोबल और घरेलू ट्रेंड में फिलहाल अंतर देखने को मिल रहा है.
एक्सपर्ट्स ने क्या कहा?
HDFC सिक्योरिटीज के कमोडिटी एक्सपर्ट सौमिल गांधी के अनुसार, हफ्ते की शुरुआत में सोने ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी के संकेत दिए हैं. इसके पीछे वीकेंड के दौरान बदले जियो पॉलिटिकल और मैक्रोइकोनॉमिक हालात जिम्मेदार हैं. खासतौर पर होर्मुज स्ट्रेट को लेकर तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. ईरान ने इसे खोलने के कुछ ही घंटों बाद फिर से सख्त नियंत्रण लागू कर दिया, वहीं अमेरिका ने एक ईरानी जहाज को जब्त कर लिया.
इन घटनाओं ने सीजफायर की स्थिरता और अमेरिका-ईरान के बीच चल रही बातचीत पर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा बाजार पर भी पड़ रहा है, जिससे कच्चे तेल की कीमतों और महंगाई को लेकर चिंता बढ़ी है. इसी वजह से डॉलर मजबूत हुआ है, जो आमतौर पर सोना-चांदी जैसी कीमती धातुओं पर दबाव बनाता है.
इन आंकड़ों और खबरों पर टिकी नजर
आने वाले दिनों की बात करें तो निवेशकों की नजर अब वैश्विक आर्थिक आंकड़ों पर रहेगी. कोटक सिक्योरिटीज की कमोडिटी रिसर्च एक्सपर्ट कायनात चैनवाला के मुताबिक, अमेरिका के रिटेल सेल्स, हाउसिंग डेटा, जॉबलेस क्लेम्स और कंज्यूमर सेंटिमेंट जैसे आंकड़े बाजार की दिशा तय कर सकते हैं. इसके अलावा प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के PMI डेटा भी ग्रोथ के संकेत देंगे.
यह भी पढ़ें- Vedanta Demerger: अनिल अग्रवाल की माइनिंग कंपनी ने रिकॉर्ड डेट का किया ऐलान, जानें- क्या हैं शेयर अलॉटमेंट की डिटेल्स
साथ ही, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के संभावित नए चेयरमैन केविन वार्श की कांग्रेस में होने वाली सुनवाई भी बाजार के लिए अहम संकेत दे सकती है. उनकी नीतिगत सोच और महंगाई को लेकर रुख से यह तय होगा कि ब्याज दरों में नरमी का रुख अपनाया जाएगा या नहीं, जिसका सीधा असर सोना-चांदी की कीमतों पर पड़ सकता है.
Latest Stories
अनिल अंबानी ग्रुप की कंपनी के दो सीनियर आधिकारियों को CBI ने किया गिरफ्तार, जांच में हुआ ये अहम खुलासा
RBI ने रुपये के ट्रेड पर कुछ पाबंदियों में दी ढील, ऑफशोर डेरिवेटिव पर लगी रोक हटाई
Vedanta Demerger: अनिल अग्रवाल की माइनिंग कंपनी ने रिकॉर्ड डेट का किया ऐलान, जानें- क्या हैं शेयर अलॉटमेंट की डिटेल्स
