हर 1 पर 10 शेयर फ्री! इस कंपनी ने किया स्टॉक स्प्लिट का ऐलान, दे चुकी है 6800% से ज्यादा का रिटर्न
इस कंपनी के ताजा नतीजों में जहां तिमाही स्तर पर दमदार ग्रोथ और मुनाफा दिखा, वहीं पूरे साल में कंपनी घाटे में रही. हालांकि, यह नुकसान ऑपरेशनल कमजोरी नहीं बल्कि भारी डिप्रीशिएशन का असर है, जबकि कैश फ्लो मजबूत बना हुआ है. इससे इतर, कंपनी ने स्टॉक स्प्लिट का भी ऐलान किया है.
E2E Networks Q4 and Stock Split: भारत की लिस्टेड AI क्लाउड GPU इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी E2E Networks एक बार फिर निवेशकों के रडार पर आ गई है. वजह है कंपनी के ताजा नतीजे, जिनमें एक दिलचस्प और थोड़ा जटिल वित्तीय तस्वीर सामने आई है, जहां एक तरफ मजबूत ऑपरेशनल ग्रोथ और कैश फ्लो दिख रहा है, वहीं दूसरी ओर पूरे साल का नेट लॉस भी दर्ज हुआ है. ऐसे में इस कंपनी को समझने के लिए सिर्फ हेडलाइन मुनाफा या नुकसान देखना काफी नहीं है, बल्कि इसके पीछे की असली कहानी को समझना जरूरी है. इससे इतर, कंपनी ने अपने तिमाही नतीजे में स्टॉक स्प्लिट की भी घोषणा की है. आइए विस्तार से समझते हैं.
कैसा है तिमाही नतीजा?
करीब 5,560 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली इस कंपनी का शेयर हाल के समय में 1,700 रुपये से लेकर लगभग 3,900 रुपये के दायरे में ट्रेड करता नजर आया है. कंपनी के तिमाही नतीजों पर नजर डालें तो तस्वीर काफी मजबूत दिखती है. Q4 FY26 में कंपनी की ऑपरेशनल आय 95.64 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले करीब 186 फीसदी ज्यादा है. वहीं, पिछली तिमाही (Q3) के मुकाबले भी इसमें 37 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है.
शेयर स्प्लिट करेगी कंपनी
कॉर्पोरेट एक्शन की बात करें तो कंपनी के बोर्ड ने शेयर स्प्लिट का भी ऐलान किया है. इसके तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले एक शेयर को 1 रुपये फेस वैल्यू के 10 शेयरों में बांटा जाएगा. इससे कंपनी के कुल शेयरों की संख्या बढ़ जाएगी, लेकिन मार्केट कैप या कंपनी की वैल्यू पर कोई असर नहीं पड़ेगा. इस कदम का मकसद शेयर की कीमत को छोटे निवेशकों के लिए ज्यादा सुलभ बनाना और बाजार में लिक्विडिटी बढ़ाना है. हालांकि, कंपनी ने स्टॉक स्प्लिट के लिए रिकॉर्ड डेट की घोषणा अभी नहीं की है.

कैसा है स्टॉक का प्रदर्शन?
सोमवार, 20 अप्रैल को कंपनी के शेयर 3.45 फीसदी की गिरावट के साथ 2709 रुपये पर ट्रेड करते हुए बंद हुआ. हालांकि, हफ्ते भर में स्टॉक का भाव तकरीबन 13 फीसदी तक बढ़ा है. वहीं, महीने भर के दौरान इसमें 22 फीसदी की तेजी आई है. लॉन्ग टर्म में स्टॉक ने अपने निवेशकों को दमदार रिटर्न दिए हैं. 3 साल में स्टॉक 1382 फीसदी और 5 साल में 6835 फीसदी का बंपर रिटर्न दिया है. कंपनी का डेट टू इक्विटी रेशियो 0.10 है.
EBITDA मार्जिन में उछाल
सबसे खास बात EBITDA मार्जिन में आई जबरदस्त छलांग है, जो बढ़कर 60.7 फीसदी तक पहुंच गया. यह साल-दर-साल 2000 बेसिस प्वाइंट से ज्यादा का सुधार है. इसके पीछे कंपनी का GPU इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार, खासकर H200 और H100 जैसे हाई-परफॉर्मेंस GPU का बेहतर इस्तेमाल और स्केलिंग अहम वजह रही. Q4 में कंपनी का प्रॉफिट बिफोर टैक्स 8.56 करोड़ रुपये रहा, जो पिछली तिमाही के घाटे से उबरने का संकेत देता है. नेट प्रॉफिट भी 6.44 करोड़ रुपये रहा, जो ऑपरेशनल मजबूती को दिखाता है.
पूरे वित्त वर्ष कैसी रही प्रदर्शन?
हालांकि, पूरे वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो कंपनी ने 15.57 करोड़ रुपये का नेट लॉस दर्ज किया, जबकि पिछले साल यह 47.49 करोड़ रुपये के मुनाफे में थी. लेकिन यह नुकसान कंपनी के बिजनेस की कमजोरी नहीं, बल्कि एक अकाउंटिंग इफेक्ट है. दरअसल, कंपनी ने इस दौरान बड़े पैमाने पर GPU इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश किया, जिसकी वजह से डिप्रीशीएशन और अमोरटाइजेशन का खर्च तेजी से बढ़कर 169 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया. यही बड़ा खर्च कंपनी के मुनाफे को कागजों पर घाटे में बदल रहा है.
मजबूत है कंपनी का बिजनेस?
यहां समझने वाली सबसे अहम बात यह है कि यह डिप्रीशीएशन एक नॉन-कैश चार्ज है, यानी इससे कंपनी के वास्तविक कैश फ्लो पर असर नहीं पड़ता. यही कारण है कि FY26 में कंपनी का ऑपरेटिंग कैश फ्लो बढ़कर 122 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया, जो पिछले साल से काफी बेहतर है. इससे साफ संकेत मिलता है कि कंपनी का असली बिजनेस मजबूत है और नकदी पैदा करने की क्षमता भी बढ़ रही है. इसलिए, अगर कोई निवेशक सिर्फ नेट प्रॉफिट देखकर फैसला करता है, तो वह गलत निष्कर्ष पर पहुंच सकता है. इस कंपनी को समझने के लिए EBITDA मार्जिन, GPU की उपयोग क्षमता और कैश फ्लो जैसे संकेतकों पर नजर रखना ज्यादा जरूरी है.
यह भी पढ़ें- 5 साल में 2,18,210% का रिटर्न, इस पावर स्टॉक में जबरदस्त रैली; मजबूत ऑर्डर बुक ने बदली चाल
क्या है कंपनी का कारोबार?
E2E Networks का बिजनेस मॉडल भी इसे खास बनाता है. 2009 में स्थापित यह कंपनी AI और मशीन लर्निंग वर्कलोड्स के लिए हाई-परफॉर्मेंस GPU क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराती है. कंपनी के पास H200, H100 और B200 जैसे एडवांस्ड GPU प्लेटफॉर्म हैं और यह नोएडा व चेन्नई में डेटा सेंटर ऑपरेट करती है. साथ ही, यह TIR AI/ML प्लेटफार्म और सॉवरेन क्लाउड जैसी सेवाएं भी देती है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
मंगलवार को खरीदें ये 3 स्टॉक्स, हफ्ते भर में हिट होगा टारगेट; टेक्निकल चार्ट दे रहे कमाई के संकेत
Nifty Outlook 21 April: 24500 के पास अटका बाजार, कंसोलिडेशन या अगली तेजी? जानें एक्सपर्ट्स ने क्या कहा
2026 में कौन से FMCG स्टॉक्स नजर आ रहे मजबूत, ITC-HUL और नेस्ले इंडिया की कैसी है लॉन्ग टर्म ग्रोथ स्टोरी
