ईरान अमेरिका का तोड़ रहा डिजिटल तंत्र, निशाने पर एक से बढ़कर एक दिग्गज; सफल हुआ तो हिल जाएगी दुनिया
ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव अब डिजिटल युद्ध में बदलता दिख रहा है, जहां खाड़ी देशों में डेटा सेंटरों पर हमले हो रहे हैं. ये सेंटर वैश्विक इंटरनेट, बैंकिंग और AI सिस्टम की रीढ़ हैं. अगर ये हमले बढ़े, तो पूरी दुनिया की डिजिटल व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और ग्लोबल टेक सिस्टम को बड़ा झटका लग सकता है.

How Iran is targeting digital backbone in Gulf: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष अब पारंपरिक युद्ध से आगे बढ़कर डिजिटल ढांचे पर हमला करने तक पहुंच गया है. करीब 32 दिन से चल रहे इस तनाव के बीच ईरान ने खाड़ी देशों में मौजूद बड़े डेटा सेंटरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है. ये वही सिस्टम हैं जो क्लाउड कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और वैश्विक संचार की रीढ़ माने जाते हैं.
कैसे शुरू हुआ डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला?
इस नए तरह के हमले की शुरुआत 1 अप्रैल को हुई, जब ईरान के शाहेद ड्रोन ने संयुक्त अरब अमीरात में अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) के दो डेटा सेंटरों हमला किया. इसके अलावा उसी दिन बहरीन में भी एक कमर्शियल डेटा सेंटर पर हमला हुआ. यह साइबर अटैक नहीं बल्कि सीधे इमारतों पर किए गए फिजिकल हमले थे.
इसके अलावा ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने 31 मार्च 2026 को अमेरिका की 18 कंपनियों पर हमले की चेतावनी दी, जिसमें गूगल, माइक्रोसॉफ्ट भी शामिल है. IRGC ने कहा कि अगर अब किसी ईरानी नेताओं की हत्या होती है तो खाड़ी देशों में अमेरिकी कंपनियों को निशाना बनाएंगे.
अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की मदद कर रही ये कंपनी
IRGC ने कहा है कि ये कंपनियां इजरायली-अमेरिकी सैन्य और खुफिया एजेंसियों के साथ सहयोग कर रही हैं, इसलिए उन्हें निशाना बनाया जा सकता है. ऐसे में आज के समय में डेटा सेंटर सिर्फ टेक्नोलॉजी का हिस्सा नहीं रहे, बल्कि ये सैन्य और रणनीतिक सिस्टम का भी आधार बन चुके हैं. क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल अब डेटा प्रोसेसिंग, इंटेलिजेंस एनालिसिस और फैसले लेने के सिस्टम में भी होता है. यही वजह है कि ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इन सुविधाओं को दुश्मन के सैन्य और खुफिया नेटवर्क का हिस्सा बताया है.
अमेरिका की आर्थिक ताकत पर वार
संयुक्त अरब अमीरात और बहरीन जैसे देश ग्लोबल टेक कंपनियों के बड़े हब बन चुके हैं. यहां माइक्रोसॉफ्ट, गूगल, एप्पल, मेटा और ओरेकल जैसी कंपनियों ने भारी निवेश किया है. इस क्षेत्र की खासियत इसकी ऊर्जा उपलब्धता, लोकेशन हैं, जिससे कंपनियां दुनिया भर में तेज सेवाएं दे पाती हैं. ऐसे में इन इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला सिर्फ टेक्निकल नुकसान नहीं, बल्कि अमेरिका के आर्थिक प्रभाव को भी चुनौती देने जैसा है.
क्यों आसान निशाना हैं डेटा सेंटर
कमर्शियल डेटा सेंटर सैन्य ठिकानों की तरह मजबूत नहीं होते. इन्हें दक्षता और स्केलेबिलिटी के हिसाब से बनाया जाता है, न कि हमलों को झेलने के लिए. ये बड़े और आसानी से पहचान में आने वाले ढांचे होते हैं, जिनके पास एयर डिफेंस सिस्टम भी नहीं होता. यही कारण है कि ड्रोन और मिसाइल हमलों के लिए ये आसान लक्ष्य बन जाते हैं.
हालांकि अमेरिका ने कई हमले रोके भी है, लेकिन ईरान के कुछ हमले सफल रहे है, जिससे एयरपोर्ट, होटल और डेटा सेंटर जैसी जगहों पर असर दिखा है.
सफल हुआ तो क्या होगा?
अगर ईरान इस रणनीति में सफल होता है, तो इसका असर वैश्विक स्तर पर दिखेगा. इसके तहत दुनिया भर के,
- बैंकिंग सिस्टम ठप हो सकते हैं.
- इंटरनेट सेवाएं बाधित हो सकती हैं.
- AI और क्लाउड आधारित सेवाएं रुक सकती हैं.
- ग्लोबल सप्लाई चेन पर असर पड़ सकता है.
यानी आने वाले टाइम में यह सिर्फ एक क्षेत्रीय युद्ध नहीं रहेगा, बल्कि पूरी दुनिया की डिजिटल अर्थव्यवस्था को झटका लग सकता है. इसके अलावा इन टेक कंपनियों के सोचने पर मजबूर होना पड़ेगा कि वे अपने डेटा सेंटर कहां और कैसे बनाएं.
इसे भी पढ़ें- कौन ला सकता है IPO, कितना चाहिए पैसा, क्या फंड जुटाने की होती है लिमिट, जानें पूरा प्रोसेस और नियम