दुबई में बचा केवल 10 दिन का फ्रेश फूड स्टॉक, इस शख्स ने दी चेतावनी; क्या खाने-पीने के पड़ जाएंगे लाले!

पश्चिम एशिया का युद्ध केवल सैन्य संघर्ष नहीं रह गया है, बल्कि यह वैश्विक सप्लाई चेन की कमजोरियों को भी उजागर कर रहा है. दुबई जैसे अमीर और अत्याधुनिक शहर में भी अगर ताजा खाद्य सप्लाई केवल 10 दिनों तक बची है. इस जानकारी को विश्लेषक Shanaka Anslem Perera ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया.

दुबई में केवल बचा 10 दिन का फ्रेश फूड का स्टॉक Image Credit: AI

Dubai Food Supply Crisis: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का असर अब आम लोगों की जिंदगी तक पहुंचने लगा है. दुनिया के सबसे अमीर और आधुनिक शहरों में गिने जाने वाले दुबई में ताजा खाने-पीने की चीजों की सप्लाई पर खतरा मंडराने लगा है. ग्लोबल लॉजिस्टिक्स कंपनी के एक बड़े अधिकारी ने चेतावनी दी है कि अगर हालात ऐसे ही बने रहे तो दुबई में केवल लगभग10 दिन का ही ताजा फूड स्टॉक बचा है. लॉजिस्टिक्स दिग्गज Kühne+Nagel कंपनी के सीईओ स्टीफन पॉल (Stefan Paul) ने स्विस ब्रॉडकास्टर SRF से बातचीत में कहा कि सप्लाई चेन डेटा के आधार पर दुबई में फिलहाल लगभग 10 दिन का ताजा फल-सब्जियों और डेयरी उत्पादों का स्टॉक बचा हुआ है.

इस जानकारी को विश्लेषक Shanaka Anslem Perera ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया.

गल्फ देशों की बड़ी निर्भरता आयात पर

दरअसल, गल्फ क्षेत्र की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी खाद्य निर्भरता है. आंकड़ों के मुताबिक इस क्षेत्र में 80 से 90 फीसदी खाद्य सामग्री विदेशों से आयात की जाती है. इसके अलावा गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (GCC) के लगभग 70 प्रतिशत खाद्य सप्लाई शिपमेंट स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होकर गुजरते हैं. लेकिन 28 फरवरी से युद्ध के कारण यह अहम समुद्री मार्ग व्यावसायिक जहाजों के लिए बंद है, जिससे सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हुई है.

एयर कार्गो में भी भारी गिरावट

समस्या सिर्फ समुद्री रास्तों तक सीमित नहीं है. एविएशन एनालिटिक्स कंपनी Aevean के आंकड़ों का हवाला देते हुए Reuters ने बताया कि 28 फरवरी से 3 मार्च के बीच मिडिल ईस्ट जाने वाले एयर कार्गो की क्षमता 22 प्रतिशत घट गई यानी जिस रास्ते से जल्दी खराब होने वाला सामान भेजा जाता था, वह भी अब सीमित हो गया है.

जेबेल अली पोर्ट पर भी असर

दुबई की सप्लाई चेन को एक और बड़ा झटका तब लगा जब क्षेत्र का सबसे बड़ा बंदरगाह जेबेल अली पोर्ट भी युद्ध के असर से प्रभावित हुआ. यह बंदरगाह पूरे गल्फ क्षेत्र के करोड़ों लोगों के लिए लॉजिस्टिक्स हब की तरह काम करता है. संघर्ष के दौरान इस पर हमला हुआ और 5 मार्च को यह केवल आंशिक रूप से ही दोबारा चालू हो पाया.

क्यों सबसे पहले खत्म होता है फ्रेश फूड

जानकारों के मुताबिक ताजा खाने की चीजें किसी भी शहर की सप्लाई चेन का सबसे संवेदनशील हिस्सा होती हैं. फ्रेश फूड में शामिल हैं स्ट्रॉबेरी, टमाटर, लेट्यूस, आम, हर्ब्स, डेयरी प्रोडक्ट. इनकी शेल्फ लाइफ कुछ दिनों की होती है, महीनों की नहीं. इसी वजह से इन्हें लंबा समुद्री रास्ता देकर भेजना संभव नहीं होता. उदाहरण के लिए Cape of Good Hope के रास्ते जहाज भेजने पर यात्रा में 4 से 6 सप्ताह का अतिरिक्त समय लग सकता है, जो ताजा फल-सब्जियों के लिए संभव नहीं है.

इसे भी पढ़ें- $90 के पार पहुंचा क्रूड ऑयल, $100 का खतरा कितना बड़ा? जानें भारत के लिए क्यों है ये बुरी खबर, कहां पड़ेगा ज्यादा असर