घरेलू और कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर हुआ महंगा, दिल्ली में 60 रुपये बढ़ी LPG की कीमत, जानें- अब कितने में मिलेगा

दिल्ली में शनिवार 7 मार्च से घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ गई हैं. इसके अलावा कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में भी इजाफा हुआ है. ईरान में संघर्ष के बीच बढ़ते फ्यूल संकट की चिंता को देखते हुए, केंद्र ने शुक्रवार को दोहराया कि भारत के पास काफी स्टॉक है.

एलपीजी की कीमत बढ़ी. Image Credit: TV9 Bharatvarsh

पश्चिम एशिया में जारी उथल-पुथल के बीच दिल्ली वासियों को महंगाई के मोर्चे पर बड़ा झटका लगा है. दिल्ली में शनिवार 7 मार्च से घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ जाएंगी. न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है.

अब कितने में मिलेगा घरेलू सिलेंडर

दिल्ली में 14.2 kg वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है. नया रेट 7 मार्च से लागू होगा. इसके अलावा कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में भी इजाफा हुआ है.

कमर्शियल LPG भी महंगा

एएनआई के अनुसार, 19 किलो वाले कमर्शियल LPG गैस सिलेंडर की कीमत भी 115 रुपये बढ़ा दी गई है, जो आज, 7 मार्च से लागू होगी. दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत अब 1883 रुपये और मुंबई में 1835 रुपये होगी.

ईरान में संघर्ष के बीच बढ़ते फ्यूल संकट की चिंता को देखते हुए, केंद्र ने शुक्रवार को दोहराया कि भारत के पास काफी स्टॉक है, और देश की सभी LPG रिफाइनरियों – सरकारी और प्राइवेट – को प्रोडक्शन बढ़ाने का निर्देश दिया है.

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने कहा, ‘भारत में एनर्जी की कोई कमी नहीं है और हमारे एनर्जी कंज्यूमर्स के लिए चिंता की कोई बात नहीं है. हमारी प्राथमिकता हमारे नागरिकों के लिए सस्ता और टिकाऊ फ्यूल उपलब्ध कराना है, और हम इसे आराम से कर रहे हैं.’

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने भी जोर देकर कहा कि कोई कमी नहीं है. X, जिसे पहले ट्विटर कहा जाता था, पर एक पोस्ट में इंडियन ऑयल ने कहा, ‘सोशल मीडिया पर पेट्रोल और डीजल की कमी की खबरें बेबुनियाद हैं. भारत के पास काफी फ्यूल स्टॉक है. नागरिकों से अनुरोध है कि वे घबराएं नहीं या फ्यूल स्टेशनों पर भीड़ न लगाएं और सही जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सोर्स पर ही भरोसा करें.’