TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

2024 में 27 नए विदेशी रिटेल ब्रांड्स की भारत में एंट्री, दिल्ली और मुंबई में सबसे ज्यादा स्टोर्स

2024 में भारत विदेशी रिटेल ब्रांड्स के लिए एक आकर्षक बाजार बनकर उभरा है. खासतौर पर मेट्रो शहर अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स की पहली पसंद बन रहे हैं. लग्जरी और फैशन सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय कंपनियों की बढ़ती दिलचस्पी यह दिखाती है कि भारतीय ग्राहकों में प्रीमियम और ग्लोबल ब्रांड्स की मांग तेजी से बढ़ रही है.

भारत में 27 नए विदेशी रिटेल ब्रांड्स की एंट्री Image Credit: Freepik

Retail Brands: साल 2024 में भारत में 27 नए विदेशी रिटेल ब्रांड ने भारत में एंट्री की है, जो 2023 में आए 14 ब्रांड्स से लगभग दोगुना है. JLL इंडिया की रिपोर्ट में मुताबिक इसका मुख्य कारण भारतीय ग्राहकों में लग्जरी आइटम्स की बढ़ती मांग है. JLL इंडिया के अनुसार, पिछले चार सालों में 60 अंतरराष्ट्रीय ब्रांड भारत में लॉन्च हुए हैं, जिससे यह साफ है कि भारतीय बाजार में ग्लोबल ब्रांड्स की मांग लगातार बढ़ रही है.  

किन सेक्टर्स के ब्रांड्स भारत में आए?  

2024 में भारत में एंट्री करने वाले विदेशी ब्रांड्स मुख्य रूप से इन तीन कैटेगरीज से थे:  

  • ब्यूटी, कॉस्मेटिक्स और वेलनेस  
  • फुटवेयर, बैग्स और एक्सेसरीज
  • फैशन और अपैरल (कपड़े और लाइफस्टाइल ब्रांड्स)  

JLL इंडिया के ऑफिस लीजिंग और रिटेल सर्विसेज के हेड राहुल अरोड़ा ने कहा कि, “पिछले चार सालों में अंतरराष्ट्रीय रिटेलर्स ने भारत में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं.”  

कहां लॉन्च हुए सबसे ज्यादा ब्रांड्स?  

इन ब्रांड्स के लिए दिल्ली-एनसीआर सबसे पसंदीदा लोकेशन रही है, जहां अधिकतर अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स ने अपने पहले स्टोर खोले हैं. मुंबई दूसरे नंबर पर रहा. 2024 में लग्जरी ब्रांड्स ने करीब 1,90,000 स्क्वायर फीट का स्पेस लीज पर लिया है.  

अरोड़ा ने बताया है कि, “लग्जरी रिटेल सेक्टर ने मजबूत ग्रोथ दिखाई, खासतौर पर फैशन और अपैरल ब्रांड्स ने लगभग आधे लग्जरी रिटेल स्पेस को लीज पर लिया है.”  

तेजी से बढ़ रहा है भारत में रिटेल सेक्टर

Paras Buildtech के COO, कुनाल ऋषि का कहना है कि, “भारत का रिटेल सेक्टर बहुत तेजी से बदल रहा है. अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के आने और घरेलू ब्रांड्स के विस्तार के कारण हाई-क्वालिटी रिटेल स्पेस की मांग काफी बढ़ गई है.”  

उन्होंने यह भी कहा कि इस ट्रेंड को शहरीकरण, बढ़ती डिस्पोजेबल इनकम और शॉपिंग पैटर्न में बदलाव का समर्थन मिल रहा है, जिससे भारत दुनिया के सबसे डायनामिक रिटेल मार्केट्स में शामिल हो रहा है.  

दिल्ली-NCR बना रिटेल ब्रांड्स की पहली पसंद  

Trehan Iris के VP-लीजिंग, आकाश नागपाल के मुताबिक, “दिल्ली-एनसीआर रिटेल स्पेस के लिए सबसे मजबूत बाजार बना हुआ है. यहां ब्रांड्स की डिमांड लगातार बढ़ रही है और 2025 में 2023 की तुलना में 20 लाख स्क्वायर फीट अतिरिक्त रिटेल स्पेस जुड़ने की संभावना है.”