ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा से आज मिलेंगे PM मोदी, रेयर अर्थ पर बड़े ऐलान की उम्मीद, $20 अरब ट्रेड टारगेट पर फोकस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा की दिल्ली में अहम बैठक होने जा रही है. इस मुलाकात में क्रिटिकल मिनरल्स और रेयर अर्थ पर सहयोग बढ़ाने पर जोर रहेगा. भारत चीन पर निर्भरता कम करने के लिए नए साझेदार तलाश रहा है. दोनों देश व्यापार बढ़ाने और रक्षा क्षेत्र में सहयोग पर भी चर्चा करेंगे.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा की दिल्ली में अहम बैठक होने जा रही है. Image Credit: CANVA

PM Modi Lula Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा से मुलाकात करेंगे. इस बैठक का मुख्य फोकस मिनरल्स और रेयर अर्थ के सेक्टर में सहयोग बढ़ाना है. भारत चीन पर निर्भरता कम करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है. ऐसे समय में ब्राजील के साथ साझेदारी को अहम माना जा रहा है. राष्ट्रपति लूला इस समय भारत दौरे पर हैं और उनके साथ कई मंत्री और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी आए हैं. दोनों देशों के बीच ट्रेड और स्ट्रैटेजिक रिलेशन को नई दिशा देने की तैयारी है.

मिनरल्स और रेयर अर्थ पर जोर

बैठक में क्रिटिकल मिनरल्स पर एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग पर साइन हो सकते हैं. ब्राजील के पास दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा क्रिटिकल मिनरल्स रिजर्व है. इन मिनरल्सों का यूज इलेक्ट्रिक वाहन, सोलर पैनल, स्मार्टफोन और डिफेंस इक्विपमेंट में होता है. चीन इस सेक्टर में प्रमुख निर्यातक है और भारत विकल्प तलाश रहा है. ऐसे में ब्राजील के साथ सहयोग भारत के लिए रणनीतिक रूप से अहम है.

एजेंडा में ट्रेड और डिफेंस एग्रीमेंट

दोनों नेता आपसी व्यापार को बढ़ाने पर भी चर्चा करेंगे. रिपोर्ट के अनुसार एम्ब्रेयर और अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के बीच समझौता हो सकता है. इसके तहत भारत में ई वन सेवन फाइव विमान की फाइनल असेंबली लाइन स्थापित की जा सकती है. इससे भारत में मैन्युफैक्चरिंग और डिफेंस सेक्टर को मजबूती मिलेगी. 2030 तक 20 अरब डॉलर तक का ट्रेड पहुंचाने का टारगेट है.

हाई लेवल मीटिंग में तय होगा एजेंडा

राष्ट्रपति लूला भारत AI इम्पैक्ट समिट 2026 में शामिल होने आए हैं. उनके साथ करीब 14 मंत्री और कई बड़े उद्योगपति भी हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और विदेश मंत्री एस जयशंकर भी उनसे मुलाकात करेंगे. दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के साथ- साथ वैश्विक मुद्दों और ग्लोबल साउथ पर भी विचार साझा करेंगे.

ये भी पढ़ें- ट्रंप टैरिफ के खिलाफ फैसला आते ही सोने-चांदी में रॉकेट सी रफ्तार, 9% तक उछला सिल्वर, जानें गोल्ड का हाल

भारत ब्राजील रणनीतिक साझेदार

भारत और ब्राजील 2006 से रणनीतिक साझेदार हैं. 2025 में दोनों देशों के बीच व्यापार 15 अरब डॉलर से अधिक हो चुका है. भारत ब्राजील का प्रमुख निर्यात बाजार है जहां से चीनी, क्रूड ऑयल, वेजीटेबल ऑयल,कॉटन, और आइरन ओर आता है. दोनों देशों ने 2030 तक व्यापार को 20 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है. हाल के वर्षों में दोनों नेताओं की कई बार मुलाकात हो चुकी है जिससे संबंध और मजबूत हुए हैं.