Tim Cook: कलाई से कान तक! कैसे एक ऑपरेशनल जीनियस ने 15 साल में Apple को $350 अरब से $4 ट्रिलियन तक पहुंचाया?
15 साल तक Apple की कमान संभालने वाले टिम कुक अब CEO पद से हट रहे हैं, लेकिन उनका प्रभाव लंबे समय तक महसूस किया जाएगा. स्टीव जॉब्स के बाद कंपनी को संभालना आसान नहीं था, फिर भी कुक ने अपनी रणनीति, ऑपरेशनल क्षमता और स्थिर नेतृत्व के दम पर Apple को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया. उनके कार्यकाल में कंपनी ने न सिर्फ रिकॉर्ड वैल्यूएशन हासिल किया बल्कि एक मजबूत इकोसिस्टम भी तैयार किया, जिसने Apple को दुनिया की सबसे ताकतवर टेक कंपनियों में शामिल कर दिया.

End of Tim Cook Era as CEO: टिम कुक का Apple के CEO पद से हटना सिर्फ एक लीडरशिप में बदलाव नहीं है, बल्कि टेक इंडस्ट्री के एक पूरे युग का समापन यानी एंड ऑफ एन एरा (End of an Era) है. आमतौर पर हम इस फ्रेज का इस्तेमाल करते दिख जाते हैं लेकिन असल में इस लाइन के लिए इससे बेहतर मौका नहीं हो सकता है. 15 वर्षों तक कंपनी की कमान संभालने के बाद, कुक ने Apple को न सिर्फ स्थिर रखा बल्कि उसे काफी ऊंचाइयों तक पहुंचाया. जब उन्होंने अगस्त, 2011 में स्टीव जॉब्स की जगह ली, तब सबसे बड़ा सवाल यही था कि क्या कोई जॉब्स जैसे करिश्माई विजनरी की कमी को पूरा कर सकता है. कुक के बाद कंपनी का बागडोर जॉन टरनस (John Ternus) संभालेंगे.
लोगों की नजर में ये सवाल और खुलकर तकरीबन डेढ़ महीने बाद यानी जॉब्स की मौत (अक्टूबर, 2011) के बाद उठने लगे. लेकिन कुक ने यह साबित किया कि महान नेतृत्व सिर्फ मंच पर दिखने वाले जादू से नहीं, बल्कि गहराई में जाकर सिस्टम, रणनीति और निरंतरता बनाने से आता है.
$350 बिलियन से $4 ट्रिलियन तक का सफर
कुक की सबसे बड़ी ताकत उनकी ऑपरेशनल समझ रही. दरअसल, सीईओ बनने से पहले कुक बतौर चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) एप्पल के साथ 1998 से जुड़े हुए थे. इससे पहले भी वह Compaq और IBM जैसी दिग्गज टेक कंपनियों के साथ काम कर चुके थे जहां का एक्सपीरिएंस उन्हें अपनी क्षेत्र में खास बनाता था. सप्लाई चेन से लेकर ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन तक, उन्होंने Apple को एक ऐसी मशीन में बदल दिया जो न सिर्फ इनोवेशन करती है बल्कि उसे दुनिया के हर कोने तक प्रभावी ढंग से पहुंचाती है.
उनके नेतृत्व में Apple का वैल्यूएशन $350 बिलियन से बढ़कर $4 ट्रिलियन तक पहुंच गया. केवल ये आंकड़े ही इस बात का प्रमाण हैं कि कुक ने कंपनी को केवल प्रोडक्ट बनाने वाली मशीन तक सीमित नहीं रखा बल्कि एक विशाल आर्थिक ताकत में भी बदल दिया.
कलाई से कान तक पहुंचा Apple
जहां स्टीव जॉब्स ने Apple को “क्रांतिकारी सोच” दी, वहीं टिम कुक ने उसे “स्थायित्व और विस्तार” दिया. उन्होंने iPhone, iPad और Mac की सफलता को आगे बढ़ाते हुए लोगों की कलाई से कान तक में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. कुक ने Apple Watch और AirPods जैसे नए प्रोडक्ट कैटेगरी को जन्म दिया. इसके साथ ही उन्होंने सर्विसेस इकोसिस्टम, जैसे Apple Music, Apple TV और Apple Pay को मजबूत किया, जिससे Apple सिर्फ हार्डवेयर कंपनी नहीं बल्कि एक इंटीग्रेटेड डिजिटल प्लेटफॉर्म बन गया.
इंटरनल वर्क सिस्टम में भी अहम बदलाव
कुक का एक और बड़ा योगदान Apple की इंटरनल वर्क सिस्टम में बदलाव है. उन्होंने पारंपरिक साइलो मॉडल को खत्म कर प्रोजेक्ट-बेस्ड मैनेजमेंट सिस्टम को बढ़ावा दिया, जहां हर टीम को साफ टारगेट, रिसोर्सेज और आजादी दी जाती है. यह मॉडल आज बिजनेस स्कूल्स में केस स्टडी बन चुका है, क्योंकि यह दिखाता है कि कैसे बड़ी कंपनियां भी फुर्ती और नएपन को बनाए रख सकती हैं.
सिलिकॉन चिप्स की ओर कदम
इसके अलावा, Apple का अपने खुद के सिलिकॉन चिप्स की ओर कदम बढ़ाना भी कुक की दूरदर्शिता का परिणाम है. M1 और उसके बाद के चिप्स ने यह साबित किया कि Apple अब सिर्फ सॉफ्टवेयर या डिजाइन तक सीमित नहीं है, बल्कि हार्डवेयर के सबसे गहरे स्तर यानी प्रोसेसर तक पर अपना नियंत्रण रखता है. यह रणनीति Apple को भविष्य में और भी स्वतंत्र और शक्तिशाली बनाती है.
चुनौतियां भी शामिल
हालांकि उनके कार्यकाल में कुछ कमियां भी रहीं. जनरेटिव AI के क्षेत्र में Apple की धीमी शुरुआत और Vision Pro जैसे कुछ प्रोडक्ट्स का उम्मीदों पर खरा न उतरना, इन चुनौतियों की याद दिलाते हैं. यहीं वजह है कि आज कई बार अपडेट्स की रेस में एप्पल अपने कंपटीटर्स से थोड़ा पीछे रह जाता है फिर भी, इन सीमाओं के बावजूद कुक की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि उन्होंने Apple को जोखिमों से बचाते हुए लगातार आगे बढ़ाया. और कंपनी की कमान उस समय थामी जब उसे सबसे ज्यादा जरूरत थी.
यह भी पढ़ें- IPL पर 40% टैक्स क्यों? टीमों का बड़ा सवाल- इसे एंटरटेनमेंट नहीं, खेल मानो; GST घटाने की मांग तेज
टिम कुक का कार्यकाल यह सिखाता है कि हर युग को अपने तरह का नेतृत्व चाहिए. जहां जॉब्स ने Apple को नई पहचान दी, वहीं कुक ने उसे एक मजबूत, विश्वसनीय और बेहद लाभदायक साम्राज्य में बदल दिया. उनका सफर यह साबित करता है कि कभी-कभी सबसे बड़ी क्रांति शोर से नहीं बल्कि चुपचाप लिए गए निरंतर और सटीक फैसलों से आती है.