ईरान-यूएस सीजफायर भारत के लिए बनेगा गेमचेंजर, सस्ता तेल समेत मिलेंगे ये 5 बड़े फायदे
अमेरिका-ईरान सीजफायर से भारत को बड़ी राहत मिली है, खासकर Brent Crude के सस्ता होने से महंगाई और लागत दबाव कम होगा. इससे वैश्विक स्तर पर ऊर्जा सप्लाई का संकट दूर होने की उम्मीद है. इसके अलावा कुछ और क्षेत्रों में भी भारत को इसका लाभ मिलेगा. हालांकि पूरी राहत इस बात पर निर्भर करेगी कि सीजफायर कितना टिकता है.
Ceasefire Benefits to India: अमेरका और ईरान के बीच छिड़ी जंग के चलते ग्लोबल मार्केट में हलचल का माहौल था. मगर दोनों देशों के बीच दो हफ्तों के सीजफायर पर बनी सहमति के ऐलान ने भारत की अर्थव्यवस्था को बड़ी राहत दी है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर बढ़ते तनाव के चलते ऊर्जा कीमतों और सप्लाई चेन पर बना दबाव अब कम होने के आसार हैं. इसकी झलक 8 अप्रैल की सुबह देखने को भी मिली. खासतौर पर Brent Crude की कीमत जो 111 डॉलर प्रति बैरल से गिरकर 95 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गई है, जिससे भारत जैसे तेल आयात करने वाले देश को राहत मिली है. भारत का क्रूड बास्केट भी हाल ही में 130.68 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था, जिससे महंगाई और चालू खाते पर दबाव बढ़ गया था. मगर जंग पर 2 हफ्तों के ब्रेक से भारत को बड़ा फायदा होने वाला है. इससे न सिर्फ कच्चे तेल बल्कि कुछ और क्षेत्रों में भी राहत मिलने की उम्मीद है.
ऊर्जा और अर्थव्यवस्था को राहत
सीजफायर से तेल, गैस, उर्वरक और पेट्रोकेमिकल्स जैसी जरूरी चीजों की सप्लाई में सुधार की उम्मीद है. इससे न केवल लागत घटेगी, बल्कि रुपये पर दबाव भी कम होगा और व्यापार संतुलन बेहतर हो सकता है. अगर यह शांति बनी रहती है, तो भारत की ग्रोथ पर जो असर पड़ रहा था, उसमें भी सुधार देखने को मिल सकता है.
छात्रों और प्रवासियों को फायदा
पश्चिम एशिया में करीब 90 लाख भारतीय रहते हैं और लाखों छात्र पढ़ाई कर रहे हैं. यूएई, सऊदी अरब, कुवैत, कतर और ओमान जैसे देशों में बड़ी संख्या में भारतीय मौजूद हैं. ऐसे में तनाव कम होने से उनके लिए अनिश्चितता घटेगी और परिवारों को भी राहत मिलेगी. खाड़ी देशों से आने वाला रेमिटेंस भारत के कुल 135 अरब डॉलर के प्रवाह का करीब 38% है, जो देश की अर्थव्यवस्था के लिए बेहद अहम है.
निवेश और व्यापार पर असर
भारत का पश्चिम एशिया में निवेश लगातार बढ़ रहा है. अगस्त 2025 तक यह 20.5 अरब डॉलर तक पहुंच गया है. यूनाइटेड अरब अमीरात इसमें सबसे बड़ा हिस्सा रखता है. वहीं Strait of Hormuz के जरिए भारत का करीब 16% व्यापार जुड़ा हुआ है. ऐसे में इस रूट का खुलना और स्थिर रहना बेहद जरूरी है.
टूरिज्म और व्यापार में सुधार
पश्चिम एशिया में तनाव के चलते टूरिज्म और श्रम आवागमन भी प्रभावित हुआ है. क्योंकि बहुत से लोग मजदूरी करने या घूमने के लिए वहां जाते थे. मगर जंग के चलते खाड़ी देशों में जाना जोखिम भरा हो गया था. मगर सीजफायर के ऐलान और इसके आगे टिके रहने से इसमें सुधार आ सकता है. हालांकि इस सेक्टर को पूरी तरह से अपन पुराने रंग में लौटने में थोड़ा वक्त लग सकता है. बता दें पश्चिम एशिया भारत के कुल अंतरराष्ट्रीय यात्राओं का करीब 47% हिस्सा है. 2024 में 14.6 मिलियन यात्राएं इसी क्षेत्र में हुई थीं.
यह भी पढ़ें: 2 हफ्तों के लिए खुलेगा होर्मुज, सीजफायर का ऐलान, जानें ईरान की किन 10 शर्तों पर माना अमेरिका
L&T की होगी चांदी
Larsen & Toubro का मिडिल ईस्ट (खाड़ी देशों) में काफी बड़ा बिजनेस है, जो इसके कुल इंटरनेशनल कारोबार का अहम हिस्सा है. L&T के कुल ऑर्डर बुक का करीब 30–35% हिस्सा इंटरनेशनल बिजनेस से आता है. इसमें से बड़ा हिस्सा मिडिल ईस्ट (UAE, सऊदी अरब, कतर, ओमान) से जुड़ा होता है. खाड़ी देशों में कंपनी बड़े-बड़े EPC यानी इंजीनियरिंग प्रॉक्योरमेंट एंड कस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स चलती है. ईरान और यूएस के बीच हुए सीजफायर से L&T की चांदी होने की उम्मीद है. इसका असर आज इसके शेयरों पर भी देखने को मिला. इसकी वर्तमान कीमत ₹3,986.10 है. इसका पिछला बंद भाव 3,723 रुपये था, जबकि आज का हाई 4023 रुपये रहा. ऐसे में बुधवार को इसमें 8.06% उछाल दर्ज की गई.
अभी भी ये हैं चुनौतियां
विशेषज्ञों का मानना है कि सीजफायर से राहत जरूर मिली है, लेकिन पूरी तरह सामान्य स्थिति लौटने में समय लगेगा. होर्मुज से गुजरने पर बढ़े हुए शुल्क, युद्ध बीमा और लॉजिस्टिक लागत अभी भी चुनौती बने हुए हैं. ऐसे में भारत के लिए स्थायी राहत इस बात पर निर्भर करेगी कि यह शांति कितने समय तक बनी रहती है.
Latest Stories
सीजफायर के ऐलान से RBI को राहत, रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं, नहीं बढ़ेगी EMI, जानें महंगाई और ग्रोथ पर क्या बोले गवर्नर
होर्मुज में 50% जहाज ट्रैफिक डाटा से ‘गायब’! अंडरकवर एजेंट ने किया खुलासा, अब खुलने से तेल सप्लाई पर क्या असर?
ईरान-US तनाव थमा तो दौड़ा गोल्ड! सोना 2.4% चढ़ा, चांदी भी 11 हजार रुपये से ज्यादा उछली
