ब्रिटिश सरकार को नोटिस भेजेगा सीहोर का रूठिया परिवार, नहीं लौटाया 109 साल पुराना 35 हजार का कर्ज, अब रकम करोड़ों में !
मध्यप्रदेश के सीहोर का रूठिया परिवार दावा कर रहा है कि उनके दादा सेठ जुम्मा लाल रूठिया ने 1917 में अंग्रेज सरकार को 35,000 रुपये उधार दिए थे. परिवार के अनुसार यह रकम आज तक वापस नहीं मिली. अब विवेक रूठिया कानूनी सलाह लेकर ब्रिटेन सरकार को नोटिस भेजने की तैयारी में हैं. परिवार के पास पुराने दस्तावेज होने का दावा किया गया है.
मध्यप्रदेश के सीहोर से एक दिलचस्प मामला सामने आया है. शहर के जाने-माने रूठिया परिवार ने दावा किया है कि उनके दादा ने करीब 109 साल पहले अंग्रेज सरकार को बड़ी रकम उधार दी थी, जो आज तक वापस नहीं मिली. अब परिवार की तीसरी पीढ़ी इस पैसे की कानूनी मांग करने की तैयारी में है.
1917 में दी गई थी रकम
परिवार का सदस्य विवेक रूठिया का कहना है कि उनके दादा सेठ जुम्मा लाल रूठिया ने साल 1917 में ब्रिटिश हुकूमत को 35,000 रुपये दिए थे. उस दौर में यह बहुत बड़ी रकम मानी जाती थी. विवेक रूठिया का कहना है कि यह पैसा सरकार ने जरूरत के समय लिया था, लेकिन लौटाया नहीं गया.
दस्तावेज होने का भी दावा
रूठिया परिवार का कहना है कि उनके पास उस समय के कागज मौजूद हैं. विवेक रूठिया ने एक प्रमाण पत्र का जिक्र किया, जिस पर 4 जून 1917 को भोपाल में ब्रिटिश अधिकारी के हस्ताक्षर होने की बात कही जा रही है. परिवार का दावा है कि उन्हें दादाजी की वसीयत में भी अंग्रेज सरकार के साथ हुई लिखा-पढ़ी के कागज मिले हैं.
अब रकम करोड़ों में बताई जा रही
विवेक रूठिया का मानना है कि आज के समय में इस रकम की कीमत करोड़ों रुपये में बैठती है. उनका कहना है कि उस जमाने की कीमत और आज की कीमत की तुलना से अंदाजा लगाया जा सकता है.
ब्रिटिश सरकार को नोटिस की तैयारी
परिवार ने साफ किया है कि वे कानूनी सलाह लेने के बाद ब्रिटेन की सरकार को नोटिस भेजेंगे. उनका कहना है कि अगर सरकार ने पैसा लिया था, तो उसका हिसाब होना चाहिए. आजादी से पहले रूठिया परिवार सीहोर और भोपाल इलाके के बड़े व्यापारिक परिवारों में गिना जाता था. शहर की बड़ी आबादी उनकी जमीन पर बसी बताई जाती है. विवेक रूठिया ने यह भी कहा कि परिवार के नाम पर कई संपत्तियां दर्ज हैं, लेकिन कई जगहों पर कब्जे जैसी समस्याएं हैं.
Latest Stories
भारत और इजराइल के बीच FTA से बिजनेस के लिए बनेगा स्टेबल मौका, मई में होगी अगले दौर की बातचीत
रिलायंस कम्युनिकेशंस लोन फ्रॉड केस में CBI की बड़ी कार्रवाई, अनिल अंबानी के घर और दफ्तर पर छापेमारी; कई अहम दस्तावेज जब्त
मार्च में 18 दिन बंद रहेंगे बैंक, होली, ईद समेत त्योहारों से भरा है महीना, देखें RBI के छुट्टियों की लिस्ट
