India vs Pakistan T20 Match: धोनी का मुरीद है ये पाकिस्तानी स्पिनर, हरभजन से लेकर हर दिग्गज कह रहे हैं बचके भारत, जानें क्या है खतरा
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले रोमांच चरम पर है. कोलंबो में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक चर्चा में हैं. धोनी से प्रेरित उनकी संघर्षभरी कहानी और शानदार फॉर्म ने भारत के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है, जिस पर दिग्गज भी नजरें टिकाए हुए हैं.
ICC T20 World Cup 2026: कभी हां, कभी ना की स्थिति के बाद आखिरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम ICC T20 World Cup 2026 में भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए राजी हो गई है. 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा. ऑल टाइम राइवल वाली ये दोनों टीमें एक बार फिर आमने-सामने होंगी, जिससे प्रशंसकों का उत्साह चरम पर है. इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले पाकिस्तान टीम का एक खिलाड़ी खास चर्चा में है – उस्मान तारिक. पहले अपने बॉलिंग एक्शन को लेकर आईसीसी की जांच के दायरे में आए तारिक के करियर को पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से मिली प्रेरणा ने नई दिशा दी. आखिर यह कहानी क्या है, और क्यों भारतीय दिग्गज खिलाड़ियों ने भारतीय बल्लेबाजों को सतर्क रहने को कहा है.
धोनी से मिली नई प्रेरणा
सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि उस्मान तारिक ने अपने करियर की वापसी का श्रेय महेंद्र सिंह धोनी को दिया है. जब वह लगभग क्रिकेट छोड़ने का मन बना चुके थे, तब 2016 में धोनी के जीवन पर बनी फिल्म देखने के बाद उन्हें नई प्रेरणा मिली. एएफपी को दिए एक इंटरव्यू में तारिक ने बताया कि उन्होंने क्रिकेट में नाम कमाने का सपना लगभग त्याग दिया था, लेकिन फिल्म ने उन्हें विश्वास दिलाया कि वे भी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं. दुबई में एक सेल्समैन के रूप में काम करते हुए उन्होंने अपने सफर की शुरुआत की. इसके बाद कैरेबियन प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 विकेट झटके और यहीं से उनका करियर नई ऊंचाई पर पहुंचा. इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम में जगह मिली.
भारतीय दिग्गजों की चेतावनी
पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह का मानना है कि टी20 वर्ल्ड कप में भारत का पलड़ा भारी रहेगा, लेकिन उन्होंने उस्मान तारिक को लेकर सावधान रहने की सलाह दी है. हरभजन के अनुसार, तारिक एक कुशल स्पिनर हैं और भारतीय बल्लेबाजों को उनके खिलाफ धैर्य और रणनीति के साथ खेलना होगा. स्पोर्ट एक्सपर्ट जतिन सप्रु ने भी तारिक की गेंदबाजी को भारत के लिए संभावित चुनौती बताया है.
क्या बॉलिंग एक्शन लीगल है?
उस्मान तारिक के बॉलिंग एक्शन को लेकर उठे सवालों पर तब विराम लगा जब ICC ने उन्हें क्लीन चिट दे दी. पूर्व अंपायर अनिल चौधरी ने स्पष्ट किया कि तारिक की बांह 15 डिग्री से अधिक नहीं मुड़ती, जो आईसीसी के निर्धारित मानकों के अनुरूप है. साथ ही, उनका गेंद छोड़ने का बिंदु (रिलीज पॉइंट) कंधे से ऊपर है, जिससे उनके एक्शन को वैध माना गया. हालांकि, उनके रुककर गेंद फेंकने की शैली पर चर्चा जरूर हुई, लेकिन आईसीसी ने इसमें आपत्ति नहीं जताई क्योंकि उनका गेंदबाजी पैटर्न लगातार एक जैसा है. यदि उस पैटर्न में बदलाव होता, तो मामला अलग हो सकता था.
भारतीय बल्लेबाजों के सामने चुनौती
उस्मान तारिक मौजूदा फॉर्म में भारत के लिए अहम चुनौती बन सकते हैं. उनकी गेंदबाजी में विविधता, सटीक लाइन-लेंथ और मिडिल ओवरों में विकेट निकालने की क्षमता मैच का रुख बदल सकती है. साथ ही उनका अनोखा बॉलिंग एक्शन बल्लेबाजों के लिए अतिरिक्त कठिनाई पैदा कर सकता है. ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को संयम, रणनीतिक सोच और तकनीकी दक्षता के साथ मैदान में उतरना होगा.
Latest Stories
IND vs PAK: मैच से पहले मौसम का खतरा, क्या बारिश बिगाड़ेगी हाई-वोल्टेज मुकाबले का खेल? यहां देखें पूरी डिटेल
रैंकिंग में टॉप, मैदान पर ढेर! जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 23 रन का झटका, ये बने असली हीरो
IMD Weather Update: यूपी समेत कई पहाड़ी इलाकों में बारिश के आसार, दिल्ली में 28 डिग्री तक चढ़ेगा पारा
