24 फरवरी को खुलेगा इस ज्वेलरी कंपनी का IPO, ₹380 करोड़ का होगा इश्यू; प्राइस बैंड से पहले चढ़ा GMP

डायमंड ज्वेलरी रिटेल ब्रांड PNGS Reva 380 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू 24-26 फरवरी के बीच लॉन्च करेगी. अभी प्राइस बैंड घोषित नहीं हुआ है, लेकिन ग्रे मार्केट में शेयर 16 रुपये प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं. कंपनी इस फंड से 15 नए स्टोर खोलेगी और ब्रांड विस्तार पर खर्च करेगी. जानें और डिटेल्स.

एंट्री को तैयार है ये ज्वेलरी आईपीओ Image Credit: @Money9live

PNGS Reva Diamond Jewellery IPO GMP: डायमंड ज्वेलरी सेगमेंट की रिटेल कंपनी PNGS Reva Diamond Jewellery जल्द ही अपना IPO लेकर आ रही है. कंपनी का 380 करोड़ रुपये का पब्लिक इश्यू 24 फरवरी से निवेशकों के लिए खुलेगा और 26 फरवरी को बंद होगा. इससे पहले 23 फरवरी को एंकर निवेशकों के लिए बोली प्रक्रिया आयोजित की जाएगी. इश्यू खुलने से पहले ही ग्रे मार्केट पर अच्छे प्रीमियम का संकेत मिलने लगा है.

पूरा फ्रेश इश्यू, OFS नहीं

कंपनी का यह आईपीओ पूरी तरह फ्रेश इश्यू होगा, यानी इसमें किसी मौजूदा शेयरधारक द्वारा शेयरों की बिक्री यानी ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल नहीं है. आईपीओ से जुटाई गई रकम सीधे कंपनी के पास जाएगी, जिसका उपयोग विस्तार योजनाओं में किया जाएगा.

पैसा कहां होगा इस्तेमाल?

कंपनी ने साफ किया है कि इस इश्यू से मिलने वाली राशि का बड़ा हिस्सा वित्त वर्ष 2028 तक 15 नए स्टोर खोलने में लगाया जाएगा. इसके अलावा ‘Reva’ ब्रांड की पहचान मजबूत करने के लिए मार्केटिंग और प्रमोशनल गतिविधियों पर भी खर्च किया जाएगा. शेष राशि सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए इस्तेमाल होगी.

वित्तीय प्रदर्शन

वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने मजबूत ग्रोथ दर्ज की है. ऑपरेशंस से आय 32 फीसदी बढ़कर 195.63 करोड़ रुपये से 258.18 करोड़ रुपये हो गई. मुनाफा 40 फीसदी बढ़कर 59.47 करोड़ रुपये पहुंच गया. यह आंकड़े दर्शाते हैं कि कंपनी का कारोबार विस्तार के साथ-साथ प्रॉफिटेबिलिटी भी बढ़ा रहा है.

प्राइस बैंड का इंतजार, GMP में हलचल

हालांकि अभी तक आईपीओ का प्राइस बैंड घोषित नहीं किया गया है, लेकिन ग्रे मार्केट में इसके शेयर 16 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं. इसका मतलब है कि जो भी प्राइस बैंड तय होगा, मौजूदा जीएमपी के आधार पर लिस्टिंग उस कीमत से करीब 16 रुपये ऊपर हो सकती है. हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि ग्रे मार्केट प्रीमियम केवल अनौपचारिक संकेत होता है और इसमें तेजी से बदलाव भी हो सकता है.

लिस्टिंग और मैनेजमेंट

इस इश्यू के लिए स्मार्ट होराइजन कैपिटल एडवाइजर्स को बुक रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है. कंपनी के शेयरों को NSE और BSE पर लिस्ट करने का प्रस्ताव है. ज्वेलरी सेक्टर में मजबूत ब्रांडिंग, स्टोर विस्तार की स्पष्ट योजना और बेहतर वित्तीय प्रदर्शन PNGS Reva को एक दिलचस्प आईपीओ बनाते हैं. हालांकि, अंतिम फैसला प्राइस बैंड, वैल्यूएशन और बाजार की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर लेना चाहिए.

कंपनी के बारे में

PNGS Reva Diamond Jewellery की स्थापना तब हुई जब इसके प्रमोटर P N Gadgil & Sons Ltd ने अपने डायमंड ज्वेलरी कारोबार को स्लंप सेल के जरिए अलग कर दिया. इस प्रक्रिया के बाद PNGS Reva एक स्वतंत्र इकाई के रूप में उभरी, हालांकि यह डायमंड ज्वेलरी बाजार में ही सक्रिय है. कंपनी मुख्य रूप से रिटेल फोकस्ड ब्रांड है और अलग-अलग प्रकार की ज्वेलरी की बिक्री करती है. 31 मार्च 2025 तक कंपनी के पास महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक के 25 शहरों में कुल 33 स्टोर थे.

ये भी पढ़ें- बड़ा IPO, दमदार सब्सक्रिप्शन…फिर भी लिस्टिंग के साथ होगा नुकसान? ₹180 से टूटकर नेगेटिव हुआ GMP; जानें डिटेल्स

डिसक्लेमर: इस खबर में GMP से संबंधित जानकारी दी गई है. मनी9लाइव का GMP तय करने से कोई संबंध नहीं है. मनी9लाइव निवेशकों को यह भी सचेत करता है कि केवल जीएमपी के आधार पर निवेश पर फैसला नहीं करें. निवेश से पहले कंपनी के फंडामेंटल जरूर देखें और एक्सपर्ट की सलाह अवश्य लें.