बाजार में उथल-पुथल के बीच MF पर निवेशकों का भरोसा बरकरार, फरवरी में ₹94543 करोड़ का इनफ्लो, इन स्कीम में लगा पैसा

फरवरी 2026 में इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश बढ़कर 25,978 करोड़ रुपये पहुंच गया जो जनवरी से करीब 8% ज्यादा है. कुल म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में 94,543 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो दर्ज हुआ. SIP निवेश 29,845 करोड़ रुपये रहा जबकि इक्विटी फंड का AUM बढ़कर 35.39 लाख करोड़ रुपये हो गया.

म्यूचुअल फंड Image Credit: canva

शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद निवेशकों का भरोसा इक्विटी म्यूचुअल फंड पर बना हुआ है. फरवरी 2026 में इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश बढ़कर 25,978 करोड़ रुपये पर पहुंच गया जो जनवरी के 24,029 करोड़ रुपये के मुकाबले करीब 8% ज्यादा है. यह जानकारी एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों में सामने आई है. हालांकि कुल म्यूचुअल फंड उद्योग में इनफ्लो जनवरी के मुकाबले कुछ कम रहा, लेकिन फिर भी उद्योग में निवेश नेट पॉजिटिव बना हुआ है.

कुल म्यूचुअल फंड इनफ्लो में हल्की गिरावट

फरवरी में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में कुल 94,543 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो दर्ज किया गया. यह जनवरी के 1.56 लाख करोड़ रुपये के मुकाबले कम है. एनालिस्ट्स का कहना है कि जनवरी में तेज निवेश के बाद फरवरी में कुछ श्रेणियों में निवेश की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी है. इसके बावजूद म्यूचुअल फंड योजनाओं में निवेश जारी रहना इस बात का संकेत है कि निवेशकों का भरोसा अभी भी बाजार से जुड़े निवेश विकल्पों पर कायम है.

इक्विटी फंड में निवेशकों की मजबूत भागीदारी

इक्विटी म्यूचुअल फंड की अलग-अलग श्रेणियों में निवेश का रुझान अलग-अलग देखने को मिला. फ्लेक्सी-कैप फंड में सबसे ज्यादा 6,925 करोड़ रुपये का निवेश आया, हालांकि यह जनवरी के मुकाबले थोड़ा कम रहा. वहीं मिड-कैप और स्मॉल-कैप फंड में निवेश बढ़ा है. फरवरी में मिड-कैप फंड में 4,003 करोड़ रुपये और स्मॉल-कैप फंड में 3,881 करोड़ रुपये का इनफ्लो दर्ज किया गया. इससे संकेत मिलता है कि निवेशक अभी भी ग्रोथ वाले सेगमेंट में दिलचस्पी दिखा रहे हैं. वहीं, लार्ज-कैप फंड में भी निवेश बढ़कर 2,112 करोड़ रुपये रहा जो जनवरी के 2,005 करोड़ रुपये से थोड़ा ज्यादा है.

डेट म्यूचुअल फंड में भी रहा इनफ्लो

फरवरी में डेट म्यूचुअल फंड में 42,106 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो हुआ, हालांकि यह जनवरी के 74,827 करोड़ रुपये के मुकाबले कम है. डेट फंड में निवेश का बड़ा हिस्सा लिक्विड फंड में आया, जिसमें 59,077 करोड़ रुपये का निवेश हुआ. वहीं कुछ श्रेणियों जैसे कॉर्पोरेट बॉन्ड और बैंकिंग-पीएसयू फंड में निकासी भी देखने को मिली.

गोल्ड ETF में निवेश जारी

गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) में भी निवेशकों की दिलचस्पी बनी रही. फरवरी में इस कैटेगरी में 5,255 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो दर्ज किया गया. हालांकि यह जनवरी के रिकॉर्ड 24,040 करोड़ रुपये से काफी कम है लेकिन फिर भी पिछले कई महीनों के मुकाबले मजबूत बना हुआ है. विशेषज्ञों का कहना है कि बाजार में अनिश्चितता और वैश्विक तनाव के बीच निवेशक अपने पोर्टफोलियो में विविधता लाने के लिए गोल्ड में निवेश कर रहे हैं.

SIP निवेश में भी मजबूती

सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के जरिए निवेश भी फरवरी में मजबूत बना रहा. फरवरी में SIP के जरिए करीब 29,845 करोड़ रुपये का निवेश हुआ, जो जनवरी के करीब 31,000 करोड़ रुपये से थोड़ा कम है. इसके अलावा मंथली उतार-चढ़ाव के बावजूद इक्विटी म्यूचुअल फंड का कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) बढ़कर 35.39 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो जनवरी में 34.87 लाख करोड़ रुपये था.

फरवरी म्यूचुअल फंड डेटा

  • कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 82 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंचा
  • फरवरी में 94,530 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो दर्ज किया गया
  • देश में म्यूचुअल फंड निवेशकों के 27 करोड़ से ज्यादा फोलियो हो गए हैं

टॉप कैटेगरी

  • इक्विटी फंड: AUM 35.39 लाख करोड़ रुपये | 25,978 करोड़ रुपये का इनफ्लो
  • डेट फंड: AUM 19.44 लाख करोड़ रुपये | 42,106 करोड़ रुपये का इनफ्लो
  • हाइब्रिड फंड: AUM 11.13 लाख करोड़ रुपये
  • इंडेक्स / ETF: AUM 15.24 लाख करोड़ रुपये

अन्य प्रमुख आंकड़े

  • फरवरी में 22 नए फंड लॉन्च हुए, जिनके जरिए NFO से 4,979 करोड़ रुपये जुटाए गए.
  • फ्लेक्सी कैप फंड अभी भी सबसे बड़ा सेगमेंट रहा, जिसका AUM 5.53 लाख करोड़ रुपये है.

कैटेगरी के हिसाब से इनफ्लो / आउटफ्लो

  • डिविडेंड यील्ड फंड: 21 करोड़ रुपये इनफ्लो (पिछले महीने 48 करोड़ रुपये)
  • ELSS फंड: 950 करोड़ रुपये आउटफ्लो (पिछले महीने 593.69 करोड़ रुपये आउटफ्लो)
  • लिक्विड फंड: 59,077 करोड़ रुपये इनफ्लो (पिछले महीने 30,681.55 करोड़ रुपये)
  • सेक्टोरल / थीमैटिक फंड: 2,987 करोड़ रुपये इनफ्लो (पिछले महीने 1,042.56 करोड़ रुपये)
  • क्रेडिट रिस्क फंड: 94 करोड़ रुपये आउटफ्लो (पिछले महीने 125.85 करोड़ रुपये आउटफ्लो)
  • कॉरपोरेट बॉन्ड फंड: 2,302 करोड़ रुपये आउटफ्लो (पिछले महीने 11,472.79 करोड़ रुपये आउटफ्लो)
  • न्यू फंड ऑफर (NFO): फरवरी में 4,979 करोड़ रुपये का इनफ्लो (पिछले महीने 1,939 करोड़ रुपये)

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.