क्या आप फाइनेंशियली फ्री हैं, 33x रूल से 2 मिनट में लगाएं पता, ये हैं चेक करने का तरीका

33x रूल एक आसान तरीका है जिससे आप अपनी फाइनेंशियल फ्रीडम का अंदाजा लगा सकते हैं. इसमें आपके सालाना खर्च को 33 से गुणा किया जाता है. यह नियम 3 फीसदी सेफ विदड्रॉल रेट पर आधारित है. उदाहरण के लिए 10 लाख रुपये सालाना खर्च करने वाले को करीब 3.3 करोड़ रुपये की जरूरत होगी.

Image Credit: Money9live/Canva

33x Rule: हर व्यक्ति चाहता है कि वह आर्थिक रूप से स्वतंत्र हो और बिना चिंता के जीवन जी सके. लेकिन यह समझना आसान नहीं होता कि आप फाइनेंशियल फ्रीडम के कितने करीब हैं. ऐसे में 33x रूल एक आसान तरीका देता है जिससे आप जल्दी अपनी स्थिति का अंदाजा लगा सकते हैं. यह नियम आपके खर्च के आधार पर लक्ष्य तय करता है. इसमें ज्यादा कैलकुलेशन की जरूरत नहीं होती.

क्या है 33x रूल

33x रूल का मतलब है कि आप अपने सालाना खर्च को 33 से गुणा करें. जो राशि आती है वही आपकी फाइनेंशियल फ्रीडम का लक्ष्य माना जाता है. यह मानकर चलता है कि आप हर साल अपने निवेश का करीब 3 फीसदी निकाल सकते हैं. इससे आपका पैसा लंबे समय तक चल सकता है. यह तरीका आसान होने के कारण आम लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.

कहां से आया यह नियम

यह नियम अमेरिकी फाइनेंशियल प्लानर विलियम बेंगन के रिसर्च पर आधारित है. उन्होंने 4 फीसदी नियम दिया था जिसमें हर साल निवेश का 4 फीसदी निकालने की बात कही गई थी. 33x रूल इसी का सुरक्षित रूप है जिसमें 3 फीसदी निकासी को आधार बनाया गया है. इससे महंगाई और बाजार के उतार चढ़ाव का जोखिम कम करने की कोशिश की जाती है.

कैसे करें इसका इस्तेमाल

इस नियम को लागू करना काफी आसान है. सबसे पहले अपने सालाना खर्च का सही आकलन करें. इसके बाद उसे 33 से गुणा करें. उदाहरण के लिए अगर आपका सालाना खर्च 10 लाख रुपये है तो आपको करीब 3.3 करोड़ रुपये की जरूरत होगी. इसी तरह अलग-अलग खर्च के हिसाब से लक्ष्य तय किया जा सकता है.

कुछ आसान उदाहरण से समझें

अगर किसी परिवार का सालाना खर्च 6 लाख रुपये है तो उसे करीब 1.98 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखना होगा. वहीं 4 लाख रुपये खर्च करने वाले व्यक्ति को लगभग 1.32 करोड़ रुपये की जरूरत होगी. अगर कोई 12 लाख रुपये सालाना खर्च करता है तो उसे करीब 3.96 करोड़ रुपये जमा करने होंगे. इससे यह साफ होता है कि खर्च जितना ज्यादा होगा लक्ष्य भी उतना बड़ा होगा.

क्या हैं इसकी लिमिट

हालांकि यह नियम पूरी तरह सटीक नहीं है. इसमें महंगाई, मेडिकल खर्च और अचानक आने वाले खर्च को पूरी तरह शामिल नहीं किया जाता. बाजार की स्थिति भी समय के साथ बदलती रहती है. इसलिए इसे केवल एक अंदाजा लगाने का तरीका माना जाना चाहिए. असली योजना बनाने के लिए सही फाइनेंशियल प्लानिंग जरूरी होती है.

ये भी पढ़ें- टिकट कैंसिलेशन के नियम बदले, इतने घंटे पहले नहीं किया कैंसिल तो नहीं मिलेगा पैसा, बोर्डिंग स्टेशन बदलना हुआ आसान

सही प्लानिंग है सबसे जरूरी

33x रूल आपको एक शुरुआती दिशा जरूर देता है. लेकिन लंबी अवधि के लिए सही निवेश योजना बनाना जरूरी है. इसके लिए किसी एक्सपर्ट की सलाह लेना बेहतर होता है. सही प्लानिंग से आप अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकते हैं और आर्थिक रूप से मजबूत बन सकते हैं.