ग्लोबल टेंशन के बीच कहां लगाएं पैसा? जानें टॉप सरकारी स्कीम्स का पूरा हिसाब; इतना मिलेगा गारंटीड ब्याज

ग्लोबल टेंशन और बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच सुरक्षित निवेश विकल्पों की मांग तेजी से बढ़ रही है. Public Provident Fund (PPF), Sukanya Samriddhi Yojana (SSY), Employees Provident Fund (EPF), Senior Citizens Savings Scheme (SCSS) और पोस्ट ऑफिस योजनाएं निवेशकों को स्थिर और गारंटीड रिटर्न देती हैं. ये स्कीम्स न केवल पूंजी की सुरक्षा सुनिश्चित करती हैं, बल्कि टैक्स लाभ के साथ बेहतर रिटर्न भी प्रदान करती हैं.

निवेश योजना Image Credit: AI/canva

Investment Scheme Benefits: दुनिया भर में चल रहे तनाव ने वैश्विक अनिश्चितताओं को बढ़ा दिया है. अमेरिका-ईरान और इजरायल के बीच तनाव, रूस-यूक्रेन युद्ध और तेल मार्गों को लेकर पैदा हो रहे जोखिम के बीच वित्तीय बाजारों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. ऐसे माहौल में निवेशकों के लिए पूंजी की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता बन गई है. यही कारण है कि सरकार समर्थित फिक्स्ड-इनकम निवेश विकल्प एक बार फिर चर्चा में हैं. Public Provident Fund (PPF), Sukanya Samriddhi Yojana (SSY), Senior Citizens Savings Scheme (SCSS), Employees Provident Fund (EPF) और पोस्ट ऑफिस योजनाएं न केवल सुरक्षित रिटर्न देती हैं, बल्कि टैक्स लाभ और स्थिरता भी प्रदान करती हैं.

EPF, SCSS और SSY

Employees Provident Fund (EPF) फिलहाल 8.25 फीसदी सालाना ब्याज के साथ सबसे आकर्षक विकल्पों में शामिल है. यह नौकरीपेशा लोगों के लिए रिटायरमेंट फंड बनाने का मजबूत माध्यम है. वहीं, Senior Citizens Savings Scheme (SCSS) 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए 8.2 फीसदी ब्याज के साथ एक सुरक्षित विकल्प है, जिसमें 30 लाख रुपये तक निवेश किया जा सकता है. Sukanya Samriddhi Yojana (SSY) भी 8.2 फीसदी ब्याज के साथ बेटियों के भविष्य के लिए एक उत्कृष्ट योजना है, जिसमें निवेश पर टैक्स छूट का भी लाभ मिलता है.

PPF और पोस्ट ऑफिस योजनाएं

Public Provident Fund (PPF) 7.1 फीसदी टैक्स-फ्री रिटर्न के साथ 15 साल की लंबी अवधि का निवेश विकल्प है, जो सुरक्षित और स्थिर रिटर्न प्रदान करता है. इसमें सालाना 1.5 लाख रुपये तक निवेश किया जा सकता है. इसके अलावा, पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट (TD) 7.5 फीसदी तक ब्याज दर के साथ 1 से 5 साल की अवधि में निवेश का विकल्प देता है. अन्य पोस्ट ऑफिस योजनाएं, जैसे MIS और NSC, भी 6.7 से 7.4 फीसदी तक रिटर्न देती हैं, जो जोखिम से बचने वाले निवेशकों के लिए उपयुक्त हैं.

निवेश से पहले इन बातों का रखें ध्यान

हालांकि ये सभी योजनाएं सुरक्षित और सरकारी गारंटी के साथ आती हैं, फिर भी निवेश करने से पहले कुछ महत्वपूर्ण पहलुओं पर ध्यान देना जरूरी है. इसमें निवेश की पात्रता, लॉक-इन अवधि, समय से पहले निकासी के नियम शामिल है. PPF और SSY जैसी योजनाएं EEE कैटेगरी में आती हैं, यानी निवेश, ब्याज और निकासी तीनों पर टैक्स नहीं लगता, जिससे कुल रिटर्न बेहतर हो जाता है.

यह भी पढ़ें: ये देश नहीं यूज करते अमेरिकी डॉलर, ट्रंप की धमकी का नहीं पड़ता असर; ऐसे बिगाड़ते हैं खेल