जीरो टैक्स होने पर भी भरें ITR , लोन और वीजा में काम आएगा रिकॉर्ड, जानें 5 बड़े फायदे

वित्त वर्ष 2025-26 में जीरो टैक्स होने पर भी ITR भरना जरूरी माना जा रहा है. यह आपकी इनकम का आधिकारिक रिकॉर्ड बनाता है और TDS रिफंड क्लेम करने में मदद करता है. इसके साथ ही लोन और वीजा के लिए यह जरूरी दस्तावेज होता है. निवेश में हुए नुकसान को आगे ले जाने का फायदा भी मिलता है.

वित्त वर्ष 2025-26 में जीरो टैक्स होने पर भी ITR भरना जरूरी माना जा रहा है. Image Credit: Money9 Live

Nil ITR Filing Benefits: वित्त वर्ष 2025-26 में कई लोगों की इनकम टैक्स के दायरे से बाहर हो सकती है. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या जीरो टैक्स होने पर ITR भरना जरूरी है तो जानकार इसका जवाब हां में देते हैं. क्यों कि ITR भरना सिर्फ टैक्स देने तक सीमित नहीं है बल्कि यह आपकी इनकम का आधिकारिक रिकॉर्ड होता है. आज के डिजिटल सिस्टम में हर ट्रांजैक्शन ट्रैक होता है. ऐसे में ITR भरना आपको सुरक्षित और नियमों के अनुसार बनाए रखता है और भविष्य में कई वित्तीय कामों में मदद करता है.

टैक्स रिफंड और रिकॉर्ड के लिए जरूरी

अगर आपकी टैक्स देनदारी जीरो है तब भी TDS कट सकता है, जैसे बैंक ब्याज, फ्रीलांस इनकम या डिविडेंड पर. ऐसे में ITR भरने से आप आसानी से रिफंड क्लेम कर सकते हैं. यह आपके सालाना इनकम का एक सही और आधिकारिक रिकॉर्ड भी बनाता है. इससे टैक्स विभाग के डेटा के साथ मेल बैठता है और नोटिस या जांच की संभावना कम हो जाती है.

लोन और वीजा में मिलती है मदद

बैंक और फाइनेंस कंपनियां लोन देने से पहले ITR मांगती हैं. यह आपकी इनकम और वित्तीय स्थिति का अहम सबूत होता है. जीरो ITR भी इस मामले में उपयोगी साबित होता है. इससे पर्सनल लोन, होम लोन और क्रेडिट कार्ड मिलने में आसानी होती है. इसके अलावा विदेश यात्रा या पढ़ाई के लिए वीजा आवेदन में भी ITR जरूरी होता है, जहां आमतौर पर पिछले 3 से 5 साल का रिकॉर्ड मांगा जाता है.

निवेश नुकसान की बचत

अगर आपने शेयर या म्यूचुअल फंड में नुकसान उठाया है तो ITR भरना जरूरी हो जाता है. इससे आप उस नुकसान को आगे के सालों में कैरी फॉरवर्ड कर सकते हैं. यह सुविधा भविष्य में टैक्स बचाने में मदद करती है. जीरो इनकम होने के बावजूद यह फायदा मिलता है. यह निवेश करने वालों के लिए खास तौर पर महत्वपूर्ण है और लॉन्ग टर्म फाइनेंशियल प्लानिंग को मजबूत बनाता है.

ये भी पढ़ें – अब WhatsApp पर होगा बैंकिंग का हर काम! SBI की इस सुविधा से घर बैठे होगा हर काम, जानें प्रोसेस

मजबूत फाइनेंशियल प्रोफाइल

नियमित रूप से ITR भरने से आपकी एक साफ और मजबूत वित्तीय हिस्ट्री बनती है. इससे टैक्स विभाग के साथ आपकी विश्वसनीयता बढ़ती है. छोटी गलतियों पर नोटिस आने की संभावना कम हो जाती है. AIS और TIS जैसे डिजिटल सिस्टम में आपका डेटा सही बना रहता है. इससे भविष्य में किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सकता है और आपकी फाइनेंशियल प्रोफाइल मजबूत होती है.