Flexicap Fund: बाजार के उतार-चढ़ाव में भी रिटर्न की नहीं रहेगी टेंशन! जानें क्यों बन रहा निवेशकों का फेवरेट

Flexicap Fund ऐसा निवेश विकल्प है, जिसमें फंड मैनेजर को Large, Mid और Small Cap में निवेश की पूरी आजादी मिलती है. बाजार के उतार-चढ़ाव के बीच यह फंड बेहतर रिटर्न और डायवर्सिफिकेशन का मौका देता है, इसलिए निवेशकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.

what is Flexicap Funds and how it is beneficial for investors check details Image Credit: canva/AI image

What Is Flexicap Fund: शेयर बाजार में निवेश करने वाले ज्यादातर लोग कंफ्यूजन में रहते हैं कि पैसा कहां लगाएं. निवेश के लिए लार्ज कैप बेहतर है या मिड कैप या स्‍मॉल कैप. क्‍योंकि बाजार में उतार-चढ़ाव के साथ हर कैटेगरी का प्रदर्शन समय के साथ बदलता रहता है. ऐसे में सही समय पर सही जगह निवेश करना आसान नहीं होता. यही वजह है कि Flexicap Fund तेजी से निवेशकों की पसंद बनते जा रहे हैं. तो क्‍या है ये फ्लेक्सिकैप फंड और क्‍या हैं इसके फायदे यहां करें चेक.

क्या है Flexicap Fund?

Flexicap Fund एक इक्विटी म्यूचुअल फंड होता है, जिसमें फंड मैनेजर को पूरी आजादी होती है कि वह Large Cap, Mid Cap और Small Cap किसी भी कैटेगरी में निवेश कर सके. SEBI ने 2020 में इस कैटेगरी को शुरू किया था. इसका मकसद निवेशकों को एक ऐसा फंड देना था, जिसमें लचीलापन हो और बाजार के हर मौके का फायदा उठाया जा सके. इसमें नियम सिर्फ इतना है कि कुल फंड का कम से कम 65% हिस्सा इक्विटी में निवेश होना चाहिए.

क्‍यों बना खास?

पहले Multicap फंड में निवेश का पैटर्न तय नहीं था, जिससे फंड मैनेजर ज्यादातर पैसा Large Cap में ही लगा देते थे. बाद में SEBI ने नियम बनाया कि मल्‍टीकैप फंड को Large, Mid और Small Cap में कम से कम 25-25% निवेश करना होगा. इससे फंड मैनेजर की रणनीति सीमित हो गई. इसी समस्या को दूर करने के लिए Flexicap Fund को लाया गया, जहां फंड मैनेजर को पूरी स्वतंत्रता मिलती है.

Flexicap Fund के फायदे

निवेश की पूरी आजादी

फंड मैनेजर बाजार के हालात के अनुसार Large, Mid या Small Cap में निवेश बढ़ा या घटा सकता है.

हर सेगमेंट का फायदा

अगर किसी समय Small Cap अच्छा प्रदर्शन कर रहा है तो उसमें निवेश बढ़ाया जा सकता है, और अगर Large Cap सुरक्षित लग रहा है तो वहां शिफ्ट किया जा सकता है.

बेहतर रिटर्न की संभावना

फ्लेक्सिबिलिटी होने के कारण फंड मैनेजर ज्यादा रिटर्न देने वाले सेक्टर या कैटेगरी में निवेश कर सकता है.

रिस्‍क कम

एक ही फंड में अलग-अलग कंपनियों और सेक्टर में निवेश होने से जोखिम कम होता है.

अंतरराष्ट्रीय निवेश का मौका

फंड का कुछ हिस्सा विदेशी शेयरों, डेट या कैश में भी रखा जा सकता है, जिससे बाजार गिरने पर भी मौका मिलता है.

बाजार में क्यों है इसकी मांग?

शेयर बाजार हमेशा उतार-चढ़ाव वाला होता है. कभी Large Cap बेहतर प्रदर्शन करते हैं, तो कभी Mid और Small Cap में अच्‍छा रिटर्न मिलता है. ऐसे में आम निवेशक के लिए सही समय पर सही कैटेगरी चुनना मुश्किल होता है. Flexicap Fund इस काम को आसान बनाता है, क्योंकि यह निर्णय प्रोफेशनल फंड मैनेजर लेते हैं. नियम के तहत Large Cap फंड को अपने कुल निवेश का कम से कम 80% बड़ी कंपनियों में लगाना होता है, जबकि Mid Cap और Small Cap फंड को अपने-अपने सेगमेंट में कम से कम 65% निवेश करना जरूरी होता है. इस तरह के नियमों की वजह से इन फंड्स में लचीलापन कम हो जाता है और फंड मैनेजर के पास निवेश बदलने की सीमित गुंजाइश रहती है. साथ ही, जहां कम से कम 65% निवेश भारतीय इक्विटी में करना जरूरी है, वहीं बाकी 35% तक का पैसा डेट, विदेशी शेयरों या कैश में रखा जा सकता है. इससे बाजार में गिरावट आने पर भी मौके का फायदा उठाया जा सकता है.

टैक्स में भी फायदा

  • Flexicap Fund को इक्विटी फंड माना जाता है, इसलिए इसमें टैक्स नियम भी उसी तरह लागू होते हैं
  • 1 साल से पहले बेचने पर 20% शॉर्ट टर्म टैक्स
  • 1 साल के बाद ₹1.25 लाख तक का मुनाफा टैक्स फ्री
  • ₹1.25 लाख से ऊपर के मुनाफे पर 12.5% टैक्स
  • यह टैक्स स्ट्रक्चर इसे निवेश के लिहाज से और आकर्षक बनाता है.

यह भी पढ़ें: 5 साल में ₹1 लाख बना ₹50 लाख! इस शेयर ने दिया 4900% का छप्‍परफाड़ रिटर्न, निवेशकों की लगी लॉटरी

किन निवेशकों के लिए सही?

  • जो निवेशक लंबे समय के लिए पैसा लगाना चाहते हैं.
  • जिन्हें मार्केट की ज्यादा समझ नहीं है.
  • जो एक ही फंड में डायवर्सिफिकेशन चाहते हैं.
  • जो जोखिम और रिटर्न के बीच बैलेंस चाहते हैं.

इन बातों का रखें ध्‍यान

यह फंड शेयर बाजार से जुड़ा है, इसलिए जोखिम पूरी तरह खत्म नहीं होता है. इसलिए इसका ध्‍यान रखना चाहिए. इसमें छोटी अवधि में उतार-चढ़ाव हो सकता है, इसलिए सही फंड का चयन और लंबी अवधि का नजरिया जरूरी है.

लेखक एक टैक्स और इंवेस्टमेंट एक्सपर्ट हैं. यहां व्यक्त विचार उनके निजी हैं. आप उन्हें jainbalwant@gmail.com पर या ट्विटर हैंडल @jainbalwant पर संपर्क कर सकते हैं.