Adani और IHG की साझेदारी में आ सकता है बड़ा उछाल, 5 होटल के बाद अब इस प्लान की तैयारी; निवेशक रखें नजर

भारत में एविएशन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की तेज ग्रोथ के बीच IHG Hotels & Resorts, Adani Airport Holdings के साथ अपनी साझेदारी को और विस्तार देने की तैयारी में है. पांच होटलों के लिए हुए साझेदारी के बाद कंपनी देश के विभिन्न एयरपोर्ट्स और एयरपोर्ट सिटीज में नए होटल विकसित करने के अवसर तलाश रही है.

अडानी एंटरप्राइजेज Image Credit: Getty image

Adani-IHG Hotels & Resorts: भारत में तेजी से बढ़ रहे एविएशन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को देखते हुए वैश्विक होटल चेन IHG Hotels & Resorts अपनी मौजूदगी को और मजबूत करने की तैयारी में है. कंपनी Adani Airport Holdings (AAHL) के साथ अपनी साझेदारी को और गहरा करना चाहती है और आने वाले वर्षों में देश के विभिन्न एयरपोर्ट्स और एयरपोर्ट सिटीज में अधिक होटल विकसित करने की योजना बना रही है. IHG को भरोसा है कि भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते हॉस्पिटैलिटी मार्केट्स में से एक बना रहेगा और एयरपोर्ट-सेंट्रिक होटल डेवलपमेंट आने वाले वर्षों में ग्रोथ का प्रमुख इंजन साबित हो सकता है.

5 होटल के लिए किया एग्रीमेंट साइन

पिछले महीने IHG और AAHL के बीच पांच होटलों के विकास के लिए एक मैनेज्ड होटल पोर्टफोलियो एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर हुए थे. इस समझौते के तहत भारत के प्रमुख एयरपोर्ट-लिंक्ड और हाई-ग्रोथ अर्बन डेस्टिनेशंस में करीब 1,500 कीज जोड़ने की योजना है. इस पोर्टफोलियो में जयपुर में Kimpton Hotel के अलावा Holiday Inn और Holiday Inn Express ब्रांड के होटल शामिल हैं. इन परियोजनाओं को नवी मुंबई, मंगलुरु और तिरुवनंतपुरम जैसे शहरों में विकसित किया जाएगा.

एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रोथ पर दांव

IHG के साउथवेस्ट एशिया मैनेजिंग डायरेक्टर सुदीप जैन के अनुसार, Adani Group और IHG की दीर्घकालिक विकास रणनीति में काफी समानता है. दोनों कंपनियां भारत में तेजी से बढ़ रहे इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और ट्रैवल डिमांड को अवसर के रूप में देख रही हैं.

उन्होंने कहा कि AAHL के पास कई एयरपोर्ट्स हैं और वहां भविष्य में बड़ी संख्या में होटल विकसित किए जाने हैं. ET की रिपोर्ट के मुताबिक, Adani Group सार्वजनिक रूप से लगभग 60 होटल विकसित करने की योजना की बात कर चुका है. फिलहाल IHG ने पांच होटलों के लिए साझेदारी की है, लेकिन भविष्य में दोनों कंपनियां अन्य परियोजनाओं पर भी साथ काम कर सकती हैं.

जेवर एयरपोर्ट समेत नए अवसरों पर नजर

IHG पहले से ही दिल्ली, मुंबई और लखनऊ जैसे शहरों में एयरपोर्ट्स के आसपास अपनी मजबूत मौजूदगी रखता है. कंपनी का मानना है कि जैसे-जैसे नए एयरपोर्ट्स और एयरपोर्ट सिटीज विकसित होंगे, हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के लिए बड़े अवसर पैदा होंगे. जेवर एयरपोर्ट के आसपास विकसित होने वाले नए लैंड पार्सल्स पर भी कंपनी की नजर है.

यदि वहां होटल डेवलपमेंट के अवसर सामने आते हैं, तो IHG उन परियोजनाओं का हिस्सा बनने की इच्छुक होगी. कंपनी केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहती. IHG टियर-2, टियर-3 और टियर-4 शहरों में भी विस्तार की संभावनाएं तलाश रही है, बशर्ते वहां पर्याप्त मांग मौजूद हो.

भारत में तेजी से बढ़ रहा IHG का पोर्टफोलियो

IHG Hotels & Resorts वर्तमान में भारत में अपने छह ब्रांड्स के तहत 52 होटल संचालित कर रही है. इसके अलावा अगले तीन से पांच वर्षों में 98 नए होटल खोलने की योजना पाइपलाइन में है. AAHL के साथ हुए समझौते के जरिए कंपनी पहली बार भारत में अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल ब्रांड Kimpton को लेकर आ रही है. इसके अलावा IHG अपनी Vignette Collection ब्रांड भी भारतीय बाजार में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है. कंपनी अपनी अल्ट्रा लग्जरी ब्रांड Regent को भी भारत में लाने के अवसर तलाश रही है.

शेयर पर रखें नजर

इस खबर के बाद निवेशकों की नजर Adani Enterprises के शेयर पर रहने वाली है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 0.83 फीसदी बढ़कर 3,038 रुपये पर पहुंच गया. पिछले एक सप्ताह में इसमें 2.36 फीसदी की तेजी आई है. वहीं, बीते एक महीने में यह स्टॉक 11 फीसदी उछल चुका है.

यह भी बढ़ें: NSE IPO के पीछे ‘Rothschild’ कौन? जिसने ब्रिटेन युद्धों को फंड किया और अमेरिका को डिफॉल्ट से बचाया

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.