सिल्वर बना बिटकॉइन, धड़ाधड़ हो रहा क्रैश, 73 हजार डॉलर से नीचे पहुंची कीमत, एक महीने में 16 फीसदी टूटा
बिटकॉइन में मंगलवार को तेज गिरावट दर्ज की गई और यह 16 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया. एक दिन में इसकी कीमत 6 फीसदी से ज्यादा टूट गई. साल की शुरुआत से अब तक बिटकॉइन करीब 16 फीसदी गिर चुका है. वैश्विक भू राजनीतिक तनाव अमेरिका से जुड़ी आर्थिक अनिश्चितता और क्रिप्टो इंडस्ट्री में नियमों को लेकर असमंजस इसकी मुख्य वजह माने जा रहे हैं.
Bitcoin Price Fall: इन दिनों गोल्ड और सिल्वर जैसी सेफ इनवेस्टमेंट कैटेगरी में भी कभी गिरावट तो कभी तेजी देखने को मिल रही है. कुछ दिन पहले सिल्वर की कीमतों में तेज गिरावट आई थी और यह करीब 80 हजार तक टूट गया था. अब इसी तरह का पैटर्न क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन में भी नजर आ रहा है, जहां पिछले कई दिनों से लगातार गिरावट बनी हुई है. मंगलवार को बिटकॉइन करीब 16 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया और इसकी कीमत 73 हजार डॉलर से नीचे फिसल गई. एक ही दिन में इसमें 6 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई. हालांकि अब इसमें मामूली रिकवरी देखने को मिल रही है और यह करीब 76 हजार डॉलर के आसपास ट्रेड कर रहा है.
16 महीने के निचले स्तर पर बिटकॉइन
मंगलवार को बिटकॉइन की कीमत घटकर लगभग 72800 डॉलर तक पहुंच गई. यह स्तर नवंबर 2024 के बाद सबसे निचला है. कारोबार के आखिर में बिटकॉइन में 3 फीसदी से ज्यादा की गिरावट बनी रही. साल की शुरुआत से अब तक बिटकॉइन करीब 16 फीसदी टूट चुका है.
भू राजनीतिक का असर
जानकारों का मानना है कि वैश्विक भू राजनीतिक तनाव और आर्थिक अनिश्चितता ने जोखिम भरे निवेश से लोगों को दूर किया है. अमेरिका में जरूरी आर्थिक आंकड़ों के जारी होने में देरी भी बाजार पर भारी पड़ी. आंशिक सरकारी शटडाउन के कारण निवेशकों में असमंजस की स्थिति बनी रही. इसी वजह से लोग सुरक्षित निवेश की ओर रुख कर रहे हैं.
क्रिप्टो बाजार में दबाव की वजह
क्रिप्टो इंडस्ट्री के लिए स्पष्ट कानूनों की कमी भी चिंता का कारण बनी हुई है. बाजार में लिक्विडेशन का दबाव भी देखने को मिल रहा है. जानकारों का कहना है कि बिटकॉइन की गिरावट किसी एक वजह से नहीं बल्कि कई कारणों के चलते हुई है. क्रिप्टो बाजार में उतार चढ़ाव हमेशा से रहा है और यह दौर भी उसी का हिस्सा है.
ये भी पढ़ें- सिलीगुड़ी चिकन नेक बनेगा अभेद्य किला, रेलवे बना रहा अंडरग्राउंड रूट, चीन-बांग्लादेश बॉर्डर पर मजबूत होगी सुरक्षा
लंबी अवधि को लेकर उम्मीद बरकरार
हालांकि जानकार मानते है कि क्रिप्टो बाजार के बेस अभी भी मजबूत हैं. स्टेबलकॉइन और टोकनाइज्ड एसेट्स में निवेश लगातार बढ़ रहा है. रिटेल और संस्थागत निवेशक इन डिजिटल एसेट्स में दिलचस्पी दिखा रहे हैं. बाजार के दोबारा संतुलित होने के बाद मध्यम और लंबी अवधि में तस्वीर बेहतर रहने की उम्मीद जताई जा रही है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.




