Coal India के शेयर फोकस में! Gevra खदान बनेगी दुनिया की नंबर-1 कोयला माइन, अमेरिका के BT Mine को पछाड़ेगी
Coal India की Gevra कोयला खदान अगले साल दुनिया की सबसे ज्यादा उत्पादन करने वाली माइन बनने जा रही है. यह अपडेट ऐसे समय आया है जब कंपनी के शेयर मजबूत रिटर्न दे चुके हैं. ऑपरेशनल मजबूती और भविष्य की योजनाओं के चलते सोमवार को Coal India के शेयरों में हलचल दिख सकती है.
Stock in Focus: भारत की सरकारी कोयला कंपनी Coal India से जुड़ी एक बड़ी उपलब्धि निवेशकों के लिए भी अहम संकेत लेकर आई है. छत्तीसगढ़ के कोरबा में स्थित Gevra कोयला खदान अगले साल दुनिया की सबसे ज्यादा उत्पादन करने वाली खदान बनने की तैयारी में है. यह खबर ऐसे समय आई है, जब Coal India के शेयर पहले ही मजबूत रिटर्न दे चुके हैं और सोमवार को बाजार खुलते ही इनमें हलचल देखने को मिल सकती है.
Gevra बनेगी दुनिया की सबसे बड़ी कोयला खदान
Coal India की सब्सिडियरी South Eastern Coalfields Limited (SECL) की Gevra खदान अगले साल 63 मिलियन टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य हासिल करने जा रही है. SECL के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हरीश दुहन ने पीटीआई के हवाले से बताया कि यह उत्पादन अमेरिका की Black Thunder Mine से ज्यादा होगा, जो फिलहाल 61-62 मिलियन टन कोयला निकालती है. इसके साथ ही Gevra दुनिया की नंबर-1 कोयला खदान बन जाएगी.
SECL इस वित्तीय वर्ष में Gevra से 56 मिलियन टन कोयला उत्पादन करने की दिशा में पूरी तरह तैयार है. कंपनी के मुताबिक जमीन, मशीनरी, मैनपावर और ग्राहकों की मांग, चारों मोर्चों पर तैयारी पूरी है. साथ ही, भारतीय रेलवे के सहयोग से मजबूत रेल नेटवर्क मौजूद है, जिससे कोयले की ढुलाई में कोई बड़ी रुकावट नहीं आएगी.
ग्रीन एनर्जी और डायवर्सिफिकेशन पर भी फोकस
Gevra खदान को पहले ही पर्यावरणीय मंजूरी मिल चुकी है, जिसके बाद इसकी सालाना उत्पादन क्षमता को 70 मिलियन टन तक बढ़ाया जा सकता है. 1981 से चालू यह खदान पहले ही भारत की सबसे बड़ी ओपनकास्ट कोयला खदान है और अब यह वैश्विक स्तर पर भी बड़ी पहचान बनाने जा रही है.
SECL सिर्फ कोयला उत्पादन तक सीमित नहीं रहना चाहती. कंपनी कोयला गैसीफिकेशन प्रोजेक्ट पर काम कर रही है और 700 मेगावाट के सोलर प्रोजेक्ट लगाने की योजना है. फ्लोटिंग सोलर और क्रिटिकल मिनरल्स के लिए छत्तीसगढ़ सरकार के साथ जॉइंट वेंचर की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं.
शेयर बाजार के लिए क्यों अहम है यह खबर
शुक्रवार को Coal India के शेयर 423.5 रुपये पर बंद हुए थे. बीते 3 महीनों में शेयर 12 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दे चुके हैं, जबकि पिछले 5 वर्षों में करीब 205 फीसदी की जोरदार बढ़त दिखी है. Gevra खदान से जुड़ा यह अपडेट कंपनी की मजबूत ऑपरेशनल स्थिति को दिखाता है. ऐसे में सोमवार को Coal India के शेयरों पर निवेशकों की नजर बनी रह सकती है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
