Delphi World Money ने डेटा ब्रीच और गलत जानकारी फैलाने की साजिश का किया पर्दाफाश, शेयर में आई तेजी

Delphi World Money ने खुलासा किया है कि अज्ञात व्यक्तियों ने शेयरधारकों का संवेदनशील डेटा चुराकर व्हाट्सऐप और सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाने वाले संदेश प्रसारित किए, जिनका उद्देश्य कंपनी के 99.76 करोड़ रुपये के राइट्स इश्यू को नुकसान पहुंचाना था. अब कंपनी ने पूरे मामले की विस्तार में जानकारी दी.

शेयर बाजार Image Credit: Money9live/Canva

Delphi World Money Ltd ने एक सीरियस चेतावनी जारी करते हुए बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने शेयरधारकों का सेंसिटिव डेटा गलत तरीके से हासिल कर लिया है. इस चोरी किए गए डेटा का इस्तेमाल निवेशकों को भ्रमित और डराने वाले संदेश भेजने में किया जा रहा था. कंपनी का दावा है कि यह पूरा अभियान उसके हाल ही में पूरे हुए 99.76 करोड़ रुपये के राइट्स इश्यू को नुकसान पहुंचाने के इरादे से चलाया गया. अब कंपनी ने इसको लेकर स्पष्टीकरण जारी करते हुए पूरे मामले को विस्तार में बताया है.

डेटा चोरी

कंपनी के अनुसार संदेश भेजने वाला व्यक्ति खुद को “Bull Value Incorporated VCC Sub-Fund” का प्रतिनिधि बता रहा है, जबकि वह Delphi का शेयरधारक तक नहीं है. इसके बावजूद उसके पास राइट्स इश्यू में आवेदन करने वाले निवेशकों के नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी जैसे निजी डेटा मौजूद थे. कंपनी ने इसे बेहद गंभीर डेटा ब्रीच बताते हुए कानूनी कार्रवाई करने का संकेत दिया है.

कोर्ट ऑर्डर को जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया गया

कंपनी ने बताया कि 27 नवंबर को द्वारका कोर्ट से एक अंतरिम “स्टेटस-को” आदेश आया था, लेकिन यह आदेश Delphi को सुने बिना पारित किया गया. अगले ही दिन, यानी 28 नवंबर को मामला दूसरी अदालत में स्थानांतरित कर दिया गया और पूर्व आदेश स्वतः समाप्त हो गया. इसके बावजूद कुछ लोगों ने केवल 27 नवंबर के आदेश के गलत और अधूरे स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुप्स में वायरल किए. जबकि अगले दिन हुए बदलाव का उल्लेख तक नहीं किया गया.

कोऑर्डिनेटेड कैम्पेन का संकेत

Delphi का कहना है कि वायरल हुए संदेशों का तरीका, लिखावट, समय और भाषा से स्पष्ट है कि यह एक संगठित और सुनियोजित नकारात्मक अभियान था. इसका उद्देश्य निवेशकों को डराना, गलत धारणा बनाना और अचानक शेयर की कीमत गिराना था.

राइट्स इश्यू पूरी तरह सफल

कंपनी ने स्पष्ट किया कि उसका राइट्स इश्यू सभी नियामक मंजूरियों के साथ पूरी तरह सफल रहा. शेयरों का अलॉटमेंट पूरा हो चुका है, निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट भी कर दिए गए हैं और शेयरों की लिस्टिंग हो चुकी है और वे सामान्य रूप से ट्रेड हो रहे हैं. जुटाई गई राशि का उपयोग घोषित योजनाओं के अनुसार किया जा रहा है. कंपनी ने निवेशकों को गैर-अधिकृत संदेशों को नजरअंदाज करने और केवल BSE/NSE या कंपनी की वेबसाइट पर जारी आधिकारिक नोटिस पर भरोसा करने की सलाह दी है.

शेयर कीमतों में पहले गिरावट, फिर मजबूत रिकवरी

वायरल फेक मैसेज के कारण 28 नवंबर को Delphi के शेयर में तेज गिरावट देखी गई थी. हालांकि, कंपनी के विस्तृत स्पष्टीकरण और तथ्यों के सामने आने के बाद स्टॉक ने आज 5 फीसदी से ज्यादा की रिकवरी दर्ज की. हालांकि, बाजार बंद होने तक स्टॉक का भाव 2.64 फीसदी की तेजी के साथ 249 रुपये पर कारोबार करते हुए बंद हुआ. कंपनी का मार्केट कैप 397 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.

ये भी पढ़ें- Brigade से Godrej तक… इन 3 रियल एस्टेट दिग्गजों ने जमा किए ₹5,318 करोड़ नकद; किसके शेयर निवेशकों को करा रहे मौज?

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.