HDFC बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने दिया इस्तीफा, बैंक के कामकाज पर उठाए सवाल, शेयरों पर हो सकता है असर

HDFC बैंक में बड़ा बदलाव सामने आया है, जहां पार्ट-टाइम चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने नैतिक कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया. उनके इस फैसले से बैंक के कामकाज और कॉर्पोरेट गवर्नेंस पर सवाल खड़े हो गए हैं. इस घटनाक्रम के बाद निवेशकों की नजर अब बैंक के शेयरों पर रहेगी और बाजार में हलचल की संभावना बढ़ गई है.

HDFC Bank Share Price Image Credit: Canva/ Money9

HDFC Bank Share Price: भारत के प्रमुख प्राइवेट बैंक HDFC Bank में एक अहम बदलाव हुआ है. बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन और इंडिपेंडेंट डायरेक्टर अतनु चक्रवर्ती (Atanu Chakraborty) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने कहा कि बैंक में पिछले कुछ समय से जो घटनाएं और कामकाज हो रहे थे, वे उनके व्यक्तिगत मूल्यों और नैतिकता के अनुरूप नहीं थे. उनके इस आरोप के बाद निवेशकों की नजर HDFC Bank के शेयरों पर रहेगी. आज यानी गुरुवार को बाजार में इसके शेयर में हलचल दिख सकती है. हालांकि, बैंक ने आधिकारिक पुष्टि में किसी प्रकार के अनैतिक कामकाज की बात नहीं कही है. साथ ही, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने बैंक को अंतरिम पार्ट-टाइम चेयरमैन नियुक्त करने की मंजूरी दी है.

नैतिक कारणों से दिया इस्तीफा?

इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, अतनु चक्रवर्ती ने 15 मार्च को अपने इस्तीफे में साफ लिखा कि पिछले दो साल में उन्होंने कुछ ऐसी चीजें देखीं जो उनके सिद्धांतों से मेल नहीं खातीं. इसी वजह से उन्होंने तुरंत प्रभाव से पद छोड़ने का फैसला किया. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस्तीफे के पीछे कोई और कारण नहीं है.

यह भी पढ़ें: 19 मार्च को इन हॉट स्टॉक्स पर रखें नजर, दिखेगी हलचल; लिस्ट में UltraTech Cement, Nazara Tech जैसे दिग्गज!

बैंक ने जताया आभार, अंतरिम चेयरमैन की नियुक्ति

बैंक ने 18 मार्च को उनके इस्तीफे की पुष्टि करते हुए कहा कि चक्रवर्ती के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया जाता है. 19 मार्च को एक्चेंज फाइलिंग में बैंक ने बताया कि अतनु चक्रवर्ती ने अपने पद से इस्तीफा दिया है. उनके इस्तीफे के बाद रिजर्व बैंक की मंजूरी से केकी मिस्त्री को 19 मार्च 2026 से तीन महीने के लिए अंतरिम पार्ट-टाइम चेयरमैन बनाया गया है.

विलय के बाद अहम भूमिका, पर उठे सवाल

चक्रवर्ती मई 2021 में बोर्ड से जुड़े थे और उनके कार्यकाल में HDFC Ltd. के साथ बड़ा विलय हुआ, जिससे बैंक देश का दूसरा सबसे बड़ा लेंडर बना. हालांकि उन्होंने माना कि इस विलय के पूरे फायदे अभी सामने नहीं आए हैं. उनके इस्तीफे में उठाए गए नैतिक मुद्दे अब बैंक की आंतरिक कार्यप्रणाली और कॉर्पोरेट गवर्नेंस पर सवाल खड़े कर सकते हैं.

क्या है बैंक के शेयर का हाल?

बुधवार को HDFC बैंक के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई है. 845.35 रुपये के ओपन प्राइस के बाद शेयर में उतार-चढ़ाव जारी रहा. बाजार बंद होते वक्त शेयर 843.05 रुपये पर कारोबार कर रहा था. हालांकि जब बीत एक सप्ताह में ईरान-अमेरिका-इजरायल युद्ध के कारण बाजार पर दबाव था तब इसके शेयर में 2.5 फीसदी से अधिक की तेजी दर्ज की गई है. हालांकि बीते एक महीने में इसमें 8 फीसदी से अधिक की गिरावट आई है. गुरुवार को बाजार खुलने के बाद बैंक के शेयरों पर निवेशकों की नजर रहने वाली है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.