शेयर बाजार खुलते ही 10 मिनट में निवेशकों के 12 लाख करोड़ स्वाहा, इन 5 कारणों से टूटे निफ्टी-सेंसेक्स
भारतीय शेयर बाजार सोमवार को बड़ी गिरावट के साथ खुला. इस गिरावट के चलते शुरुआती 10 मिनट में ही निवेशकों के 12 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए. एशियाई बाजारों में भी जबरदस्त गिरावट देखने को मिली. आइये जानते हैं कि किन प्रमुख कारणों के चलते सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में कारोबार करते दिखे.
अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के बीच कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और वैश्विक बाजारों में बिकवाली के असर से सोमवार (9 मार्च) को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला. सेंसेक्स करीब 1,862 अंक गिरकर 77,056 पर खुला, जबकि निफ्टी 582 अंक टूटकर 23,868 पर खुला. शुरुआती कारोबार में निफ्टी 706.90 अंक यानी 2.89% गिरकर 23,743.55 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया. वहीं, सेंसेक्स 2400 अंक यानी 3% टूटकर 76,424.55 पर ट्रेड करता दिखा. इस बड़ी गिरावट से 10 मिनट में ही निवेशकों के 12 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए. आइये जानते हैं कि किन 5 प्रमुख कारणों के चलते शेयर बाजार में भारी गिरावट आई.
गिरावट के बड़े कारण
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है. तेल की कीमतें सोमवार को 26% से ज्यादा बढ़ गईं. अमेरिका-इजरायल-ईरान युद्ध के चलते इराक और कुवैत जैसे बड़े उत्पादकों ने उत्पादन घटा दिया, जिससे सप्लाई प्रभावित हुई है. इसके अलावा होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा को लेकर चिंता ने भी कीमतों में अस्थिरता बढ़ा दी है. ब्रेंट क्रूड $24.39 यानी 26.31% उछलकर $117.08 प्रति बैरल तक पहुंच गया. कच्चे तेल की कीमतों में आई तेज बढ़ोतरी बाजार की कमजोरी की एक मुख्य वजह रही.
विदेशी निवेशकों की बिकवाली
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली ने भी बाजार पर दबाव बढ़ाया है. पिछले सप्ताह FIIs ने करीब ₹21,831 करोड़ की शुद्ध बिकवाली की. यह भी गिरावट का कारण हो सकता है.
रुपये में कमजोरी
जियो-पॉलिटिकल तनाव का असर सोमवार को भारतीय मुद्रा बाजार में भी देखने को मिला. भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 46 पैसे की गिरावट के साथ 92.20 पर खुला. कारोबार के शुरुआती घंटों में कमजोरी और बढ़ गई और सुबह करीब 9:50 बजे रुपया 56 पैसे से ज्यादा टूटकर 92.49 प्रति डॉलर के आसपास पहुंच गया जो रिकॉर्ड निचले स्तर के करीब है.
ग्लोबल मार्केट में कमजोरी
ग्लोबल बाजारों में भारी दबाव देखने को मिला। गिफ्ट निफ्टी 2.27% गिरा, जबकि अमेरिकी बाजारों में भी कमजोरी रही। एशियाई बाजारों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज हुई, जहां निक्केई करीब 7% और कोस्पी 7.34% टूट गया। वहीं यूरोपीय बाजार भी लाल निशान में बंद हुए.
इंडिया VIX में बढ़त
इंडिया VIX सोमवर को 21.99% की बढ़त के साथ 24.25 पर पहुंच गया. इंडिया VIX को बाजार का “फियर गेज” कहा जाता है, जो निवेशकों की चिंता और अस्थिरता को दर्शाता है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
Voltas और अन्य कंपनियों ने गर्मी से पहले AC की कीमतें बढ़ाने का किया ऐलान, शेयर हुए धड़ाम, जानें क्यों बढ़ेंगे दाम
600% डिविडेंड के ऐलान से रॉकेट बना शेयर, 15% उछला स्टॉक; जानें रिकॉर्ड डेट
138% की रेवेन्यू ग्रोथ, ₹1048 करोड़ का ऑर्डर बुक, यह एनर्जी इंफ्रा स्टॉक बन सकता है लंबी रेस का घोड़ा, रखें नजर
