बाजार खुलते ही तेल कंपनियों के शेयरों में मचा हाहाकार, 8% तक टूटे HPCL-BPCL-IOC के स्टॉक, जानें वजह

पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिल रहा है. कच्चे तेल की कीमतें 110 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचने से तेल मार्केटिंग कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली हुई. बाजार खुलते ही HPCL, BPCL और IOC के शेयरों में तेज गिरावट आई और ये लगभग 8 फीसदी तक टूट गए.

Oil and Gas Stocks Image Credit: @AI/Money9live

Oil and Gas Stocks: ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ता तनाव दुनिया भर में अनिश्चितता पैदा कर रहा है. इसी तनाव की वजह से ऑयल मार्केट में भारी उथल-पुथल देखने को मिल रही है. होर्मुज स्ट्रेट बंद होने और प्रमुख तेल उत्पादक देशों द्वारा प्रोडक्शन घटाने से कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़कर लगभग 110 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं. इस बीच डाउनस्ट्रीम तेल कंपनियों के शेयरों में हाहाकार मच गया है. बाजार खुलते ही देश की दिग्गज डाउनस्ट्रीम कंपनियों Hindustan Petroleum Corporation, Bharat Petroleum Corporation और Indian Oil Corporation के शेयर लगभग 8 फीसदी तक टूट गए हैं.

Hindustan Petroleum Corporation

HPCL के शेयर गैपडाउन के साथ खुले. सुबह 9 बजकर 21 मिनट तक इसके शेयर में 7.91 फीसदी की गिरावट आई. शेयर के भाव 31.65 रुपये कम होकर 373 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं. अब तक इसका आज का निचला स्तर 370 रुपये है. हालांकि शेयर में उथल-पुथल जारी है.

Bharat Petroleum Corporation

BPCL भी गैपडाउन के साथ खुला. सुबह 9 बजकर 23 मिनट पर इसमें 7.3 फीसदी से अधिक गिरावट आई है. इस बिकवाली के बाद शेयर के भाव 326 रुपये पर पहुंच गए. अब तक आज का निचला स्तर 324.30 रुपये है.

Indian Oil Corporation

IOC के शेयर भी गैपडाउन के साथ खुले. खबर लिखे जाने तक इसके शेयर में 6 फीसदी से अधिक की गिरावट आई है. इस गिरावट के बाद शेयर का भाव 157 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा है. इसका आज का निचला स्तर 156.30 रुपये है.

यह भी पढ़ें: इजराइल- ईरान युद्ध के बीच तेल की कीमतों में बड़ी उछाल, Brent और WTI 100 डॉलर के पार, ओपेक ने किया कटौती का ऐलान

इनके शेयरों में क्यों मचा हाहाकार?

हाल के दिनों में पश्चिम एशिया में बढ़े भू-राजनीतिक तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है. जब कच्चा तेल महंगा होता है, तो डाउनस्ट्रीम तेल कंपनियों के मुनाफे पर दबाव बढ़ जाता है. ऐसी कंपनियां तुरंत पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ा पातीं, जिससे उनके मार्जिन कम हो जाते हैं. यही कारण है कि निवेशकों ने तेल मार्केटिंग कंपनियों के शेयरों में बिकवाली की और इसका असर BPCL, HPCL और IOC के शेयरों पर भी दिखा. गिरावट की एक वजह यह भी है कि सरकार ने तेल कंपनियों को कहा है कि तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों पर न होने दें. इसे अपने स्तर पर ही एब्जॉर्ब करें.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.