इस शनिवार, 7 फरवरी को भी खुलेगा स्टॉक मार्केट, जारी हुआ शेड्यूल, देखें टाइमिंग

मॉक ट्रेडिंग सेशन के कारण इस शनिवार शेयर बाजार खुला रहेगा. इसमें कोई असली खरीद-बिक्री नहीं होती है. यह सेशन एक्सचेंज द्वारा सिस्टम, सॉफ्टवेयर और रिस्क मैनेजमेंट की जांच के लिए कराया जाता है. इस दौरान दिखने वाले भाव अस्थायी होते हैं और सेशन खत्म होते ही वास्तविक क्लोजिंग प्राइस अपडेट हो जाते हैं.

शेयर मार्केट Image Credit: Tv9 Network

आमतौर पर शेयर बाजार शनिवार और रविवार को बंद रहता है. इन दिनों BSE और NSE में कोई ट्रेडिंग नहीं होती है. लेकिन इस शनिवार, 7 फरवरी 2026 बाजार खुला रहेगा. देश के सबसे बड़े एक्सचेंज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर मॉक ट्रेडिंग सेशन आयोजित किया जा रहा है. यह मॉक सेशन इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स और कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट के लिए रखा गया है. एक्सचेंज ने इसका पूरा शेड्यूल और टाइमिंग जारी कर दी है, ताकि ट्रेडिंग में शामिल सदस्य और मार्केट पार्टिसिपेंट्स अपने सिस्टम और सॉफ्टवेयर की टेस्टिंग कर सकें.

क्यों रखा गया है मॉक ट्रेडिंग सेशन

एक्सचेंज की ओर से बताया गया है कि यह मॉक ट्रेडिंग सेशन सिर्फ टेस्टिंग और फेमिलियराइजेशन के मकसद से आयोजित किया जा रहा है. इसमें ट्रेडिंग में इस्तेमाल होने वाले सॉफ्टवेयर, रिस्क मैनेजमेंट सिस्टम और अलग-अलग मार्केट कंडीशन को परखा जाएगा. इस दौरान होने वाले किसी भी सौदे पर न तो मार्जिन की जिम्मेदारी बनेगी और न ही पे-इन या पे-आउट की कोई बाध्यता होगी. यानी इससे किसी तरह का अधिकार या देनदारी पैदा नहीं होगी.

इक्विटी सेगमेंट के लिए क्या रहेगा शेड्यूल

इक्विटी सेगमेंट में मॉक ट्रेडिंग की शुरुआत सुबह 10.15 बजे लॉग-इन से होगी, जो 10.45 बजे तक चलेगा. इसके बाद सुबह 10.45 बजे से 11.00 बजे तक मॉर्निंग ब्लॉक डील विंडो खुलेगी. प्री-ओपन सेशन में ऑर्डर एंट्री का समय 11.00 बजे से 11.08 बजे तक रहेगा, जबकि मैचिंग पीरियड 11.08 बजे से 11.15 बजे तक होगा. इसके बाद 11.15 बजे से 3.30 बजे तक कंटीन्यूअस ट्रेडिंग सेशन चलेगा. टी प्लस जीरो सेटलमेंट वाली कंटीन्यूअस ट्रेडिंग 1.30 बजे तक ही रहेगी.

आईपीओ और री-लिस्टेड स्क्रिप्स के लिए स्पेशल प्री-ओपन सेशन भी रखा गया है, जिसमें ऑर्डर एंट्री 11.00 बजे से 11.45 बजे तक और मैचिंग पीरियड 11.45 बजे से 12.00 बजे तक रहेगा. इसके अलावा 11.30 बजे से 3.30 बजे तक पीरियॉडिक कॉल ऑक्शन सेशन भी आयोजित किया जाएगा. दोपहर की ब्लॉक डील विंडो 1.30 बजे से 1.45 बजे तक खुलेगी. मार्केट क्लोजिंग 3.30 बजे होगी और पोस्ट क्लोजिंग सेशन 3.40 बजे से 3.50 बजे तक चलेगा.

इक्विटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट की टाइमिंग

इक्विटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में भी मॉक ट्रेडिंग का आयोजन किया जाएगा. यहां लॉग-इन का समय सुबह 10.15 बजे से 11.00 बजे तक रहेगा. प्री-ओपन सेशन में ऑर्डर एंट्री 11.00 बजे से 11.07 या 11.08 बजे तक होगी, जबकि ऑर्डर मैचिंग 11.08 बजे से 11.12 बजे तक चलेगी. इसके बाद 11.12 बजे से 11.15 बजे तक बफर पीरियड रखा गया है. कंटीन्यूअस ट्रेडिंग 11.15 बजे से 3.30 बजे तक होगी.

कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में भी टेस्टिंग

कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट के लिए भी मॉक ट्रेडिंग सेशन रखा गया है. इसमें ट्रेडिंग में इस्तेमाल होने वाले अलग-अलग फंक्शन जैसे कॉल ऑक्शन, ट्रेडिंग हॉल्ट और रिस्क रिडक्शन मोड की टेस्टिंग की जाएगी. इस सेगमेंट में भी कोई नई BOLT TWS रिलीज नहीं होगी.

थर्ड पार्टी प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने वालों के लिए क्या खास

जो ट्रेडिंग मेंबर थर्ड पार्टी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म या इन-हाउस सिस्टम का इस्तेमाल करते हैं, वे इस मॉक ट्रेडिंग सेशन के दौरान अपने एप्लिकेशन की टेस्टिंग कर सकते हैं. एक्सचेंज ने साफ किया है कि यह मौका खास तौर पर असाधारण मार्केट कंडीशन में सिस्टम के व्यवहार को परखने के लिए दिया जा रहा है.

सेबी के नियमों का भी जिक्र

एक्सचेंज ने अपने नोटिस में पहले जारी किए गए सर्कुलर का हवाला देते हुए कहा है कि मॉक ट्रेडिंग या यूएटी एनवायरनमेंट में भाग लेना रेगुलेटरी जरूरतों को पूरा करने के लिए मान्य होगा. यह व्यवस्था भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड के 24 नवंबर 2020 के सर्कुलर के तहत की गई है.

इसे भी पढ़ें- काजू कतली पर चढ़े चांदी के वर्क की कितनी होती है कीमत, महंगे सिल्वर ने बिगाड़ा मिठास का स्वाद?

Latest Stories