BSE से Waaree Energies और Adani Green तक, इन 5 कंपनियों में FII और DII ने जमकर बढ़ाई हिस्सेदारी; ये रही लिस्ट

वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में कई दिग्गज लार्ज-कैप कंपनियों में विदेशी और घरेलू संस्थागत निवेशकों ने अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. Swiggy, BSE, Bharti Airtel और Adani Group की कंपनियों में बढ़ी भागीदारी से बाजार में लॉन्ग-टर्म निवेश को लेकर सकारात्मक संकेत मिले हैं. जानें किन कंपनियों में कितनी बढ़ी हिस्सेदारी.

विदेशी के साथ--साथ घरेलू निवेशक इन कंपनियों में बढ़ा रहे स्टेक Image Credit: @Money9live

Q3 FY26 FIIs DIIs Increase Stake: शेयर बाजार में जब विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) और घरेलू संस्थागत निवेशक (DII) किसी कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाते हैं, तो इसे उस कंपनी के भविष्य को लेकर मजबूत भरोसे का संकेत माना जाता है. वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही यानी Q3 FY26 में कई बड़ी यानी लार्ज-कैप कंपनियों में FII और DII दोनों ने अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. इससे यह साफ होता है कि भारत की प्रमुख कंपनियों को लेकर निवेशकों का लॉन्ग-टर्म नजरिया सकारात्मक बना हुआ है. नीचे उन लार्ज-कैप कंपनियों की जानकारी दी गई है, जिनमें Q3 FY26 के दौरान बड़े निवेशकों ने हिस्सेदारी बढ़ाई है.

Swiggy Limited

Swiggy Limited का मार्केट कैप करीब 88,300 करोड़ रुपये है. इसके शेयर हाल में 319.80 रुपये के आसपास कारोबार कर रहे थे. हालांकि शेयर में हल्की गिरावट देखने को मिली, लेकिन निवेशकों का भरोसा मजबूत रहा. Q3 FY26 में विदेशी निवेशकों ने Swiggy में अपनी हिस्सेदारी सितंबर 2025 के 12.23 फीसदी से बढ़ाकर दिसंबर 2025 में 16.07 फीसदी कर दी, यानी करीब 3.84 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने भी हिस्सेदारी 15.95 फीसदी से बढ़ाकर 22.54 फीसदी कर दी, जो 6.59 फीसदी की बड़ी छलांग है. Swiggy एक टेक्नोलॉजी-आधारित प्लेटफॉर्म है, जो फूड डिलीवरी, ग्रॉसरी और क्विक-कॉमर्स सेवाएं देता है. यह देशभर के सैकड़ों शहरों में  रेस्टोरेंट, रिटेलर्स और ग्राहकों को डिजिटल नेटवर्क के जरिए जोड़ता है.

BSE Limited

एशिया के सबसे पुराने स्टॉक एक्सचेंजों में से एक BSE Limited का मार्केट कैप करीब 1.17 लाख करोड़ रुपये है. इसके शेयर लगभग 2,897 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे. Q3 FY26 में FII की हिस्सेदारी 16.25 फीसदी से बढ़कर 17.45 फीसदी हो गई, यानी 1.20 फीसदी की बढ़त. वहीं DII ने भी अपनी हिस्सेदारी 19.91 फीसदी से बढ़ाकर 23.74 फीसदी कर दी, जो 3.83 फीसदी की मजबूत वृद्धि है. BSE इक्विटी, डेरिवेटिव्स, म्यूचुअल फंड और डेट इंस्ट्रूमेंट्स के लिए ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराता है और भारत के फाइनेंशियल सिस्टम की अहम कड़ी माना जाता है.

Adani Green Energy

Adani Green Energy Limited का मार्केट कैप लगभग 1.59 लाख करोड़ रुपये है. Q3 में इसके शेयर करीब 972 रुपये पर कारोबार कर रहे थे. विदेशी निवेशकों ने इसमें अपनी हिस्सेदारी 11.29 फीसदी से बढ़ाकर 11.42 फीसदी कर दी, जबकि घरेलू निवेशकों ने 2.98 फीसदी से बढ़ाकर 4.31 फीसदी हिस्सेदारी कर ली. खासतौर पर DII की हिस्सेदारी में 1.33 फीसदी की बढ़त देखने को मिली. कंपनी सोलर, विंड और हाइब्रिड रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स पर काम करती है और भारत को ग्रीन एनर्जी की ओर ले जाने में अहम भूमिका निभा रही है.

Bharti Airtel

Bharti Airtel देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनियों में से एक है, जिसका मार्केट कैप 12.2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है. Q3 में इसके शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली. FII ने Airtel में अपनी हिस्सेदारी 27.42 फीसदी से बढ़ाकर 28.75 फीसदी कर दी, यानी 1.33 फीसदी की बढ़ोतरी. वहीं DII की हिस्सेदारी भी हल्की बढ़त के साथ 19.54 फीसदी तक पहुंच गई. Airtel मोबाइल, ब्रॉडबैंड, डिजिटल टीवी और एंटरप्राइज सेवाएं प्रदान करती है और भारत समेत कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मौजूद है.

Waaree Energies

Waaree Energies Limited का मार्केट कैप करीब 88,800 करोड़ रुपये है. इसके शेयर Q3 में लगभग 3,087 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे. विदेशी निवेशकों ने अपनी हिस्सेदारी 6.35 फीसदी से बढ़ाकर 6.91 फीसदी कर ली, जबकि DII की हिस्सेदारी में भी मामूली बढ़त देखने को मिली. कंपनी सोलर फोटोवोल्टिक मॉड्यूल बनाती है और रेजिडेंशियल, कमर्शियल और यूटिलिटी-स्केल सोलर प्रोजेक्ट्स के लिए समाधान उपलब्ध कराती है.

Adani Power

Adani Power Limited का मार्केट कैप लगभग 2.94 लाख करोड़ रुपये है. इसके शेयर Q3 में करीब 152 रुपये के आसपास रहे. FII की हिस्सेदारी 11.53 फीसदी से बढ़कर 11.64 फीसदी हो गई, जबकि DII ने 2.70 फीसदी से बढ़ाकर 3.41 फीसदी हिस्सेदारी कर ली. कंपनी भारत की प्रमुख निजी थर्मल पावर उत्पादक है, जो बड़े पैमाने पर बिजली उत्पादन कर राज्य बिजली कंपनियों और उद्योगों को सप्लाई करती है.

ये भी पढ़ें- सिगरेट कंपनियों के शेयर 11% तक उछले, टैक्स बढ़ने के बावजूद निवेशकों का भरोसा बरकरार; जानें तेजी की वजह

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.