Nifty Outlook Feb 2: निफ्टी में बजट के दिन डेली चार्ट पर लोअर शैडो के साथ बनी लॉन्ग बेयर कैंडल, एक्सपर्ट ने कहा- संकेत अच्छे नहीं
यूनियन बजट 2026 के बाद निफ्टी में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला. STT में बढ़ोतरी के चलते बाजार में तेज बिकवाली आई और निफ्टी 25,000 का अहम सपोर्ट तोड़कर चार महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, टेक्निकल चार्ट आगे भी कमजोरी के संकेत दे रहे हैं.
1 फरवरी यानी यूनियन बजट 2026 के दिन बाजार को जिस राहत की उम्मीद थी, वह पूरी तरह टूट गई. रविवार को हुए स्पेशल ट्रेडिंग सेशन में निफ्टी ने ऐसा झटका खाया कि निवेशकों की धारणा हिल गई. बजट भाषण शुरू होते ही बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ गया और निफ्टी 593 अंकों की गिरावट के साथ चार महीने के निचले स्तर 24,825.45 पर बंद हुआ. डेरिवेटिव्स पर STT बढ़ोतरी ने बाजार की कमजोर नस दबा दी और शॉर्ट-टर्म ट्रेडर्स से लेकर पोजिशनल निवेशक तक सतर्क हो गए. 2 फरवरी के निफ्टी आउटलुक को लेकर एक्सपर्ट का मानना है कि शॉर्ट टर्म में बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. STT बढ़ोतरी के बाद डेरिवेटिव्स सेगमेंट में ट्रेडिंग एक्टिविटी पर असर दिख सकता है, जिसका दबाव इंडेक्स पर जारी रह सकता है. ऐसे में उन्होंने निवेशकों को फिलहाल बड़े दांव लगाने से बचने, सपोर्ट लेवल्स पर नजर रखने और स्टॉक-स्पेसिफिक अप्रोच अपनाने की सलाह दी है.
इंडेक्स के लिए संकेत अच्छे नहीं
HDFC Securities के सीनियर टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट नागरज शेट्टी ने बाजार की चाल पर विस्तार से टिप्पणी करते हुए कहा कि यूनियन बजट 2026 जैसे अहम इकोनॉमिक इवेंट के दिन निफ्टी में हाई वोलैटिलिटी देखने को मिली. पॉजिटिव ओपनिंग के बाद निफ्टी शुरुआती और मिड-सेशन में 11:15 बजे तक ऊपर गया, लेकिन बजट पेश होते ही तेज कमजोरी शुरू हो गई और दिन के अंत तक कोई टिकाऊ रिकवरी देखने को नहीं मिली. उन्होंने टेक्निकल स्ट्रक्चर पर भी चिंता जताते हुए कहा कि डेली चार्ट पर लोअर शैडो के साथ एक लॉन्ग बेयर कैंडल बनी है जो 25,000 के अहम सपोर्ट के निर्णायक ब्रेकडाउन को दर्शाती है. यह बाजार के लिए अच्छा संकेत नहीं है. डेली चार्ट पर लोअर टॉप्स और लोअर बॉटम्स का नेगेटिव पैटर्न अब भी बना हुआ है और मौजूदा कमजोरी एक नए लोअर बॉटम के गठन की ओर इशारा कर रही है, जिसकी अभी पुष्टि होना बाकी है.
निफ्टी के लिए ये लेवल रहेंगे अहम
शेट्टी के मुताबिक, आने वाले सत्रों में निफ्टी के लिए सपोर्ट और रेजिस्टेंस लेवल बेहद अहम रहेंगे. उन्होंने बताया कि निफ्टी के अगले सपोर्ट 24,500–24,400 के स्तर पर देखे जा रहे हैं जबकि ऊपर की ओर 24,900–25,000 का जोन तत्काल रेजिस्टेंस के रूप में काम करेगा.
इसे भी पढ़ें: सिर्फ 0.02% STT से कितना कमा लेती है सरकार, हर ट्रेडिंग पर मिलता इतना पैसा, जानकर हो जाएंगे हैरान
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.




