TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

NSDL और 2 अन्य शेयरों का लॉक-इन पीरियड सोमवार को होगा खत्म, फोकस में रहेंगे ये स्टॉक, जानें डिटेल्स

एनएसडीएल, श्री लोटस डेवलपर्स और एम एंड बी इंजीनियरिंग के शेयरों का लॉक-इन पीरियड 3 नवंबर को खत्म हो रहा है. एनएसडीएल के ₹870 करोड़ मूल्य के शेयर ट्रेडिंग के लिए खुलेंगे. शेयर अभी भी आईपीओ मूल्य ₹800 से 45% ऊपर हैं. अन्य दो कंपनियों के शेयर भी ट्रेडिंग के लिए एलिजबल होंगे. सोमवार को ये स्टॉक फोकस में रहेंगे.

शेयरों का लॉक-इन पीरियड Image Credit: canva

नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (NSDL), श्री लोटस डेवलपर्स एंड रियल्टी लिमिटेड और एम एंड बी इंजीनियरिंग लिमिटेड के शेयर सोमवार यानी 3 नवंबर को निवेशकों के लिए फोकस में रहेंगे क्योंकि इन कंपनियों के शेयरों का लॉक-इन पीरियड सोमवार को समाप्त हो रहा है. यह जानकारी नुवामा अल्टरनेटिव एंड क्वांटिटेटिव रिसर्च की रिपोर्ट में दी गई है. लॉक-इन पीरियड समाप्त होने का मतलब यह नहीं होता कि शेयरधारक तुरंत अपने शेयर बेच देंगे. इसका अर्थ केवल इतना है कि वे शेयर अब ट्रेडिंग के लिए एलिजबल हो गए हैं. वास्तविक बिक्री या ट्रेडिंग इस पर निर्भर करेगी कि शेयरधारक बाजार की स्थिति और अपने निवेश उद्देश्यों के आधार पर क्या निर्णय लेते हैं.

NSDL

लॉक-इन पीरियड समाप्त होने के बाद भारत की सबसे बड़ी डिपॉजिटरी कंपनी एनएसडीएल के लगभग 75 लाख शेयर अब ट्रेडिंग के लिए एलिजबल हो जाएंगे. यह संख्या कंपनी की कुल इक्विटी का करीब 4 प्रतिशत है. मौजूदा बाजार मूल्य के आधार पर ये शेयर लगभग 870 करोड़ रुपये के मूल्य के हैं जो अब बाजार में ट्रेड किए जा सकते हैं. एनएसडीएल के शेयर अभी भी अपने आईपीओ मूल्य 800 रुपये से ऊपर कारोबार कर रहे हैं. लिस्टिंग के बाद शुरुआती सत्रों में इस स्टॉक ने 1,425 रुपये का उच्च स्तर छुआ था, हालांकि इसके बाद इसमें हल्की गिरावट दर्ज की गई. शुक्रवार के कारोबार में एनएसडीएल के शेयर 1.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,158.55 रुपये पर बंद हुए लेकिन यह अब भी अपने आईपीओ प्राइस से लगभग 45 प्रतिशत ऊपर बना हुआ है. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि कंपनी की मजबूत वित्तीय स्थिति और निवेशकों के भरोसे के कारण स्टॉक में स्थिरता बनी रह सकती है, भले ही लॉक-इन पीरियड समाप्ति के बाद कुछ शार्ट टर्म में उतार-चढ़ाव देखने को मिले.

श्री लोटस डेवलपर्स एंड रियल्टी लिमिटेड

श्री लोटस डेवलपर्स एंड रियल्टी लिमिटेड के लगभग 79 लाख शेयर या कंपनी की कुल इक्विटी का 2 प्रतिशत हिस्सा अब ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएगा. इन शेयरों का तीन महीने की लॉक-इन पीरियड सोमवार को समाप्त हो रहा है. मौजूदा बाजार मूल्य के हिसाब से इन शेयरों का कुल मूल्य करीब 144 करोड़ रुपये है. यह स्टॉक अपने आईपीओ मूल्य से अब तक लगभग 22 प्रतिशत ऊपर कारोबार कर रहा है.

एम एंड बी इंजीनियरिंग लिमिटेड

वहीं, एम एंड बी इंजीनियरिंग लिमिटेड के करीब 38 लाख शेयर, जो कंपनी की कुल इक्विटी का लगभग 7 प्रतिशत हिस्सा हैं. ये भी सोमवार से बाजार में ट्रेडिंग के लिए एलिजबल होंगे क्योंकि इनका भी लॉक इन पीरियड खत्म हो रहा है. इन शेयरों का मौजूदा बाजार मूल्य करीब 172 करोड़ रुपये के आसपास है.

इसे भी पढ़ें: मधुसूदन केला के पोर्टफोलियो के इन 7 शेयरों ने FY26 में अब तक दिया छप्परफाड़ रिटर्न, इस स्टॉक में ली फ्रेश एंट्री, लगाए ₹120 करोड़

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.