Reliance Power Q3 Results: मुनाफे में आई 40% से ज्यादा की गिरावट, रेवेन्यू घटने से बढ़ा दबाव
रिलायंस पावर को दिसंबर 2025 तिमाही में झटका लगा है. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 40 फीसदी से ज्यादा घटकर 25.11 करोड़ रुपये रह गया, जबकि इस दौरान कुल आय में भी गिरावट दर्ज की गई.
RPower Q3 Result: रिलायंस पावर ने अपने तिमाही नतीजे को शुक्रवार 30 जनवरी को जारी किया. Q3 रिजल्ट के अनुसार, रिलायंस पावर को दिसंबर 2025 तिमाही में मुनाफे के मोर्चे पर बड़ा झटका लगा है. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 40 फीसदी से ज्यादा घटकर 25.11 करोड़ रुपये रह गया. मुनाफे में यह गिरावट मुख्य रूप से कम रेवेन्यू की वजह से दर्ज की गई.
नेट प्रॉफिट भी हुआ कम
एक्सचेंज को दी गई जानकारियों के मुताबिक, पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही यानी दिसंबर 2024 में कंपनी ने 41.95 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया था जो इस बार टूटकर कम हो गया. इस दौरान कंपनी की कुल आय भी घटी है. दिसंबर 2025 तिमाही में रिलायंस पावर की कुल आय 1,949.78 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले इसी अवधि में 2,159.44 करोड़ रुपये थी.
रिलायंस पावर के मुनाफे पर दबाव क्यों बढ़ा?
हालांकि वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर–दिसंबर) में रिलायंस पावर के कुल खर्चों में सालाना आधार पर 12 फीसदी की गिरावट आई और ये घटकर 1849 करोड़ रुपये रह गए (पिछले साल इसी अवधि में 2109 करोड़ रुपये थे), लेकिन इसके बावजूद कंपनी के मुनाफे पर दबाव बना रहा. इसकी सबसे बड़ी वजह टैक्स खर्च में तेज उछाल रहा. तिमाही के दौरान कंपनी पर कुल टैक्स खर्च 75.02 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में टैक्स का बोझ सिर्फ 7.93 करोड़ रुपये था. टैक्स देनदारी बढ़ने से शुद्ध मुनाफा प्रभावित हुआ. जहां तक खर्चों में कमी की बात है, तो इसकी प्रमुख वजह फाइनेंसिंग कॉस्ट (ब्याज खर्च) में गिरावट और ईंधन पर होने वाले खर्च में कमी रही. इन दोनों कारणों से कुल खर्च घटे, लेकिन भारी टैक्स खर्च ने इसका फायदा काफी हद तक खत्म कर दिया.
क्या है शेयर का हाल?
रिलायंस पावर का शेयर शुक्रवार, 30 जनवरी को 1.65 फीसदी की तेजी के साथ 28.26 रुपये पर बंद हुआ था. हालांकि, पिछले कुछ महीने से कंपनी के शेयर काफी दबाव में कारोबार कर रहे हैं. पिछले 1 महीने में स्टॉक का भाव 17 फीसदी के आस पास तक टूटा है. वहीं, 6 महीने के दौरान इसमें तकरीबन 50 फीसदी की गिरावट आई है. हालांकि, लॉन्ग टर्म में स्टॉक ने अच्छा रिटर्न दिया है. 3 साल के दौरान इसमें 126 फीसदी और 5 साल में 746 फीसदी का रिटर्न दिया है. कंपनी का मार्केट कैप 11,497 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. स्टॉक अपने 52 वीक हाई (76.49 रुपये) से काफी नीचे ट्रेड कर रहा है.
यह भी पढ़ें- इस सब्सिडियरी कंपनी को रेलवे से मिला ₹433 करोड़ का ऑर्डर, KAVACH सिस्टम की है जिम्मेदारी; 1365% चढ़ चुका है भाव
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
Stocks to Watch: Coal India, Muthoot Finance, ONGC समेत इन शेयरों पर रहेगी सबकी नजर, दिखेगा तगड़ा एक्शन!
इस स्मॉलकैप कंपनी में मुकुल अग्रवाल का दांव, खरीद रखे हैं 1000000 शेयर, दिखा ग्रोथ का दम, क्या डेटा सेंटर बूम का मिलेगा फायदा
Q3 रिजल्ट में Coal India को हुआ घाटा, फिर भी कंपनी ने किया डिविडेंड का ऐलान; रिकॉर्ड डेट तय
