Q4FY26 में इन 4 कंपनियों ने दिखाया दम, EPS में 322% तक की बढ़ोतरी, मुनाफा 338% उछला, रखें नजर

Q4FY26 के नतीजों में कई भारतीय कंपनियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निवेशकों का ध्यान आकर्षित किया है. इंफ्रास्ट्रक्चर, रिन्यूएबल एनर्जी, एनर्जी स्टोरेज और फिनटेक सेक्टर की कंपनियों ने मुनाफे और प्रति शेयर आय (EPS) में जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की है.

High EPS Stocks : भारत में Q4FY26 के कॉर्पोरेट नतीजों के दौरान कई कंपनियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. खासकर इंफ्रास्ट्रक्चर, रिन्यूएबल एनर्जी और एनर्जी स्टोरेज सेक्टर की कंपनियों ने मुनाफे और प्रति शेयर आय (EPS) में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की है. बेहतर ऑपरेशन कैपिसिटी, मजबूत मांग और किफायती लागत के चलते इन कंपनियों के नतीजे निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. आइए जानते हैं तीन ऐसी कंपनियों के बारे में जिनके EPS में 100 फीसदी से अधिक की तिमाही बढ़ोतरी दर्ज की गई.

Cemindia Projects Ltd: मुनाफा और EPS दोगुने से ज्यादा बढ़े

Cemindia Projects Ltd देश की प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर और सिविल इंजीनियरिंग कंपनियों में से एक है. कंपनी समुद्री इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरपोर्ट, हाईवे, पुल, सुरंग, बांध और अन्य बड़े निर्माण कार्यों में सेवाएं प्रदान करती है. कंपनी का मार्केट कैप करीब 19,148 करोड़ रुपये है.

Q4FY26 में कंपनी का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा. कंपनी की आय 31 फीसदी बढ़कर 3,066 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो पिछली तिमाही में 2,339 करोड़ रुपये थी. वहीं EBITDA 61 फीसदी बढ़कर 358 करोड़ रुपये हो गया, जिससे परिचालन दक्षता में सुधार देखने को मिला.

कंपनी का नेट प्रॉफिट 118 फीसदी बढ़कर 242 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछली तिमाही में 111 करोड़ रुपये था. इसके साथ ही EPS भी 6.46 रुपये से बढ़कर 14.10 रुपये हो गया, जो 118 फीसदी की वृद्धि दर्शाता है.

Suzlon Energy Ltd: विंड एनर्जी की मजबूत खिलाड़ी

Suzlon Energy Ltd भारत की टॉप रिन्यूएबल एनर्जी कंपनियों में शामिल है. कंपनी विंड टरबाइन निर्माण, ऑपरेशन और मेंनटेनेंस से संबंधित सर्विस और विंड एनर्जी प्रजेक्ट के डेवलपमेंट का काम करती है.

कंपनी का मार्केट कैप लगभग 75,443 करोड़ रुपये है और हाल ही में इसका शेयर 55.31 रुपये पर बंद हुआ. मार्च तिमाही में कंपनी के रेवेन्यू में लगभग 30 फीसदी की तेजी आई है, जो 4,259 करोड़ रुपये से बढ़कर 5,521 करोड़ रुपये हो गया. साथ ही मुनाफे में 150 फीसदी से अधिक की तेजी के बाद कंपनी का प्रॉफिट 1,114 करोड़ रुपये रही. EPS में 148 फीसदी की धमाकेदार तेजी आई है, जो 0.33 रुपये से बढ़कर 0.82 रुपये पहुंच गया.

Amara Raja Energy & Mobility Ltd

Amara Raja Energy & Mobility Ltd, जिसे पहले Amara Raja Batteries के नाम से जाना जाता था, भारत की प्रमुख एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशन कंपनियों में से एक है. कंपनी ऑटोमोटिव और इंडस्ट्रियल बैटरियों के साथ-साथ लिथियम-आयन बैटरी पैक का निर्माण करती है.

कंपनी का मार्केट कैप करीब 15,562 करोड़ रुपये है. Q4FY26 में कंपनी की आय केवल 3.47 फीसदी बढ़कर 3,563 करोड़ रुपये रही, जबकि EBITDA में भी सिर्फ 1 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 377 करोड़ रुपये पर पहुंच गया.

हालांकि, कंपनी के नेट प्रॉफिट में जबरदस्त उछाल देखने को मिला. नेट प्रॉफिट 152 करोड़ रुपये से बढ़कर 314 करोड़ रुपये हो गया, जो 124 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी है. इसी अवधि में EPS भी 112 फीसदी उछल कर 8.29 रुपये से 17.61 रुपये पहुंच गया.

Intellect Design Arena Ltd: EPS में 322% की शानदार बढ़ोतरी

Intellect Design Arena Ltd एक ग्लोबल फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी (फिनटेक) कंपनी है, जो डिजिटल बैंकिंग, लेंडिंग, ट्रेजरी, इंश्योरेंस और कैपिटल मार्केट से जुड़े सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन प्रदान करती है. कंपनी दुनिया भर के बैंकों और वित्तीय संस्थानों को डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन में मदद करती है. इसका मार्केट कैप लगभग 10,437 करोड़ रुपये है.

Q4FY26 में कंपनी ने शानदार तिमाही प्रदर्शन दर्ज किया. कंपनी का रेवेन्यू 17.48 फीसदी बढ़कर 884 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो पिछली तिमाही में 753 करोड़ रुपये थी. वहीं EBITDA में 83 प्रतिशत की मजबूत बढ़ोतरी हुई और यह 100 करोड़ रुपये से बढ़कर 183 करोड़ रुपये हो गया.

कंपनी का नेट प्रॉफिट 338 फीसदी की जोरदार छलांग लगाकर 27.4 करोड़ रुपये से बढ़कर 120 करोड़ रुपये पहुंच गया. इसके साथ ही EPS 2.04 रुपये से बढ़कर 8.61 रुपये हो गया, जो 322.1 फीसदी की बढ़ोतरी को दर्शाता है.

यह भी पढ़ें : 4 साल में 1 लाख रुपये को बना दिया लगभग 50 लाख, इस कंपनी ने 4890% से ज्यादा दिया रिटर्न; निवेशक रखें नजर

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.