4 साल में 1 लाख रुपये को बना दिया लगभग 50 लाख, इस कंपनी ने 4890% से ज्यादा दिया रिटर्न; निवेशक रखें नजर

Kesar India ने पिछले 4 वर्षों में निवेशकों को 4,890 फीसदी का शानदार रिटर्न देकर मल्टीबैगर स्टॉक की पहचान बनाई है. अप्रैल 2021 में 24.63 रुपये पर कारोबार करने वाला शेयर जून 2026 में 1,229 रुपये तक पहुंच गया. इस दौरान 1 लाख रुपये का निवेश बढ़कर लगभग 50 लाख रुपये हो गया.

मल्टीबैगर स्टॉक Image Credit: money9live.com

Multibagger Stock: शेयर बाजार में मल्टीबैगर रिटर्न देने वाले स्टॉक्स हमेशा निवेशकों के आकर्षण का केंद्र रहते हैं. खासकर जब कोई कंपनी कुछ ही वर्षों में निवेशकों की छोटी पूंजी को कई गुना बढ़ा दे, तो बाजार की नजरें उस पर टिक जाती हैं. ऐसा ही एक रियल एस्टेट स्टॉक इन दिनों चर्चा में है, जिसने महज 4 वर्षों में निवेशकों को करीब 4,890 फीसदी का रिटर्न देकर चौंका दिया है. हम बात कर रहे हैं Kesar India Ltd की, जिसके शेयर ने अप्रैल 2021 से जून 2026 के बीच जबरदस्त तेजी दिखाई है. कंपनी का शेयर जहां 30 अप्रैल 2021 को करीब 24.63 रुपये के स्तर पर था, वहीं 5 जून 2026 को बढ़कर 1,229 रुपये तक पहुंच गया. इस दौरान शेयर में लगभग 4,890 फीसदी की उछाल दर्ज की गई है.

1 लाख रुपये का निवेश बन गया करीब 50 लाख

Kesar India के शेयर में आई इस तेजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यदि किसी निवेशक ने 4 साल पहले इस कंपनी में 1 लाख रुपये का निवेश किया होता, तो उसकी निवेश राशि आज बढ़कर लगभग 49.9 लाख रुपये हो गई होती. पिछले एक वर्ष में भी कंपनी के शेयर ने 94 फीसदी से अधिक का रिटर्न दिया है. वर्तमान में यह शेयर अपने 52-सप्ताह के उच्च स्तर 1,287 रुपये से करीब 4 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा है.

क्या करती है कंपनी

Kesar India रियल एस्टेट डेवलपमेंट सेक्टर में सक्रिय है. कंपनी आवासीय परियोजनाओं, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, औद्योगिक भवनों, फैक्ट्री, वर्कशॉप और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के विकास का काम करती है. कंपनी का मुख्य फोकस तेजी से विकसित हो रहे नागपुर रियल एस्टेट बाजार पर है. इसके अलावा कंपनी कई आवासीय और कमर्शियल प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है. वर्ष 2003 में स्थापित यह कंपनी 2022 में शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी.

Q4 में कैसा रहा प्रदर्शन

वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में कंपनी ने सालाना आधार पर मजबूत प्रदर्शन किया है. Q4 FY26 में कंपनी का रेवेन्यू 84.8 करोड़ रुपये रहा, जो Q4 FY25 के 40.6 करोड़ रुपये की तुलना में 109 फीसदी अधिक है. इसी अवधि में कंपनी का EBITDA 3.18 करोड़ रुपये से बढ़कर 20 करोड़ रुपये हो गया, जो 530 फीसदी की बढ़ोतरी दिखाता है. वहीं, नेट प्रॉफिट 1.60 करोड़ रुपये से बढ़कर 14.5 करोड़ रुपये पहुंच गया. यानी कंपनी ने 809 फीसदी की शानदार मुनाफा बढ़ोतरी दर्ज की है. EPS भी 0.65 रुपये से बढ़कर 5.09 रुपये हो गया, जिसमें 683 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली.

मजबूत प्रोजेक्ट पाइपलाइन से बढ़ीं उम्मीदें

Trade Brains की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के पास वर्तमान में 29 प्रोजेक्ट्स की मजबूत पाइपलाइन है. इन परियोजनाओं का कुल Gross Development Value (GDV) 5,100 करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है. कंपनी ने हाल ही में नागपुर के MIHAN-SEZ क्षेत्र में करीब 4 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया है, जिसकी संभावित विकास क्षमता लगभग 600 करोड़ रुपये आंकी गई है.

इसके अलावा Hingna और Sumthana क्षेत्रों में भी बड़े भूमि अधिग्रहण किए गए हैं, जिनसे आने वाले वर्षों में मजबूत रेवेन्यू की संभावना है. कंपनी ने मुंबई के Byculla क्षेत्र में लगभग 160 करोड़ रुपये का EPC कॉन्ट्रैक्ट भी हासिल किया है, जिससे प्रमुख शहरी बाजारों में उसकी मौजूदगी और मजबूत हुई है.

यह भी पढ़ें: तेल संकट के दौर में भारत के लिए खुशखबरी, रूस ने कहा- जारी रहेगी सप्लाई; जंग के बीच राहत!