Suzlon Energy Q3 Results: तीसरी तिमाही में मुनाफा 15% बढ़ा, रेवेन्यू में 42% की उछाल; EBITDA 739 करोड़ रुपये पहुंचा
Suzlon Energy Q3 Results में कंपनी ने मजबूत फाइनेंशियल परफॉर्मेंस दर्ज की. तीसरी तिमाही में नेट प्रॉफिट 14.83 फीसदी बढ़कर 445.28 करोड़ रुपये रहा. रेवेन्यू 42.42 फीसदी उछलकर 4,228.18 करोड़ रुपये पहुंच गया है. EBITDA 739 करोड़ रुपये रहा और EBITDA मार्जिन 17.5 फीसदी पर पहुंच गया है.
Suzlon Energy Q3 Results: भारत की प्रमुख रिन्यूएबल एनर्जी सॉल्यूशंस कंपनी Suzlon Energy ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही के रिजल्ट जारी कर दिए हैं. 31 दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 14.83 फीसदी की बढ़त के साथ 445.28 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 387.76 करोड़ रुपये रहा था. बेहतर डिलीवरी, मजबूत ऑर्डर बुक और ऑपरेशनल एफिशिएंसी में सुधार के चलते कंपनी के फाइनेंशियल रिजल्ट मजबूत हुआ है.
रेवेन्यू और ऑपरेशनल परफॉर्मेंस मजबूत
तीसरी तिमाही में कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 42.42 फीसदी बढ़कर 4,228.18 करोड़ रुपये रहा. एक साल पहले इसी अवधि में यह 2,968.81 करोड़ रुपये था. EBITDA के मोर्चे पर भी कंपनी ने दमदार प्रदर्शन किया. तिमाही के दौरान EBITDA 739 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही में करीब 500 करोड़ रुपये था. इस तरह EBITDA में 47.8 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. EBITDA मार्जिन भी 16.8 फीसदी से बढ़कर 17.5 फीसदी हो गया.
रिकॉर्ड डिलीवरी और मजबूत कैश पोजीशन
Suzlon Energy ने Q3 में अब तक की सबसे ज्यादा क्वार्टरली डिलीवरी दर्ज की है. कंपनी ने 617 मेगावाट की रिकॉर्ड डिलीवरी की, जो उसके 30 साल के इतिहास में सबसे अधिक है. इसके साथ ही कंपनी के पास इस समय 2.4 गीगावाट के प्रोजेक्ट्स एग्जीक्यूशन स्टेज में हैं. कैश फ्लो की बात करें तो 31 दिसंबर 2025 तक कंपनी की नेट कैश पोजीशन 1,556 करोड़ रुपये रही.
पावर और विंड सेक्टर में तेज ग्रोथ की उम्मीद
कंपनी के अनुसार आने वाले वर्षों में देश की पावर डिमांड लगभग तीन गुना बढ़कर 4,490 TWh तक पहुंच सकती है. वहीं रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में करीब 10 गुना बढ़त के साथ 1,600 TWh तक पहुंचने की संभावना जताई गई है. Suzlon का मानना है कि विंड एनर्जी सेक्टर, कुल पावर सेक्टर की तुलना में तेज गति से आगे बढ़ेगा. अनुमान के मुताबिक विंड पावर में करीब 10 फीसदी सीएजीआर से ग्रोथ होकर यह 400 गीगावाट तक पहुंच सकता है, जबकि कुल पावर सेक्टर में ग्रोथ दर करीब 5 फीसदी रहने की उम्मीद है.
मैनेजमेंट का बयान और ऑर्डर बुक
Suzlon Group के CEO जेपी चलसानी ने कहा कि तिमाही के अंत में कंपनी का क्लोजिंग ऑर्डर बुक 6.4 गीगावाट रहा. उन्होंने बताया कि कंपनी की बैलेंस्ड EPC स्ट्रैटेजी तेजी से आगे बढ़ रही है और 2028 तक EPC बिजनेस में करीब 50 फीसदी हिस्सेदारी हासिल करने का लक्ष्य है. मौजूदा तिमाही में EPC शेयर 20 फीसदी से बढ़कर 27 फीसदी हो गया है. इसके अलावा 25 गीगावाट से अधिक की प्रोजेक्ट डेवलपमेंट पाइपलाइन कंपनी की भविष्य की ग्रोथ को सपोर्ट कर रही है.
कैसा है शेयर का हाल
गुरुवार को Suzlon Energy के शेयर में गिरावट देखने को मिली. कंपनी का शेयर 3.86 फीसदी गिरकर 47.85 रुपये पर पहुंच गया. वहीं बीते एक सप्ताह में इसमें 0.56 फीसदी की गिरावट आई है, जबकि एक महीने में शेयर करीब 11 फीसदी टूट चुका है. बेहतरीन रिजल्ट के बाद अब निवेशकों की नजरें शुक्रवार को इस पर टिकी रहने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: कार लोन चुका दिया फिर भी RC में बैंक का नाम? Parivahan Portal से अब ऑनलाइन हटाएं हाइपोथिकेशन; ये है पूरी प्रक्रिया
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.




