साइबर स्टॉक हैं निवेश का नया ‘पावर हाउस’! इन 4 डिजिटल सिक्योरिटी शेयरों पर टिकी है दिग्गजों की नजर
साइबर सुरक्षा अब महज एक तकनीकी जरूरत नहीं, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन चुकी है. 2026 तक $248 बिलियन का संभावित खर्च यह बताता है कि निवेशक अब इस सेक्टर को 'डिफेंसिव ग्रोथ' के रूप में देख रहे हैं. भारतीय कंपनियों का ग्लोबल पेमेंट और AI सुरक्षा में बढ़ता दखल इन्हें लंबी अवधि के पोर्टफोलियो के लिए आकर्षक बनाता है.
Best Cybersecurity Stocks India: आज के दौर में कुछ सेक्टर ऐसे होते हैं जो ‘अच्छे’ से ‘अनिवार्य’ बन जाते हैं. कभी इंटरनेट और स्मार्टफोन के साथ ऐसा हुआ था, और आज वही मोड़ साइबर सुरक्षा (Cybersecurity) के सामने है. साल 2024 की वो तस्वीरें शायद ही कोई भूला हो, जब ‘क्राउडस्ट्राइक’ (CrowdStrike) के एक छोटे से आउटेज ने दुनिया भर के अस्पतालों, एयरलाइंस और बैंकों का चक्का जाम कर दिया था. करीब 5 अरब डॉलर का नुकसान हुआ, लेकिन इसने निवेशकों को डराया नहीं, बल्कि एक कड़ा सबक दिया, कि बिना सुरक्षा के डिजिटल दुनिया अधूरी है. आज जब डीपफेक और एआई (AI) के जरिए हमले 250% की रफ्तार से बढ़ रहे हैं, तब इस सेक्टर में पैसा लगाना मजबूरी नहीं, बल्कि एक समझदारी भरा लॉन्ग-टर्म फैसला दिख रहा है.
अनुमान है कि 2026 तक दुनिया भर में साइबर सुरक्षा पर खर्च 248 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा. अगर आप भी इस उभरते बाजार का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो भारतीय शेयर बाजार की इन 4 कंपनियों को अपनी वॉचलिस्ट में जरूर शामिल करें.
- R.S. Software
कोलकाता स्थित यह कंपनी मुख्य रूप से इलेक्ट्रॉनिक भुगतान उद्योग (Electronic Payment Industry) के लिए सॉफ्टवेयर समाधान मुहैया कराती है. वीजा इंक (Visa Inc.) के साथ अनुबंध खत्म होने के बाद, कंपनी ने खुद को पूरी तरह बदल लिया है. अब इनका फोकस केवल सर्विस तक सीमित नहीं है, बल्कि ये खुद के डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म और नेटवर्क तैयार कर रहे हैं.
- ताकत: कंपनी ने 10 देशों में UPI के एकीकरण (Integration) का काम किया है. NPCI के साथ क्रॉस-बॉर्डर ट्रांजैक्शन में इनकी भूमिका अहम है.
- परफॉर्मेंस: पिछले 3 सालों में कंपनी की सेल्स 28% की सालाना दर (CAGR) से बढ़ी है. सबसे बड़ी बात यह है कि कंपनी घाटे से उबरकर अब मुनाफे में आ गई है.
- भविष्य की राह: हालिया प्रोजेक्ट्स में देरी की वजह से कुछ सुस्ती जरूर दिखी है, लेकिन मैनेजमेंट का मानना है कि सरकारी स्तर पर होने वाले डिजिटल पेमेंट आधुनिकीकरण का सबसे बड़ा फायदा इन्हें ही मिलेगा.

लंबे वक्त से कंपनी का शेयर दबाव में था, लेकिन हाल के वक्त में इसमें रिकवरी देखने को मिल रही है. बीते एक महीने में कंपनी के शेयर 20 फीसदी के करीब मुनाफा दे रहे हैं. मौजूदा वक्त में शेयर की कीमत 34 रुपये है.
- Expleo Solutions
एक्सप्लिओ सॉल्यूशंस बैंकिंग, डिफेंस और ऑटोमोटिव जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को साइबर सुरक्षा और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की सेवाएं देती है. 2021 में इन्होंने फ्रांसीसी दिग्गज ‘TEHTRIS’ के साथ साझेदारी की, जिसने इनकी तकनीकी क्षमता को और मजबूत किया है.
- ताकत: कंपनी का सेल्स ग्रोथ पिछले 5 सालों में 31% CAGR रहा है, जो इसकी मजबूती को दर्शाता है. इनका औसत रिटर्न ऑन इक्विटी (ROE) 20% के आसपास है.
- रणनीति: कंपनी अब अमेरिका और मध्य पूर्व (Middle East) जैसे बाजारों पर फोकस कर रही है. साथ ही, ये एआई (AI) सेवाओं को एक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं ताकि प्रतिद्वंदियों से आगे रह सकें.

बीते एक महीने में कंपनी के शेयरों ने सात फीसदी के करीब मुनाफा दिया है. मौजूदा वक्त में शेयरों की कीमत 773 रुपये है
- Sasken Technologies
बेंगलुरु की यह कंपनी सेमीकंडक्टर, ऑटोमोटिव और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे उद्योगों को डिजिटल सेवाएं देती है. जब डेटा की मात्रा बढ़ती है, तो साइबर हमले का खतरा भी बढ़ता है, और यही सास्केन का मुख्य कार्यक्षेत्र है.
- ताकत: यह कंपनी 90 से अधिक कंज्यूमर डिवाइस मॉडल्स के लिए सुरक्षा प्रबंधन करती है. इनके पास एक ‘सिक्योर साइबर मेश’ है जो क्लाउड प्लेटफॉर्म पर डेटा को हर स्तर पर सुरक्षित रखता है.
- विस्तार: सास्केन केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है; यह 5G, मशीन लर्निंग और ब्लॉकचेन जैसी भविष्य की तकनीकों पर भी काम कर रही है. हालांकि पिछले कुछ समय में मुनाफे में थोड़ी कमी आई है, लेकिन फॉर्च्यून 500 ग्राहकों के साथ इनके लंबे रिश्ते भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत हैं.

बीते एक महीने में कंपनी के शेयरों ने लगातार रफ्तार पकड़ी है. एक महीने में निवेशकों को इससे 24 फीसदी का मुनाफा मिला. कंपनी के मौजूदा शेयरों की कीमत 1,264 रुपये है.
- Quick Heal Technologies
क्विक हील का नाम भारत के हर घर में जाना जाता है. 1995 में एक एंटी-वायरस कंपनी के रूप में शुरू हुई यह कंपनी अब 360-डिग्री साइबर सुरक्षा समाधान प्रदाता बन चुकी है. इनके ‘Seqrite’ जैसे प्रोडक्ट्स कॉरपोरेट जगत में काफी लोकप्रिय हैं.
- बाजार की पकड़: भारत के आईटी सुरक्षा बाजार में इनका दबदबा है और ये 50 से अधिक देशों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
- चुनौती और अवसर: पिछले 5 सालों में कंपनी के मुनाफे में गिरावट देखी गई है (1 अरब रुपये से गिरकर 5 करोड़ रुपये तक). लेकिन, कंपनी हार मानने को तैयार नहीं है.
- लक्ष्य: क्विक हील का लक्ष्य 2027 तक अपने मार्केट साइज को 18 अरब रुपये से बढ़ाकर 40 अरब रुपये करना है. इसके लिए वे नए कस्टमर सेगमेंट और आधुनिक प्रोडक्ट्स पर भारी निवेश कर रहे हैं.

क्विक हील के एक महीने रिटर्न की बात करें तो इसने 17 फीसदी के लगभग रिटर्न दिया है. स्टॉक की मौजूदा कीमत 168 रुपये है.
साइबर सुरक्षा अब कोई विकल्प नहीं, बल्कि हर कंपनी के लिए एक बुनियादी जरूरत है. जैसे-जैसे एआई एजेंट्स हमारे 40% काम संभालने लगेंगे, हमले के खतरे और बढ़ेंगे. एक निवेशक के तौर पर आपको केवल सेक्टर की चमक नहीं देखनी चाहिए. किसी भी स्टॉक में पैसा लगाने से पहले कंपनी के फंडामेंटल्स, गवर्नेंस और वैल्युएशन की अपनी स्तर पर जांच जरूर करें. ये चार नाम आपकी रिसर्च की शुरुआत के लिए बेहतरीन पायदान हो सकते हैं.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
Q4 नतीजों से पहले FMCG शेयरों में तेजी, इंडेक्स 2.5 फीसदी चढ़ा; HUL बना निफ्टी का टॉप गेनर
निफ्टी टूटा, स्मॉलकैप डूबे… लेकिन इस कंपनी ने चुपचाप कमाए करोड़ों, 5 साल में दिया 3618% रिटर्न
अक्षय तृतीया के बाद गोल्ड ETF में जबरदस्त तेजी, 61 फीसदी तक रिटर्न; जानें आगे का आउटलुक
