इस तारीख को लॉन्च हो सकता है iPhone 17e, लीक हुई डिटेल्स; 54 हजार रुपये हो सकती है शुरुआती कीमत

Apple इस फोन में ज्यादा ताकतवर A19 चिप दे सकता है. यह वही चिप मानी जा रही है जो कंपनी के महंगे मॉडल में भी इस्तेमाल हो रही है. रिपोर्ट के मुताबिक यह प्रोसेसर पुराने वर्जन से करीब 40 प्रतिशत तेज हो सकता है. इसमें 16 कोर वाला न्यूरल इंजन भी होगा, जिससे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े काम जल्दी होंगे और बैटरी की खपत भी कम हो सकती है.

iPhone 17e Image Credit: Money 9 Live

iPhone 17e: Apple जल्द ही अपना नया बजट फ्रेंडली स्मार्टफोन लॉन्च कर सकता है. टेक बाजार में लगातार चर्चा चल रही है कि कंपनी 2026 की शुरुआत में iPhone 17e पेश कर सकती है. हालांकि कंपनी ने अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन रिपोर्ट्स में इसके फीचर्स और कीमत को लेकर कई अहम बातें सामने आ रही हैं.

कहा जा रहा है कि नया फोन ज्यादा ताकतवर प्रोसेसर, बेहतर नेटवर्क चिप और तेज वायरलेस चार्जिंग के साथ आ सकता है. अच्छी खबर यह है कि इन अपग्रेड के बावजूद इसकी कीमत बढ़ने की संभावना नहीं जताई जा रही है. यही वजह है कि यह फोन खासतौर पर उभरते बाजारों और बिजनेस यूजर्स के लिए काफी आकर्षक साबित हो सकता है.

प्रोसेसर और नेटवर्क में बड़ा बदलाव

ब्लूमबर्ग के जानेमाने पत्रकार Mark Gurman ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि Apple इस फोन में ज्यादा ताकतवर A19 चिप दे सकता है. यह वही चिप मानी जा रही है जो कंपनी के महंगे मॉडल में भी इस्तेमाल हो रही है. रिपोर्ट के मुताबिक यह प्रोसेसर पुराने वर्जन से करीब 40 प्रतिशत तेज हो सकता है. इसमें 16 कोर वाला न्यूरल इंजन भी होगा, जिससे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े काम जल्दी होंगे और बैटरी की खपत भी कम हो सकती है.

इसके साथ ही Apple अपने नए फोन में लेटेस्ट इनहाउस मॉडेम भी दे सकता है. कहा जा रहा है कि इसमें C1X नाम का नया चिप लगाया जाएगा, जो पहले सितंबर 2025 में लॉन्च हुए iPhone Air में देखा गया था. कंपनी के दावे के अनुसार यह मॉडेम पुराने मॉडल के मुकाबले दो गुना तेज नेटवर्क स्पीड दे सकता है और ज्यादा पावर एफिशिएंट भी होगा.

वायरलेस चार्जिंग में सुधार

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि iPhone 17e में वायरलेस चार्जिंग को और बेहतर बनाया जा सकता है. पुराने मॉडल में सिर्फ Qi स्टैंडर्ड सपोर्ट करता था, जिसकी स्पीड करीब 7.5 वॉट थी. अब नए फोन में MagSafe तकनीक दी जा सकती है, जिससे 25 वॉट तक की फास्ट वायरलेस चार्जिंग संभव हो सकती है. इससे यह फोन Apple के बाकी प्रीमियम मॉडल के काफी करीब आ जाएगा.

कीमत और लॉन्च को लेकर क्या संकेत

जहां फीचर्स में बदलाव की बात हो रही है, वहीं कीमत को लेकर राहत भरी खबर है. रिपोर्ट के अनुसार iPhone 17e की शुरुआती कीमत 599 डॉलर यानी करीब 54 हजार रुपये रह सकती है. डिजाइन भी ज्यादा बदला हुआ नहीं होगा. यह अभी साफ नहीं है कि बेस स्टोरेज को बढ़ाया जाएगा या नहीं.

इसे भी पढ़ें- इस सेक्टर में भयानक सेलिंग का प्रेशर! टूट रहे ये शेयर, क्या आज भी आएगी बिकवाली की आंधी?