Samsung Galaxy AI में बड़ा बदलाव, अब एक नहीं कई AI एजेंट मिलकर करेंगे काम, Perplexity AI भी होगा शामिल
Samsung ने Galaxy AI की नई रणनीति पेश की है, जिसमें AI अब ऐप तक सीमित नहीं रहेगा. कंपनी मल्टी-एजेंट AI सिस्टम पर काम कर रही है, जिससे अलग-अलग AI मिलकर यूजर के रोजमर्रा के काम आसान बनाएंगे. Perplexity AI को भी Galaxy डिवाइसे में शामिल किया जाएगा.
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को रोजमर्रा की जिंदगी का आसान हिस्सा बनाने की दिशा में Samsung ने बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने अपनी Galaxy AI रणनीति के अगले चरण का खुलासा किया है, जिसमें AI को एक बंद सिस्टम की बजाय ओपन और मल्टी-एजेंट इकोसिस्टम के रूप में पेश किया गया है. Samsung का कहना है कि Galaxy AI अब ऐप्स तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे ऑपरेटिंग सिस्टम के स्तर पर काम करेगा, ताकि यूजर को कम मेहनत में ज्यादा काम हो सके.
एक AI नहीं, कई AI एजेंट्स का साथ
Samsung का कहना है कि हालिया रिसर्च बताती है कि आज लगभग 80 फीसदी यूजर अलग-अलग कामों के लिए एक से ज्यादा AI टूल्स का इस्तेमाल करते हैं. कोई सर्च के लिए AI यूज करता है, तो कोई रिमाइंडर, कंटेंट या प्लानिंग के लिए. इसी बदलाव को देखते हुए Samsung अब Galaxy AI को इस तरह विकसित कर रहा है कि यूजर एक ही AI पर निर्भर न रहें, बल्कि अपनी जरूरत के हिसाब से अलग-अलग AI एजेंट्स का इस्तेमाल कर सकें.
Galaxy AI बनेगा सबका कोऑर्डिनेटर
Samsung के मुताबिक Galaxy AI का रोल अब “ऑर्केस्ट्रेटर” का होगा, यानी यह अलग-अलग AI एजेंट्स को जोड़कर एक सहज अनुभव देगा. Samsung के मोबाइल एक्सपीरियंस बिजनेस के प्रेसिडेंट वॉन-जून चोई के अनुसार, Galaxy AI का मकसद अलग-अलग AI क्षमताओं को एक नैचुरल और एक साथ काम करने वाले सिस्टम में बदलना है.
Samsung ने साफ किया है कि Galaxy AI ऐप-लेवल AI नहीं है. यूजर को बार-बार ऐप बदलने या एक ही कमांड दोहराने की जरूरत नहीं पड़ेगी. सिस्टम खुद यूजर के कॉन्टेक्स्ट को समझेगा और बैकग्राउंड में काम करेगा. इससे अनुभव ज्यादा स्मूद और नेचुरल बनेगा.
यह भी पढ़ें: अब Netflix से भिड़े ट्रंप, कंपनी को दिया अल्टीमेटम; बोर्ड मेंबर सुसन राइस पर बड़ा हमला, जानें कौन हैं ये महिला
Perplexity AI के साथ साझेदारी
Samsung ने बताया कि Perplexity AI को भी Galaxy AI इकोसिस्टम में शामिल किया जाएगा. आने वाले फ्लैगशिप Galaxy डिवाइस में यूजर “Hey Plex” वेक फ्रेज या साइड बटन के जरिए Perplexity AI को एक्टिव कर सकेंगे. यह AI Samsung Notes, Calendar, Reminder, Gallery और Clock जैसे ऐप्स में भी इंटीग्रेट होगा.
इस नए सिस्टम के जरिए यूजर बिना ऐप बदले जानकारी ढूंढ सकेंगे, नोट्स सेव कर सकेंगे, रिमाइंडर सेट कर सकेंगे और अपने शेड्यूल को बेहतर तरीके से मैनेज कर सकेंगे. Samsung का मानना है कि भविष्य AI का नहीं, बल्कि AI के तालमेल का है. Galaxy AI उसी दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.
