₹15000 के फोन में भी AI, Samsung Galaxy A सीरीज फोन में भी बिल्ड करेगा स्मार्ट टेक्नोलॉजी
Samsung भारत में स्मार्टफोन बाजार की तस्वीर बदलने की तैयारी में है. कंपनी AI फीचर्स को ₹15,000 की शुरुआती कीमत वाले स्मार्टफोन्स तक ले जा रही है. Galaxy A सीरीज के विस्तार, छोटे शहरों में रिटेल निवेश और आसान फाइनेंस विकल्पों के जरिए Samsung AI फोन को आम उपभोक्ताओं तक पहुंचाना चाहती है.
स्मार्टफोन अब सिर्फ कॉल और कैमरे तक सीमित नहीं रहे. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस धीरे-धीरे मोबाइल का सबसे अहम फीचर बनता जा रहा है. इसी बदलते ट्रेंड को देखते हुए Samsung ने भारत में बड़ा दांव खेलने की तैयारी कर ली है. कंपनी अब AI को सिर्फ प्रीमियम फोन तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि इसे एंट्री-लेवल स्मार्टफोन्स तक पहुंचाने की रणनीति पर काम कर रही है. Samsung का मानना है कि आने वाले समय में “AI फोन” ही स्मार्टफोन इंडस्ट्री की पहचान होंगे.
एंट्री-लेवल फोन्स में AI
Samsung इंडिया के MX बिजनेस के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राजू पुल्लन ने पीटीआई के हवाले से कहा कि कंपनी AI फीचर्स को ₹15,000 की शुरुआती कीमत वाले स्मार्टफोन्स तक ले जा रही है. हाल ही में लॉन्च हुआ Galaxy A07 5G इसका उदाहरण है, जिसमें रोजमर्रा के काम आसान बनाने वाले AI फीचर्स दिए गए हैं. कंपनी का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को AI टेक्नोलॉजी से जोड़ना है, ताकि स्मार्टफोन का इस्तेमाल और बेहतर हो सके.
जब एंट्री-लेवल फोन्स में AI देने की लागत और मार्जिन को लेकर सवाल पूछा गया, तो Samsung ने साफ कहा कि उसका फोकस उपभोक्ता को बेहतर वैल्यू देने पर है. इसके लिए कंपनी अलग-अलग टेक्नोलॉजी पार्टनर्स और प्लेटफॉर्म्स के साथ काम कर रही है, ताकि कम कीमत में भी बेहतर फीचर्स दिए जा सकें.
Galaxy A सीरीज पर बड़ा भरोसा
Samsung भारत में अपनी Galaxy A सीरीज को तेजी से विस्तार दे रही है. कंपनी का दावा है कि वह 2026 में भारत में Galaxy A सीरीज के 100 मिलियन यूनिट्स की बिक्री का आंकड़ा पार कर लेगी. AI फीचर्स को इस सीरीज में शामिल करना इस लक्ष्य को हासिल करने की अहम वजह माना जा रहा है.
Samsung सिर्फ प्रोडक्ट पर ही नहीं, बल्कि रिटेल नेटवर्क पर भी बड़ा निवेश कर रही है. कंपनी टियर-II और टियर-III शहरों में अपने स्टोर्स और ‘एक्सपीरियंस पॉइंट्स’ बढ़ा रही है. आने वाले समय में देशभर के 10,000 से ज्यादा स्टोर्स में Galaxy फोन्स के लिए खास टेक एक्सपीरियंस जोन होंगे. साथ ही ‘Finance Plus’ के जरिए आसान फाइनेंस विकल्प भी दिए जा रहे हैं, ताकि महंगे फोन भी ज्यादा लोगों की पहुंच में आ सकें.
हर प्राइस सेगमेंट में मौजूद रहने की तैयारी
Samsung का मानना है कि ₹45,000 से कम कीमत वाला मिड-सेगमेंट अब बेहद प्रतिस्पर्धी हो चुका है. इसके बावजूद कंपनी हर प्राइस रेंज में अलग-अलग फीचर्स और डिजाइन के साथ मौजूद रहना चाहती है. Galaxy S26 की लॉन्चिंग को Samsung स्मार्टफोन इंडस्ट्री में “AI युग की शुरुआत” मान रही है.
Counterpoint के आंकड़ों के मुताबिक, 2025 की दिसंबर तिमाही में भारत के स्मार्टफोन शिपमेंट मार्केट में Samsung की हिस्सेदारी 13% रही, जबकि Apple 12% पर रहा. वहीं Vivo और Oppo जैसे चीनी ब्रांड्स अभी भी बाजार में आगे हैं. इसके बावजूद Samsung को भरोसा है कि AI पर जोर उसे आने वाले सालों में मजबूत बनाएगा.
