फ्लाइट में सीट चुनते वक्त न करें ये 6 गलतियां, वरना सफर बनेगा परेशानी भरा; इन बातों का रखें ध्यान

फ्लाइट में आरामदायक सफर सिर्फ टिकट बुक करने से नहीं, बल्कि सही सीट चुनने से भी तय होता है. अगर आप इन 6 आम गलतियों से बचते हैं, तो आपकी यात्रा ज्यादा सुविधाजनक और तनावमुक्त हो सकती है. थोड़ी सी जानकारी और सही समय पर फैसला आपके पूरे ट्रैवल एक्सपीरियंस को बेहतर बना सकता है.

फ्लाइट टिकट Image Credit: GettyImages

हवाई यात्रा की प्लानिंग में टिकट बुक करना जितना आसान होता है, सही सीट चुनना उतना ही अहम होता है. कई यात्री इस स्टेप को नजरअंदाज कर देते हैं, जिसका असर पूरे सफर के अनुभव पर पड़ता है. सीट की पोजिशन, एयरक्राफ्ट का लेआउट और सही समय पर चेक-इन जैसे छोटे फैसले भी आपकी यात्रा को आरामदायक या परेशानी भरा बना सकते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं वो कौन सी गलतियां है.

एयरलाइन पर सीट छोड़ देना

कई लोग सीट खुद चुनने के बजाय एयरलाइन को सीट अलॉट करने देते हैं, जो दिखने में आसान लगता है. लेकिन अक्सर इसमें मिडिल सीट, वॉशरूम के पास या ज्यादा आवाज और मूवमेंट वाली सीट मिलती है. इससे सफर असहज हो सकता है. इसलिए टिकट बुक करते समय सीट मैप देखकर बेहतर विकल्प चुनना जरूरी है.

देर से चेक-इन करना

अगर आप देर से चेक-इन करते हैं, तो अच्छी सीट मिलने के चांस कम हो जाते हैं. आमतौर पर एयरलाइंस फ्लाइट से करीब 24 घंटे पहले चेक-इन खोलती हैं और उस समय कुछ बेहतर सीट्स भी उपलब्ध होती हैं. देर करने पर विकल्प सीमित रह जाते हैं.

ऐसी सीट चुनना जिनमें छुपी कमियां हों

कुछ सीट्स दिखने में अच्छी लगती हैं, लेकिन उनमें नुकसान भी होता है. जैसे एग्जिट रो में लेगरूम ज्यादा होता है, लेकिन सीट कम रिक्लाइन होती है और आर्मरेस्ट फिक्स हो सकता है. वहीं आखिरी रो की सीट्स में रिक्लाइन कम होता है और वहां ज्यादा शोर रहता है.

एयरक्राफ्ट टाइप चेक न करना

हर विमान का लेआउट अलग होता है. एक ही सीट अलग-अलग एयरक्राफ्ट में अलग अनुभव दे सकती है. इसलिए सीट चुनने से पहले विमान का मॉडल और उसका लेआउट देख लेना फायदेमंद रहता है.

बेहतर सीट के लिए पूछना भूल जाना

कई लोग मान लेते हैं कि एक बार सीट मिल गई तो उसे बदला नहीं जा सकता. लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता. चेक-इन काउंटर या बोर्डिंग गेट पर पूछने से कभी-कभी बेहतर सीट या अपग्रेड मिल सकता है. जो यात्री नहीं पूछते, वे इस मौके को खो देते हैं.

सीट मैप को ध्यान से न देखना

सीट मैप में कई जरूरी जानकारियां होती हैं, जैसे सीट का वॉशरूम के पास होना, कम रिक्लाइन होना या सीट का डिजाइन अलग होना. कुछ विंडो सीट्स में असल में विंडो भी नहीं होती. अगर यात्री इन डिटेल्स को नजरअंदाज करते हैं, तो उन्हें फ्लाइट में सरप्राइज मिल सकता है.

इसे भी पढ़ें- अचानक पूरे भारत में क्यों बजने लगे मोबाइल में सायरन? क्या सरकार ने भेजा इमरजेंसी मैसेज या कुछ और बड़ा?