क्रिप्टो से मालामाल हुए Trump, 365 दिन में हुई ₹11400 करोड़ की कमाई; राष्ट्रपति बनने के बाद दोगुनी हुई नेटवर्थ
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई वित्तीय रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल ट्रंप ने अपने क्रिप्टो कारोबार से करीब 1.2 अरब डॉलर की कमाई की, जिससे उनकी कुल संपत्ति में बड़ा इजाफा हुआ. इस दौरान उनकी क्रिप्टो कंपनियों ने रिकॉर्ड आय दर्ज की, जबकि इन टोकन और मीम कॉइन में निवेश करने वाले कई निवेशकों को भारी नुकसान झेलना पड़ा.
Donal Trump Net Worth: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से जारी एक वित्तीय खुलासे में सामने आया है कि पिछले साल उनकी सबसे बड़ी कमाई क्रिप्टो कारोबार से हुई. रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिप्टो से हुई आय ने उनके पारंपरिक रियल एस्टेट कारोबार को भी पीछे छोड़ दिया. हालांकि, जिन क्रिप्टो टोकन और मीम कॉइन से ट्रंप की कंपनियों ने बड़ी कमाई की, उनकी कीमत बाद में काफी गिर गई, जिससे निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा. फोर्ब्स का अनुमान है कि ट्रंप की कुल संपत्ति 2024 के 2.3 बिलियन डॉलर से बढ़कर 6 बिलियन डॉलर हो गई है. यानी राष्ट्रपति बनने के बाद उनके नेटवर्थ दोगुनी हुई.
क्रिप्टो कारोबार से हुई सबसे ज्यादा कमाई
Economic Times की एक रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप के क्रिप्टो कारोबार से पिछले साल करीब 1.2 अरब डॉलर ( लगभग ₹11,400 करोड़, 1$ = ₹95) की कमाई हुई. उनकी कंपनी World Liberty Financial ने गवर्नेंस टोकन बेचकर 50 करोड़ डॉलर से अधिक कमाए. वहीं CIC Digital LLC ने ट्रंप की तस्वीर वाले मीम कॉइन बेचकर 60 करोड़ डॉलर से ज्यादा की कमाई की. यह आय उनके कई पुराने कारोबारों से भी अधिक रही.
निवेशकों को हुआ नुकसान
ट्रंप की कंपनियों ने जिन क्रिप्टो टोकन और मीम कॉइन की बिक्री से बड़ी कमाई की, उनकी कीमत बाद में तेजी से गिर गई. ट्रंप के मीम कॉइन की कीमत लॉन्च के बाद 74 डॉलर से ऊपर पहुंची थी, लेकिन अब यह करीब 0.0006029 डॉलर पर आ गई है. इसी तरह वर्ल्ड लिबर्टी के टोकन की कीमत भी कारोबार शुरू होने के बाद लगभग 80 प्रतिशत तक गिर चुकी है. 1 जुलाई की सुबह यह 0.05861 डॉलर पर कारोबार कर रहा है.
विदेशों में भी बढ़ा ट्रंप का कारोबार
क्रिप्टो के अलावा ट्रंप के रियल एस्टेट कारोबार में भी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली. संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, रोमानिया, कतर और वियतनाम में होटल, रिसॉर्ट और अन्य प्रोजेक्ट्स से उन्हें करोड़ों डॉलर की आमदनी हुई. रिपोर्ट के मुताबिक, इन देशों में ट्रंप के नए प्रोजेक्ट्स ने उनके अंतरराष्ट्रीय कारोबार को और मजबूत किया.
ट्रंप ब्रांड वाले उत्पादों से भी करोड़ों की कमाई
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि ट्रंप ने अपने नाम से बिकने वाले कई उत्पादों से भी अच्छी कमाई की. ट्रंप ब्रांड की घड़ियां, बाइबल, जूते और अन्य सामान की बिक्री से उन्हें लाखों डॉलर की आय हुई. सिर्फ ट्रंप ब्रांड की घड़ियों की बिक्री से ही लगभग 47 लाख डॉलर की कमाई दर्ज की गई.
उठे सवाल, व्हाइट हाउस ने किया बचाव
ट्रंप के कारोबार और राष्ट्रपति पद के बीच संभावित हितों के टकराव को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं. आलोचकों का कहना है कि सरकारी नीतियों का फायदा उनके निजी कारोबार को मिल रहा है. हालांकि, व्हाइट हाउस का कहना है कि ट्रंप ने अपने कारोबार का प्रबंधन अपने बेटों को सौंप रखा है और वे राष्ट्रपति के तौर पर केवल देशहित में फैसले लेते हैं. वहीं ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन का भी दावा है कि उसके विदेशी सौदे निजी कंपनियों के साथ हुए हैं, किसी सरकार के साथ नहीं.
Latest Stories
अगले साल भारत आ सकते हैं डोनाल्ड ट्रंप, लास्ट स्टेज में है ट्रेड डील; अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो का बड़ा बयान
होर्मुज में फिर भड़की जंग की चिंगारी, USA ने ईरान पर किया हमला, कार्गो शिप पर अटैक का लिया बदला
अमेरिकी नागरिकता लेना होगा महंगा, ट्रंप प्रशासन ने 75% फीस बढ़ाने का दिया प्रस्ताव; इन भारतीयों पर सबसे ज्यादा असर
